रूपनगर : शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के आवास के बाहर मंगलवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई जब यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस के लगाए बैरिकेड तोड़ दिए और मंत्री के घर की ओर बढ़ गए। बड़ी संख्या में पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने सरकार और मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे यूथ कांग्रेस अध्यक्ष शुभी ने मंत्री हरजोत सिंह बैंस से तत्काल इस्तीफे की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि जब तक मंत्री अपने पद से इस्तीफा नहीं देते, तब तक उनका संघर्ष और विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन कई कार्यकर्ता बैरिकेड पार कर मंत्री के आवास के बाहर तक पहुंचने में सफल रहे। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। इस दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई। वहीं, इस मामले में मंत्री हरजोत सिंह बैंस की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।








