दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान में मासिक भंडारे का आयोजन, गुरु भक्ति पर दिया आध्यात्मिक संदेश..
MBD NEWS नूरमहल(सुमेश शर्मा) दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान में मासिक भंडारे के अवसर पर आध्यात्मिक सत्संग एवं भजन-संकीर्तन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए आध्यात्मिक प्रवचनों का श्रवण किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन साध्वी मातंगी भारती जी ने किया। इस अवसर पर साध्वी प्रगल्भा भारती जी एवं स्वामी योगेशानंद जी ने *गुरु भक्ति* विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने गुरु के प्रति श्रद्धा, समर्पण एवं निष्ठा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु का मार्गदर्शन मनुष्य को आध्यात्मिक ज्ञान प्रदान करने के साथ-साथ जीवन में सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने बताया कि गुरु के प्रति सच्ची भक्ति केवल श्रद्धा व्यक्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि गुरु की शिक्षाओं को जीवन में धारण करना भी इसका अभिन्न अंग है। गुरु का सान्निध्य मनुष्य को अज्ञानता से ज्ञान की ओर अग्रसर होने की प्रेरणा देता है। गुरु के मार्गदर्शन में व्यक्ति अपने विचारों एवं कर्मों को परिष्कृत कर जीवन को उच्च आदर्शों के अनुरूप ढाल सकता है। उन्होंने कहा कि गुरु के प्रति पूर्ण विश्वास एवं समर्पण आध्यात्मिक उन्नति के मार्ग को प्रशस्त करता है। गुरु की शिक्षाओं का अनुसरण करते हुए मनुष्य अपने जीवन में प्रेम, विनम्रता, सेवा एवं सद्भाव जैसे गुणों का विकास कर सकता है।

कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुत भजन-संकीर्तन ने उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भक्तिमय प्रस्तुतियों से संपूर्ण वातावरण आध्यात्मिक रंग में रंग गया और श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की।
मासिक भंडारे का यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक प्रेरणा प्राप्त करने तथा गुरु भक्ति के महत्व को समझने का अवसर बना।











