जानें किस जगह पर फैक्ट्री में हुई गैस लीक, बाप-बेटे समेत 3 की मौत, कई कर्मचारी हुए बेहोश
लुधियाना- पंजाब के औद्योगिक शहर लुधियाना में एक फैक्ट्री में हुए दर्दनाक हादसे ने तीन परिवारों को उजाड़ दिया। पाना-चाबी निर्माण से जुड़ी एक फैक्ट्री में अचानक जहरीली गैस फैलने से बाप-बेटे समेत तीन मजदूरों की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि कई अन्य श्रमिक बेहोश हो गए। कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज अस्पताल में जारी है।
कुछ ही मिनटों में फैली मौत की गैस
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फैक्ट्री में रात की शिफ्ट के दौरान सामान्य रूप से काम चल रहा था। इसी बीच एक पाइपलाइन से गैस का रिसाव शुरू हो गया। देखते ही देखते जहरीली गैस पूरे कार्यस्थल में फैल गई। गैस का असर इतना तेज था कि कई मजदूरों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।
मजदूरों ने आंखों में तेज जलन, सांस लेने में दिक्कत और घुटन की शिकायत की। कुछ ही देर में कई श्रमिक फैक्ट्री के भीतर ही बेहोश होकर गिर पड़े।
मलबा उठाने गए थे पिता-पुत्र, लौटे नहीं घर
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान मान सिंह, उनके बेटे अमित और श्री राम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मान सिंह और अमित मशीनों के नीचे जमा मलबे को ट्रॉली में भरने का काम कर रहे थे। इसी दौरान वे जहरीली गैस की चपेट में आ गए। अमित विवाहित था और उसकी करीब डेढ़ वर्ष की एक बेटी है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।











