MBD WEB NEWS

थाईलैंड से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट टर्बुलेंस में फंसी बना अफरा तफरी का माहौल, हवा के जोरदार झटकों से कई यात्री घायल

थाईलैंड से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट टर्बुलेंस में फंसी बना अफरा तफरी का माहौल, हवा के जोरदार झटकों से कई यात्री घायल

 

 

नई दिल्ली : थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की एक उड़ान में उस वक्त भारी अफरातफरी मच गई, जब विमान अचानक खराब मौसम और टर्बुलेंस (हवा के तेज झटकों) में फंस गया। इस घटना में विमान में सवार कई यात्रियों और क्रू मेंबर्स को चोटें आई हैं। गनीमत यह रही कि पायलट की सूझबूझ से मंगलवार सुबह 8:30 बजे दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग करा ली गई। इसके तुरंत बाद घायल यात्रियों को त्वरित चिकित्सा सहायता देते हुए गुरुग्राम के मेदांता, वसंत कुंज स्थित फोर्टिस अस्पताल और स्पाइन इंजरी सेंटर में इलाज के लिए भेजा गया है। एयर इंडिया प्रबंधन ने इस पूरी घटना की आधिकारिक पुष्टि कर दी है।

हवा में हिचकोले खाने लगा विमान, सहम गए यात्री

घटना के बाद दिल्ली एयरपोर्ट से सामने आए दृश्यों में घायल यात्रियों और क्रू मेंबर्स को व्हीलचेयर और एंबुलेंस के जरिए बाहर निकालते हुए देखा गया। कई यात्रियों की आंख, हाथ और गर्दन पर चोट की वजह से पट्टियां बंधी नजर आईं। इस खौफनाक मंजर का जिक्र करते हुए एक प्रत्यक्षदर्शी यात्री ने बताया कि उड़ान के करीब डेढ़ घंटे बाद जब कई लोग सो रहे थे, तभी विमान को अचानक जोरदार झटका लगा और वह हवा में हिचकोले खाने लगा। यह सिलसिला करीब 2-3 मिनट तक चला। यात्री के दावे के मुताबिक, विमान में 100 से ज्यादा लोग सवार थे, जिनमें से बड़ी संख्या में लोग इन झटकों की वजह से घायल हुए हैं। घटना से नाराज कुछ यात्रियों ने एयर इंडिया के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की बात भी कही है।

एयर इंडिया ने कहा- स्थिति नियंत्रण में, सभी सुरक्षित

इस घटना को लेकर एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बयान जारी कर स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने बताया कि 4 अगस्त को फुकेट से दिल्ली आ रही फ्लाइट AI2379 को उड़ान के दौरान कुछ देर के लिए टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा था। हवा के झटकों के कारण उड़ते हुए विमान की ऊंचाई में अचानक बदलाव आया, लेकिन इसके बाद पायलट ने विमान को सुरक्षित रूप से दिल्ली एयरपोर्ट पर उतार लिया। एयर इंडिया ने स्पष्ट किया है कि अभी तक किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई है। मामूली रूप से घायल हुए यात्रियों और क्रू मेंबर्स को एहतियात के तौर पर एयरपोर्ट की मेडिकल टीम द्वारा तुरंत सहायता उपलब्ध कराई गई है। एयरलाइन ने जोर देकर कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा उनके लिए सर्वोपरि है और प्रभावित लोगों को हर संभव मदद दी जा रही है।