समुद्र में भारत की बढ़ती ताकत; 7 दिन में 4 हाईटेक वॉरशिप नौसेना में हुए शामिल
भारत ने अपनी समुद्री ताकत में बड़ा इजाफा किया है. एक सप्ताह में भारतीय नौसेना में 4 अत्याधुनिक स्वदेशी युद्धपोत शामिल हुए हैं. इसमें आईएनएस तारागिरी (स्टेल्थ फ्रिगेट), आईएनएस दूनागिरी, आईएनएस अग्रय (पनडुब्बी रोधी) और आईएनएस संशोधक शामिल हैं. ये जहाज ‘आत्मनिर्भर भारत’ का प्रमाण हैं और 75-80% स्वदेशी तकनीक से निर्मित हैं.
ईरान और अमेरिका में बढ़ते तनाव के बीच भारत ने अपनी समुद्री ताकत को और मजबूत कर दिया है. एक ही हफ्ते में चार अत्याधुनिक स्वदेशी जहाजों के शामिल होने से भारतीय नौसेना की क्षमता में बड़ा इजाफा हुआ है.आज विशाखापट्टनम में स्टेल्थ फ्रिगेट आईएनएस तारागिरी (F41) को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह औपचारिक रूप से कमीशन करेंगे. इससे पहले 30-31 मार्च को गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (जीआरएसई) ने तीन अन्य प्लेटफॉर्म आईएनएस दूनागिरी, आईएनएस अग्रय और आईएनएस संशोधक नौसेना को सौंपे.








