वायुसेना के अपाचे हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, देखने के लिए उमड़ा लोगों का हुजूम,जानें पूरी खबर..
पठानकोट : पंजाब के पठानकोट में शुक्रवार दोपहर वायुसेना के एक अपाचे हेलीकॉप्टर को आपातकालीन स्थिति में उतारना पड़ा। यह घटना नंगलपुर थाने के अंतर्गत आने वाले हलेड़ गांव में हुई। अधिकारियों के अनुसार, हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग सुरक्षित रही और किसी प्रकार के जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है।

जानकारी के अनुसार, अपाचे हेलीकॉप्टर ने पठानकोट से उड़ान भरी थी, लेकिन कुछ ही देर बाद हलेड़ गांव के एक खेत में उसे उतरना पड़ा। हेलीकॉप्टर को खेत में उतरा देख बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और घटना को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाने लगे। हालांकि, वायुसेना के किसी भी अधिकारी ने आधिकारिक तौर पर इमरजेंसी लैंडिंग के कारणों पर कोई टिप्पणी नहीं की है। प्रारंभिक अनुमानों के अनुसार, तकनीकी खराबी के चलते यह कदम उठाया गया होगा।
यह घटना पिछले हफ्ते उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में हुई एक ऐसी ही घटना की याद दिलाती है। 6 जून को सहारनपुर के पास भी एक नियमित उड़ान के दौरान वायुसेना के अपाचे हेलीकॉप्टर को तकनीकी खराबी के कारण एक खुले मैदान में उतरना पड़ा था। उस घटना में भी दोनों पायलट सुरक्षित थे और किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ था।









