चारधाम यात्रा के दौरान बदरीनाथ से लौट रहा हेलीकॉप्टर क्रैश, सभी 6 लोगों की मौत; चाईं गांव के पास चट्टान से टकराने की आशंका
देहरादून : उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के दौरान एक दर्दनाक विमान हादसा सामने आया है। बदरीनाथ धाम से श्रद्धालुओं को लेकर देहरादून के सहस्रधारा लौट रहा एक निजी एविएशन कंपनी का हेलीकॉप्टर उड़ान भरने के करीब 15 मिनट बाद लापता हो गया, जिसके बाद उसके क्रैश होने की सूचना मिली है। इस हेलीकॉप्टर में पायलट सहित कुल 6 लोग सवार थे, जिनमें सभी पांच यात्री कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे में सभी छह लोगों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही शासन-प्रशासन में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में उत्तराखंड पुलिस, राज्य आपदा प्रतिपादन बल (SDRF), भारतीय सेना और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) की टीमों को मौके के लिए रवाना कर दिया गया है।
उड़ान भरने के 15 मिनट बाद ATC से टूटा संपर्क, चाईं गांव के पास चट्टान से टकराने की आशंका
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजकर 12 मिनट पर ट्रांस भारत एविएशन कंपनी के ‘HCX’ हेलीकॉप्टर ने बदरीनाथ धाम स्थित राज्य सरकार के हेलीपैड से देहरादून के सहस्रधारा हेलीपैड के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान के ठीक 15 मिनट बाद ज्योर्तिमठ (जोशीमठ) और बदरीनाथ के बीच स्थित दुर्गम घाटी में अचानक इसका एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) और रेडियो ट्रांसमिशन (RT) से संपर्क टूट गया।
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) के कर्मचारियों के अनुसार, रडार पर हेलीकॉप्टर की अंतिम लोकेशन जोशीमठ के चाईं गांव के ऊपर सेना कैंप के पास दर्ज की गई थी। सूत्रों की मानें तो घने बादलों और बेहद कम दृश्यता के चलते हेलीकॉप्टर के अनियंत्रित होकर किसी ऊंची चट्टान से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका जताई जा रही है।
खराब मौसम और बर्फबारी के बीच सर्च ऑपरेशन, मलबे की तलाश जारी
हादसे की सूचना के बाद प्रशासन द्वारा जोशीमठ और आसपास के ऊंचे इलाकों में तत्काल सर्च व रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। एसडीएम के नेतृत्व में राहत व बचाव दल, एसडीआरएफ और आईटीबीपी के जवान दुर्गम पहाड़ियों पर पैदल चढ़ाई कर संभावित क्रैश साइट की ओर बढ़ रहे हैं। हालांकि, इलाके में अचानक बदले मौसम, घने काले बादलों और पहाड़ियों पर हो रही हल्की बर्फबारी के कारण बचाव कार्य में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उत्तराखंड सिविल एविएशन डेवलपमेंट के सीईओ प्रतीक जैन ने बताया कि जमीनी स्तर पर तलाश तेज कर दी गई है और जैसे ही मौसम साफ होता है और दृश्यता बेहतर होती है, हवाई तलाशी के लिए रेस्क्यू हेलीकॉप्टरों को भी तुरंत मोर्चे पर लगाया जाएगा। फिलहाल अभी तक हेलीकॉप्टर का मुख्य मलबा नहीं मिल पाया है।
हेलीकॉप्टर में सवार थे पायलट समेत ये 6 लोग
लापता और दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर में सवार सभी 6 व्यक्तियों की पहचान सामने आ चुकी है। इनमें विमान के मुख्य पायलट हिमांशु शामिल हैं, जबकि अन्य पांच यात्री कर्नाटक के बेंगलुरु से बदरीनाथ धाम के दर्शन करने आए थे। यात्रियों के नाम प्रथापा, अरुण सालुंके, शंकरगौड़ा वीजी, सुधीर के और एच.एस. नागाराजा बताए गए हैं। प्रशासन ने यात्रियों के परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और घटनास्थल पर राहत अभियान पूरी मुस्तैदी से जारी है।









