MBD WEB NEWS

कश्मीर जाने के लिए वंदे भारत बनी पहली पसंद, वैष्णो देवी से सीधा श्रीनगर पहुंच रहे टूरिस्ट; 10 दिनों तक सीटें फुल

कश्मीर जाने के लिए वंदे भारत बनी पहली पसंद, वैष्णो देवी से सीधा श्रीनगर पहुंच रहे टूरिस्ट; 10 दिनों तक सीटें फुल

श्रीनगर : कश्मीर घाटी को देश की राजधानी दिल्ली और शेष भारत से सीधे रेल संपर्क देने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस अब कश्मीर की “लाइफलाइन” बनती जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 6 जून को श्रीनगर से दिल्ली तक इस ऐतिहासिक रेल सेवा का उद्घाटन किया गया था, और इसके ठीक अगले दिन यानी 7 जून से इसका नियमित संचालन शुरू हुआ।

 रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, पिछले सात दिनों में 15 हजार से अधिक यात्रियों ने इस सुविधा का लाभ उठाया है। 550 सीटों की क्षमता वाली इस ट्रेन में अगले 10 दिन तक सभी सीटें फुल बुक हैं। यात्रियों की सुविधा, समय की बचत और आरामदायक सफर को देखते हुए लोग जम्मू-श्रीनगर हाईवे की बजाय ट्रेन से यात्रा करना ज्यादा पसंद कर रहे हैं।

रेल अधिकारी सिकंदर अहमद ने बताया कि अब तक सफर करने वाले यात्रियों में से लगभग तीन हजार पर्यटक थे, जिनमें से अधिकांश माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए कटड़ा आए थे। उन्होंने बताया कि यात्रियों की ओर से किसी भी प्रकार की कोई शिकायत नहीं मिली है और रेल सेवा समय पर और सुरक्षित तरीके से चल रही है।

हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद कश्मीर में पर्यटन उद्योग को भारी नुकसान हुआ था। होटलों की बुकिंग में 90 प्रतिशत तक की गिरावट देखी गई, जबकि हवाई यात्रा की बुकिंग में भी करीब 45 प्रतिशत की कमी आई थी। इस संकट के बीच वंदे भारत ट्रेन और प्रधानमंत्री का कश्मीर दौरा एक सकारात्मक संदेश लेकर आया है।

यह सेवा अब कश्मीर में सुरक्षा और स्थिरता का प्रतीक बनकर उभरी है, जिससे पर्यटकों का विश्वास दोबारा लौटने लगा है। स्थानीय कारोबारियों और टूरिज्म इंडस्ट्री को उम्मीद है कि यह रेल सेवा घाटी की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में अहम भूमिका निभाएगी।