दर्दनाक हादसा; 200 मीटर गहरी खाई में गिरी ऑल्टो कार; 4 की मौत
मनाली : हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थल मनाली में रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा विश्व प्रसिद्ध रोहतांग टनल के नजदीक रानीनाला के पास हुआ, जहां एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

जानकारी के अनुसार, ऑल्टो कार (नंबर HP-01K-7850) में कुल पांच लोग सवार थे। कार के पास रोहतांग जाने के लिए वैध परमिट भी मौजूद था। रानीनाला के पास पहुंचते ही कार अचानक पलट गई और सीधे गहरी खाई में समा गई। हादसा इतना भयानक था कि चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मनाली थाने से पुलिस की टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हो गई। पुलिस के अनुसार, हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुट गई है।









