पाकिस्तान के लिए जासूसी करने वाली ज्योति उगलने लगी राज: पहलगाम हमले से पहले गई थी पाकिस्तान, ‘जट रंधावा’ कनेक्शन ने सबको चौंकाया
नई दिल्ली- हरियाणा के हिसार की रहने वाली ज्योति मल्होत्रा को पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। हिसार के पुलिस अधीक्षक (एसपी) शशांक कुमार सावन ने रविवार को इस मामले में नई जानकारियां साझा कीं। उन्होंने कहा, ‘PIOs कुछ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को रिक्रूट करने की कोशिश कर रहे हैं। हमें केंद्रीय एजेंसियों से इनपुट मिला था और हमने हिसार की रहने वाली ज्योति मल्होत्रा को गिरफ्तार किया। वो PIO के संपर्क में थी। वह कई बार पाकिस्तान और एक बार चीन जा चुकी है। हमने उसे 5 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है। उससे पूछताछ चल रही है। हम उसके वित्तीय विवरणों का विश्लेषण कर रहे हैं। संघर्ष (भारत-पाकिस्तान) के दौरान वो PIOs के संपर्क में थी।’
ऑपरेशन सिंदूर के बाद संदिग्धों की सूची में थी ज्योति
तीन बार पाकिस्तान जा चुकी ज्योति को पहलगाम आतंकी घटना और ऑपरेशन सिंदूर के बाद केंद्रीय जांच एजेंसी आईबी ने संदिग्धों की सूची में शामिल किया था। देश की खुफिया सूचनाएं साझा करने का इनपुट मिलने के बाद से ज्योति के मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट ट्रैस किए जा रहे थे।
जट रंधावा के नाम से सेव किया शाकिर का नंबर
डीएसपी ने बताया कि किसी को पता नहीं चले इसलिए ज्योति ने शाकिर का फोन नंबर अपने मोबाइल में जट रंधावा नाम से सेव किया। भारत आने के बाद वह शाकिर सहित अन्य से व्हाटसएप, स्नैप चैट, टेलीग्राम के माध्यम से संपर्क में रहने लगी और देश विरोधी सूचनाएं उन तक पहुंचाने लगी। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने दानिश को जासूसी के आरोप में वांछित घोषित कर रखा है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ज्योति मल्होत्रा को एक एसेट के तौर पर तैयार किया जा रहा था। वह दूसरे यूट्यूब इंफ्लूएंसर्स के संपर्क में थी। PIOs से भी उसके संपर्क थे। उन्होंने कहा, ‘ज्योति स्पॉन्सर्ड ट्रिप्स पर पाकिस्तान जाती थी। पहलगाम हमले से पहले वह पाकिस्तान में थी। इसे लेकर जांच चल रही है ताकि कोई संबंध स्थापित किया जा सके, अगर हो तो। हम इसकी भी जांच कर रहे हैं, क्योंकि हमारे पास सुराग हैं कि दूसरे लोग भी उसके साथ शामिल थे।’ उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो भी हैं जिनमें वह चीन जाने के लिए वीजा की मांग कर रही है। युद्ध जैसी स्थिति के समय कई सारी ऐसी जानकारियां होती हैं जो आपको बहुत छोटी लगेंगी मगर उन्हें शेयर नहीं किया जाना चाहिए।









