MBD WEB NEWS

होशियारपुर में भिड़े भाजपा और बसपा के कार्यकर्ता, पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला के मुंह पर मारा माइक..

होशियारपुर में भिड़े भाजपा और बसपा के कार्यकर्ता, पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला के मुंह पर मारा माइक..

 

 

होशियारपुर-  होशियारपुर जिले के बाड़ियां कलां गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने के विरोध में बुधवार को प्रदर्शन के दौरान भाजपा और बसपा कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया। इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा नेता विजय सांपला के चेहरे पर एक व्यक्ति ने माइक मार दिया। घटना में सांपला को चोट और खरोंचें आने की बात सामने आई है।

प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने के बाद से गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार तड़के कुछ अज्ञात लोगों ने गांव के अनाज मंडी के पास स्थापित अंबेडकर की प्रतिमा पर पत्थर फेंके थे। इससे प्रतिमा के चेहरे और हाथ की उंगली को नुकसान पहुंचा।

धरने के बीच पहुंचे भाजपा नेता
घटना की जानकारी मिलने के बाद विजय सांपला, भाजपा एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शीतल अंगुराल और होशियारपुर भाजपा जिला अध्यक्ष नीतिन गुप्ता नन्नू बुधवार सुबह करीब 11 बजे बाड़ियां कलां पहुंचे। उस समय बसपा कार्यकर्ताओं और अन्य लोगों की ओर से प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने के विरोध में धरना दिया जा रहा था। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि कुछ टिप्पणियों के बाद माहौल गर्म हो गया। सांपला ने अपना पक्ष रखने के लिए माइक लेने की कोशिश की, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।

माइक से सांपला को मारा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान एक व्यक्ति ने सांपला से माइक छीन लिया और कथित तौर पर उसी माइक से उनके चेहरे पर वार किया। अचानक हुई घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सांपला को चेहरे पर चोट और खरोंचें आने की बात कही जा रही है।

पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग किया
विवाद की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग किया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने के मामले में भी पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।

सीसीटीवी फुटेज की जांच
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने की घटना की जांच के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। सोशल मीडिया पर सामने आए घटना से संबंधित वीडियो की भी जांच की जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस ने कहा है कि जांच के आधार पर दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।