ईरान के मरकजी प्रांत में अमेरिकी वायुसेना के सबसे घातक F-35 फाइटर जेट बीच हवा में मार गिराने का किया दावा, सबूत के तौर पर जारी की मलबे की तस्वीरें
तेहरान : ईरान और अमेरिका के बीच भड़की जंग से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। ईरान की सेना ने दावा किया है कि उसने सेंट्रल ईरान के मरकजी प्रांत में अमेरिकी वायुसेना के सबसे घातक माने जाने वाले F-35 लड़ाकू विमान को मार गिराया है। यह बड़ा दावा ईरान के खातिम अल-अंबिया मुख्यालय की ओर से किया गया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, विमान के मलबे की शुरुआती जांच में उस पर ब्रिटेन के लेकनहीथ एयर बेस (Lakenheath Air Base) के निशान मिले हैं, जो यूरोप में अमेरिकी वायुसेना का एक बेहद महत्वपूर्ण मिलिट्री अड्डा है। हालांकि, इस खुफिया मिशन का असल मकसद क्या था और विमान का पायलट किस हाल में है, इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
सबूत के तौर पर जारी की मलबे की तस्वीरें, पायलट के बचने की उम्मीद कम
इस बार ईरान ने अपने दावे को सच साबित करने के लिए नष्ट हुए F-35 फाइटर जेट के टुकड़ों की कई तस्वीरें भी जारी कर दी हैं। दरअसल, ईरान ने यह कदम इसलिए उठाया है क्योंकि अमेरिका उसके पिछले दावों को लगातार सिरे से खारिज करता आ रहा है। ईरान की मेहर न्यूज़ एजेंसी ने बताया कि क्रैश के वक्त धमाका इतना भयानक था कि पायलट के लिए इजेक्ट करना (विमान से सुरक्षित बाहर निकलना) लगभग नामुमकिन था। आपको बता दें कि इससे पहले 19 मार्च को भी ईरान ने एक अमेरिकी F-35A फाइटर जेट को निशाना बनाने का वीडियो जारी किया था। हालांकि, उस वक्त विमान पूरी तरह क्रैश नहीं हुआ था और घायल पायलट ने किसी तरह मिडिल ईस्ट के एक अमेरिकी बेस पर क्षतिग्रस्त विमान की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग करा ली थी।
जंग में अमेरिका ने खोए दर्जनों विमान, दावों पर क्या बोला US कमांड?
ईरान के इस ताज़ा और बड़े दावे पर यूएस सेंट्रल कमांड (CENTCOM) की तरफ से अभी तक कोई जवाब नहीं आया है, लेकिन उसने आईआरजीसी (IRGC) के पुराने दावों को पूरी तरह गलत बताया था। इस मौजूदा युद्ध के आंकड़ों पर नजर डालें तो अमेरिका ने अब तक अपने 16 से 20 सैन्य विमान और अत्याधुनिक ड्रोन खो दिए हैं। हालांकि, इनमें से सिर्फ कुछ ही सीधे ईरानी कार्रवाई का शिकार हुए हैं, बाकी दुर्घटनाओं या ‘फ्रेंडली फायर’ (अपनों की ही गलती से फायरिंग) में तबाह हुए हैं। ईरान अब तक 9 से 12 अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिरा चुका है। जहां ईरान ने दो F-35 गिराने का दावा किया है, वहीं अमेरिका ने F-15 और F-16 जैसे अन्य विमानों के गिराए जाने की ईरानी बातों को भी खारिज किया है। इसके अलावा, अमेरिका के 3 F-15E स्ट्राइक ईगल विमान तो कुवैत के एयर डिफेंस सिस्टम द्वारा ‘फ्रेंडली फायर’ में गलती से गिराए गए हैं।










