MBD WEB NEWS

ऑपरेशन सिंदूर के बाद अब भारत की पाकिस्तान के खिलाफ होगी डिप्लोमेटिक स्ट्राइक…

ऑपरेशन सिंदूर के बाद अब भारत की पाकिस्तान के खिलाफ होगी डिप्लोमेटिक स्ट्राइक…

नई दिल्ली – 6-7 मई की रात जब पूरी दुनिया सो रही थी, उस समय भारतीय सेना पाकिस्‍तान के आतंकी ठिकानों को तबाह करने में जुटी थी। 30 मिनट के ऑपरेशन में इंडियन आर्मी ने 9 आतंकी ठिकानों को जमींदोज कर दिया। वहीं, अब पाकिस्तान के नापाक हरकतों का भारत दुनियाभर में बेनकाब करने जा रहा है। इस कड़ी में अब सर्वदलीय सांसदों के 7 डेलिगेशन 32 देशों की यात्रा कर आतंक परस्त मुल्क की पोल खोलेंगे और भारत के ऑपरेशन सिंदूर के बारे में दुनिया को जानकारी देंगे। इन डेलिगेशन में अलग-अलग राजनीतिक दलों के सांसद, पूर्व मंत्री और पूर्व राजदूत शामिल हैं। इन सांसदों की विदेश यात्रा से पहले विदेश सचिव विक्रम मिसरी पूरे डेलिगेशन को ब्रीफ करेंगे।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक सांसदों के 7 डिलिगेशन अलग-अलग देशों की यात्रा पर जाएंगे। इससे पहले विक्रम मिसरी दो चरणों में सांसदों को ब्रीफ करेंगे। संसद भवन में पहले चरण की बीफ्रिंग 20 मई को होगी और इस दौरान श्रीकांत शिंदे, कनिमोझी और संजय झा की अगुवाई वाले तीन अलग-अलग डेलिगेशन को ब्रीफ किया जाएगा। इसके बाद ये तीन ग्रुप 21 से 23 मई के बीच विदेश दौरा करेंगे। दूसरे चरण की ब्रीफिंग 23 मई को होगी और इसमें सुप्रिया सुले, बैजयंत पांडा, रविशंकर प्रसाद और शशि थरूर की अगुवाई वाले चार अलग-अलग डेलिगेश को विक्रम मिसरी ब्रीफ करेंगे। इसके बाद ये ग्रुप 23 से 25 मई के बीच विदेश दौरा करेगा। कांग्रेस सांसद शशि थरूर की अगुवाई में सांसदों का डेलिगेशन अमेरिका, पनामा, गुयाना, कोलंबिया और ब्राजील की यात्रा करेगा। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी विक्रम मिसरी लगातार सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह के साथ प्रेस ब्रीफिंग कर रहे थे। इस पूरे ऑपरेशन के बारे में देश को विस्तार से बताने और पाकिस्तान के हर झूठ को बेनकाब करने की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। ऐसे में विदेश जाने वाले सांसदों को ब्रीफ कर वह भारत का अधिकारिक स्टैंड उनके सामने रखेंगे, ताकि विदेश में सातों डेलिगेशन हर मुद्दे पर खुलकर चर्चा कर सकें।