फुटबॉल मैच के मैदान पर मौत का तांडव: लाइव मैच में गिरी आसमानी बिजली, 24 साल के खिलाड़ी की मौत, वायरल हुआ VIDEO..
बैंकॉक: दक्षिणी थाईलैंड में आयोजित एक स्थानीय फुटबॉल टूर्नामेंट के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। बारिश के बीच मैच खेलते समय अचानक मैदान पर बिजली गिरने से 24 वर्षीय फुटबॉलर सोफवान अवाए की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य खिलाड़ी घायल हो गए। हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग स्तब्ध हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मैच जारी था और खिलाड़ी तेज बारिश के बावजूद खेल रहे थे। तभी अचानक जोरदार धमाके के साथ बिजली सीधे मैदान पर गिरी, जिससे अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से झुलसे विंगर खिलाड़ी सोफवान अवाए को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
यह हादसा गोलोक एफए कप के मुकाबले के दौरान हुआ, जिसमें स्थानीय और थाई-मलेशियाई शौकिया टीमें हिस्सा ले रही थीं। मैच SAMCOLTS और अबू x नोंग सिरिन के बीच खेला जा रहा था।
वीडियो वायरल, मैच जारी रखने पर उठे सवाल
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर शोक की लहर दौड़ गई। कई लोगों ने खराब मौसम के बावजूद मैच जारी रखने के फैसले पर सवाल उठाए। एक यूजर ने लिखा कि तूफानी मौसम में खिलाड़ियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मैच तुरंत रोक दिया जाना चाहिए था। वहीं अन्य लोगों ने आयोजकों से भविष्य में ऐसे हादसों से बचने के लिए सख्त सुरक्षा नियम लागू करने की मांग की।
थाईलैंड में बिजली गिरने की घटनाएं चिंता का विषय
रिपोर्टों के मुताबिक, थाईलैंड में हर साल बिजली गिरने से कई लोगों की जान जाती है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 2020 से 2024 के बीच देश में बिजली गिरने की घटनाओं में 283 लोगों की मौत दर्ज की गई है।
फुटबॉल एसोसिएशन ने जताया शोक
घटना के बाद फुटबॉल एसोसिएशन ऑफ थाईलैंड ने सोफवान अवाए के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। एसोसिएशन ने अपने शोक संदेश में कहा कि इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं खिलाड़ी के परिवार, क्लब और सभी प्रभावित लोगों के साथ हैं। वहीं पुलिस और आपातकालीन चिकित्सा टीम ने बताया कि घायल खिलाड़ी को बचाने की हर संभव कोशिश की गई, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।









