MBD WEB NEWS

हैदराबाद के मशहूर न्यूरोसर्जन की जिंदा जलकर हुई दर्दनाक मौत, डिवाइडर से टकराते ही कार में लगी भीषण आग..

 हैदराबाद के मशहूर न्यूरोसर्जन की जिंदा जलकर हुई दर्दनाक मौत,

डिवाइडर से टकराते ही कार में लगी भीषण आग..

 

हैदराबाद : तेलंगाना के सूर्यापेट जिले से रविवार की सुबह एक दिल सड़क हादसे की खबर सामने आई है। खम्मम-हैदराबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए एक भीषण हादसे में हैदराबाद के जाने-माने न्यूरोसर्जन डॉ. कसाकुर्ती जगदीश की अपनी ही लग्जरी वोल्वो कार में जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिसके बाद वाहन में अचानक भयंकर आग लग गई और डॉक्टर को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला।

डिवाइडर से टकराते ही आग का गोला बनी लग्जरी वोल्वो
यह भीषण हादसा रविवार सुबह करीब 7:15 बजे खम्मम-हैदराबाद हाईवे पर सूर्यापेट के पिल्लामरी गांव के पास पेश आया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, डॉ. जगदीश अपनी वोल्वो कार से हैदराबाद जा रहे थे। अचानक गाड़ी की रफ्तार बेकाबू हो गई और वह सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि चंद सेकंड के भीतर कार में धमाके जैसी आवाज के साथ भीषण आग की लपटें उठने लगीं और पूरी गाड़ी आग के गोले में तब्दील हो गई।

दमकल के पहुंचने से पहले जलकर राख, डॉक्टर ने मौके पर तोड़ा दम
हादसे को देखकर हाईवे से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। हालांकि, आग की लपटें इतनी विकराल थीं कि जब तक दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पातीं, तब तक पूरी कार जलकर पूरी तरह खाक हो चुकी थी। अंदर फंसे डॉक्टर की दम घुटने और बुरी तरह झुलस जाने के कारण मौके पर ही मौत हो गई। बाद में कार के रजिस्ट्रेशन नंबर और तकनीकी जांच के आधार पर मृतक की शिनाख्त न्यूरोसर्जन डॉ. कसाकुर्ती जगदीश के रूप में की गई।

ड्यूटी खत्म कर परिवार से मिलने लौट रहे थे घर, झपकी आने की आशंका
डॉ. कसाकुर्ती जगदीश खम्मम स्थित ममता अस्पताल में वरिष्ठ न्यूरोसर्जन के पद पर कार्यरत थे। वे अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद रविवार को अपने परिवार से मिलने के लिए खम्मम से हैदराबाद स्थित अपने घर लौट रहे थे। पुलिस के प्राथमिक अनुमान के अनुसार, लंबी यात्रा और थकान के चलते गाड़ी चलाते समय डॉक्टर को नींद की झपकी आ गई होगी, जिसके कारण गाड़ी से नियंत्रण हट गया और यह दर्दनाक हादसा हो गया। पुलिस ने शव के अवशेषों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के अन्य तकनीकी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।