MBD WEB NEWS

पंजाब में 25 जून से शुरू होगा घर-घर मतदाता सत्यापन अभियान: अनिंदिता मित्रा

पंजाब में 25 जून से शुरू होगा घर-घर मतदाता सत्यापन अभियान: अनिंदिता मित्रा

 

 

चंडीगढ़- पंजाब में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत मतदाता सूची के सत्यापन के लिए 25 जून से 24 जुलाई 2026 तक घर-घर जाकर गणना का कार्य शुरू किया जाएगा। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) प्रत्येक घर का दौरा कर मतदाताओं के विवरण की जांच करेंगे और गणना प्रपत्र भरवाएंगे।

इस राज्यव्यापी अभियान की तैयारियों की समीक्षा के लिए सोमवार को पंजाब की मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा की ओर से एक बैठक आयोजित की गयी। बैठक की अध्यक्षता निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त भानु प्रकाश येतुरु ने की। इसमें एसएएस नगर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, रूपनगर और शहीद भगत सिंह नगर के जिला निर्वाचन अधिकारियों ने भाग लिया। सुश्री मित्रा ने बताया कि पंजाब में पांच मंडल, 23 जिले और 117 विधानसभा क्षेत्र हैं। राज्य में कुल 24,453 मतदान केंद्र 14,664 स्थानों पर स्थापित हैं। उन्होंने कहा कि अब तक राज्य में 85.82 प्रतिशत मतदाताओं की सफल मैपिंग की जा चुकी है। उन्होंने जानकारी दी कि अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारियों (एडीईओ), निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ), चुनाव तहसीलदारों और तकनीकी कर्मचारियों के लिए राज्य स्तरीय तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है। जिला स्तर पर बीएलओ और बीएलओ पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण जारी है। मतदाता सूची संबंधी सामग्री की छपाई का कार्य भी प्रगति पर है और घर-घर सत्यापन अभियान शुरू होने से पहले इसे पूरा कर लिया जाएगा।

बैठक के दौरान वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त भानु प्रकाश येतुरु ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को मतदाता सूचियों की शुद्धता, पारदर्शिता और समावेशिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने जिला स्तर पर तैयारियों और कार्यान्वयन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि यह सुनिश्चित किया जाये कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न हो।
बैठक में बूथ लेवल अधिकारियों की भूमिका पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिये गये कि वे घर-घर जाकर सत्यापन कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करें तथा मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने में सहायता प्रदान करें। साथ ही व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को इस प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने के लिए भी कहा गया। वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त भानु प्रकाश येतुरु तीन दिवसीय पंजाब दौरे पर हैं। आगामी दो दिनों में वे मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा के साथ राज्य के अन्य जिलों की तैयारियों की भी समीक्षा करेंगे।