खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर बढ़ती शिकायतों के बीच मैग्गी में कीड़े, KFC में गंदगी! FSSAI ने Nestlé समेत इन बड़े ब्रांड्स को भेजा नोटिस
नई दिल्ली- देश में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर बढ़ती शिकायतों के बीच भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कई बड़ी खाद्य कंपनियों और बिजनेस ऑपरेटर्स के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुई शिकायतों और उपभोक्ताओं की नाराजगी को गंभीरता से लेते हुए रेगुलेटर ने कई मामलों में नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
मैगी के पैकेट में कथित तौर पर मिले कीड़े
हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें मैगी के पैकेट के अंदर कथित तौर पर कीड़े और अन्य जीव दिखाई देने का दावा किया गया। मामले ने तूल पकड़ने के बाद FSSAI ने नेस्ले इंडिया से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। प्राधिकरण ने कंपनी से प्रभावित बैच की गुणवत्ता जांच रिपोर्ट, सप्लाई चेन से संबंधित जानकारी, वेंडर का विवरण और संबंधित उत्पादों को बाजार से हटाने के लिए उठाए गए कदमों का पूरा ब्यौरा देने को कहा है।
KFC आउटलेट पर स्वच्छता नियमों के उल्लंघन का आरोप
दूसरे मामले में आंध्र प्रदेश के एलुरु स्थित एक KFC आउटलेट को नोटिस जारी किया गया है। शिकायतों में आउटलेट पर साफ-सफाई की कमी, खाद्य पदार्थों के अनुचित रखरखाव, कचरा प्रबंधन में लापरवाही और कर्मचारियों द्वारा स्वच्छता मानकों का पालन न करने के आरोप लगाए गए हैं। FSSAI ने आउटलेट प्रबंधन से इन सभी आरोपों पर विस्तृत स्पष्टीकरण मांगा है। वहीं, संबंधित कंपनी ने कहा है कि मामले की आंतरिक जांच कराई जा रही है और नियामक संस्था को पूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
Flipkart Minutes से डिलीवर उत्पाद भी जांच के दायरे में
खाद्य सुरक्षा से जुड़ा तीसरा मामला क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म Flipkart Minutes के माध्यम से डिलीवर किए गए एक खाद्य उत्पाद से संबंधित है। एक उपभोक्ता ने सोशल मीडिया पर शिकायत करते हुए दावा किया था कि उसे मिले पैकेट में कीड़े पाए गए। शिकायत के बाद FSSAI ने संबंधित कंपनी से गुणवत्ता नियंत्रण रिकॉर्ड, उत्पाद जांच रिपोर्ट और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की जानकारी मांगी है।











