MBD WEB NEWS

एक ही परिवार के सात सदस्यों में रेबीज के मिले लक्षण, 1 साल पहले एक को कुत्ता काटा था 

 एक ही परिवार के सात सदस्यों में रेबीज के मिले लक्षण, 1 साल पहले एक को कुत्ता काटा था 

लुधियाना- लुधियाना जिले के जगराओं क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक ही परिवार के सात सदस्यों में रेबीज जैसे गंभीर लक्षण पाए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। सभी मरीजों को जगराओं के सिविल अस्पताल में प्राथमिक जांच के बाद गंभीर हालत को देखते हुए तुरंत पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।

एक साल पहले कुत्ते ने काटा था
प्राप्त जानकारी के अनुसार, परिवार के एक सदस्य को करीब एक वर्ष पहले कुत्ते ने काटा था। उस समय एंटी-रेबीज वैक्सीन नहीं लगवाई गई। घाव भर जाने के बाद मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया। अब हाल के दिनों में परिवार के अन्य सदस्यों में भी रेबीज से मिलते-जुलते लक्षण दिखने लगे, जिसके बाद सभी को अस्पताल लाया गया।

शेरपुरा चौक के पास रहता है परिवार
बताया जा रहा है कि यह परिवार जगराओं के शेरपुरा चौक के पास रहता है। परिवार का मुखिया एक फैक्ट्री में काम करता है। उसके साथ उसकी पत्नी, तीन बच्चे और साली के दो बच्चे रहते हैं। साली के बच्चे भी पिछले एक वर्ष से इसी घर में रह रहे थे। सातों में समान लक्षण सामने आने से संक्रमण फैलने की आशंका जताई जा रही है।

मरीजों की हालत गंभीर, लक्षण रेबीज से मिलते-जुलते
सिविल अस्पताल जगराओं की एसएमओ डॉ. गुरविंदर कौर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी सात मरीजों को अत्यधिक लार आना, बोलने में दिक्कत और बेचैनी जैसे लक्षण थे। प्रारंभिक तौर पर ये लक्षण रेबीज की ओर इशारा कर रहे थे, इसी कारण देरी किए बिना उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ भेजा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि रेबीज की अंतिम पुष्टि विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

स्वास्थ्य विभाग की अपील
स्वास्थ्य अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की है कि कुत्ते या किसी भी जानवर के काटने की स्थिति में तुरंत एंटी-रेबीज वैक्सीन लगवाएं और किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें, क्योंकि रेबीज एक जानलेवा बीमारी है।