
जानें पंजाब में किस जगह लॉ कॉलेज में छात्र ने छात्रा को गोली मार कर उतारा मौत के घाट,तुरंत ही खुद को मार की खुदकुशी…

मृत छात्रा की पहचान 20 वर्षीय संदीप कौर के रूप में हुई है, जो नौशहरा पन्नुआं की रहने वाली थी। वहीं आरोपी युवक का नाम प्रिंस राज सिंह बताया जा रहा है, जो गांव मालियां का निवासी था। घटना के समय वह भी इसी कॉलेज का छात्र बताया जा रहा है।
गोली चलने की आवाज सुनते ही कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई। क्लासरूम में मौजूद अन्य छात्राएं जान बचाकर बाहर की ओर भागीं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे कॉलेज को सील कर दिया गया। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और आगे की जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। घटना की खबर मिलते ही संदीप कौर के परिजन भी कॉलेज पहुंच गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी युवक पिस्टल लेकर कॉलेज पहुंचा था और सीधे क्लासरूम में दाखिल हो गया। उसने पहले छात्रा के सिर में गोली मारी, इसके बाद हथियार को दोबारा लोड कर अपनी कनपटी पर सटाकर फायर कर लिया। घटना के बाद क्लासरूम में खून फैल गया, जिससे वहां मौजूद छात्राएं दहशत में आ गईं।
इस घटना ने कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह जांच का विषय बना हुआ है कि युवक हथियार लेकर कॉलेज परिसर तक कैसे पहुंच गया और सुरक्षा कर्मियों ने उसे क्यों नहीं रोका।
घटना के बाद कॉलेज परिसर में भय का माहौल है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मामले की जांच में जुटी हुई हैं। उधर, मृतका का परिवार न्याय की मांग कर रहा है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का आरोप है कि कॉलेज प्रशासन की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि घटना के बाद कॉलेज का प्रशासनिक स्टाफ मौके से गायब है, जिससे संदेह और सवाल और गहरे हो गए हैं।
पुलिस का कहना है कि हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और घटना के पीछे की पूरी सच्चाई जल्द सामने लाई जाएगी।
परिजनों ने कॉलेज सुरक्षा पर उठाए सवाल
घटना की सूचना मिलने के बाद कॉलेज पहुंचे छात्र-छात्राओं के परिजनों ने कॉलेज प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि कॉलेज में सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं हैं और किसी ने यह जांच नहीं की कि छात्र हथियार लेकर अंदर कैसे प्रवेश कर गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि छात्रा की मां को पहले फोन पर केवल यह कहा गया कि बेटी को चोट लगी है और जल्द कॉलेज पहुंचें। मौके पर पहुंचने पर उन्हें सच्चाई का पता चला कि छात्रा को गोली मारी गई है। परिजनों ने कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मृत छात्रा की मां हरजिंदर कौर ने बताया कि उनकी बेटी सुबह सामान्य रूप से कॉलेज गई थी और किसी विवाद की उन्हें कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि कॉलेज से फोन कर सिर्फ इतना बताया गया कि बेटी को गंभीर चोट लगी है। जब वे कॉलेज पहुंचीं, तब तक उनकी बेटी की मौत हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि आरोपी युवक तरनतारन का रहने वाला बताया जा रहा है और घटना स्थल से पिस्टल भी बरामद हुई है।











