MBD WEB NEWS

ईरान में फंसे भारतीयों को निकालने की तैयारियों में जुटी सरकार,जल्द शुरू होगा बड़ा ऑपरेशन

 ईरान में फंसे भारतीयों को निकालने की तैयारियों में जुटी सरकार,जल्द शुरू होगा बड़ा ऑपरेशन

ईरान में गहराते विद्रोह और संभावित अमेरिकी हमले के खतरे के बीच भारत ने अपने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कमर कस ली है. विदेश मंत्रालय उन भारतीयों को वापस लाने की तैयारी में है जो लौटना चाहते हैं, जिसके लिए एक विशेष ‘ऑपरेशन’ शुरू किया जाएगा.

विद्रोह, तनाव और युद्ध की आहट... ईरान में फंसे भारतीयों को निकालने की तैयारी, शुरू होगा बड़ा ऑपरेशन

ईरान में खामेनेई के खिलाफ प्रदर्शन

ईरान विद्रोह की आग से झुलस रहा है. ऐसी आशंका है कि अमेरिका किसी भी वक्त उस पर हमला कर सकता है. इस बीच भारत ने ईरान में रह रहे अपने नागरिकों को वहां से सुरक्षित निकालने के लिए बड़ी तैयारी की है. सूत्रों का कहना है किईरान में बदलते हालात को देखते हुए विदेश मंत्रालय उन भारतीय नागरिकों को वापस भारत लाने की तैयारी कर रहा है जो भारत लौटना चाहते हैं. इसके लिए सरकार ऑपरेशन शुरू करेगी. इससे पहले सरकार ने ईरान में रह रहे अपने नागरिकों से वहां उपलब्ध साधनों से निकलने और वहां की यात्रा से बचने के लिए कह चुकी है.

इस मुद्दे पर जम्मू-कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला ने विदेश मंत्री एस जयशंकर से बात की. इसे लेकर उन्होंने बताया कि ईरान में बदलते हालात को लेकर विदेश मंत्री से बात की है. उन्हें आश्वासन मिला है कि वहां फंसे जम्मू-कश्मीर के छात्रों के हितों की रक्षा के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं.

ईरान में छात्रों समेत करीब 10 हजार भारतीय

बता दें कि ईरान में पढ़ रहे जम्मू-कश्मीर के छात्रों के अभिभावकों ने केंद्र सरकार से बच्चों को वापस लाए जाने की अपील की है. अनुमान है कि छात्रों सहित करीब 10 हजार भारतीय इस समय ईरान में रह रहे हैं. उधर, ईरान में भारतीय दूतावास ने एक नई एडवाइजरी जारी कर छात्रों, व्यापारियों और पर्यटकों समेत वहां मौजूद नागरिकों से वहां से निकलने के लिए कहा है.