कुंड में डूब रहे इकलौते भाई को बचाने कूदीं 3 बहनें, चारों की दर्दनाक मौत; परिवार में कोहराम
धौलपुर : राजस्थान के धौलपुर जिले से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां लोकदेवता के दर्शन करने गए एक ही परिवार के चार चिराग एक साथ बुझ गए। आंगई थाना क्षेत्र के धौंध बिरजा गांव स्थित कुंड (तालाब) में डूब रहे 23 वर्षीय भाई को बचाने के चक्कर में उसकी तीन बहनें भी गहरे पानी में कूद गईं। पानी का बहाव और गहराई अधिक होने के कारण चारों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इस भीषण हादसे के बाद पूरे इलाके और गांव में सन्नाटा पसर गया है।
सेल्फी लेते वक्त फिसला पैर, भाई को बचाने पानी में कूदीं बहनें
नथुआपुरा गांव निवासी परिवार के सदस्य रक्षाबंधन के बाद पड़ने वाली दौज के अवसर पर रविवार सुबह धौंध बिरजा गांव के पास लोकदेवता हीरामन बाबा मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे। तीनों बहनें मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना करने लगीं, जबकि 23 वर्षीय भोलू उर्फ रवि पुत्र लायक सिंह पास स्थित कुंड में नहाने चला गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नहाते वक्त वह मोबाइल से सेल्फी ले रहा था, तभी अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। भाई को तड़पता देख उसकी सगी बहनें मनोरमा, बोटो और चचेरी बहन निशा बिना सोचे-समझे उसे बचाने के लिए कुंड में कूद गईं, लेकिन गहराई ज्यादा होने से चारों दलदल और पानी में समा गए।
SDRF और गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद निकाले शव
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और भारी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही सरमथुरा थाना प्रभारी कृपाल सिंह और आंगई थाना पुलिस मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एसडीआरएफ (SDRF) और स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद तीनों बहनों और अंत में युवक का शव गहरे कुंड से बाहर निकाला जा सका।
चार मौतों से परिवार उजड़ा, गांव में पसरा सन्नाटा
मृतकों की पहचान भोलू उर्फ रवि (23), उसकी सगी बहनों मनोरमा (30), बोटो (36) और चचेरी बहन निशा (21) के रूप में हुई है। ये सभी रक्षाबंधन का त्योहार मनाने अपनी रिश्तेदारी में आए हुए थे। पुलिस ने सभी शवों को सरमथुरा के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर पोस्टमॉर्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया। एक ही झटके में चार संतानों की मौत से पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।









