MBD WEB NEWS

ओंकारेश्वर में नर्मदा नदी में चलती नाव से उठने लगी आग की लपटें, यात्रियों की बाल-बाल बची जान, देखें- VIDEO

ओंकारेश्वर में नर्मदा नदी में चलती नाव से उठने लगी आग की लपटें, यात्रियों की बाल-बाल बची जान, देखें- VIDEO

 

खंडवा – मध्य प्रदेश के खंडवा जिले की धार्मिक नगरी ओंकारेश्वर में गुरुवार को नर्मदा नदी के बीच उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब यात्रियों से भरी एक नाव के पेट्रोल इंजन में अचानक आग लग गई। घटना गोमुख घाट के सामने की बताई जा रही है। नाव में सवार सभी छह यात्रियों को नाविक ने तत्काल दूसरी नाव में सुरक्षित पहुंचा दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

इंजन से उठने लगीं आग की लपटें

जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 11 बजे की है। नाव क्रमांक 198 यात्रियों को लेकर नर्मदा नदी में जा रही थी। गोमुख घाट के सामने पहुंचने के दौरान नाव में लगे होंडा कंपनी के पेट्रोल इंजन में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते इंजन से तेज लपटें उठने लगीं। आग देखकर नाव में सवार यात्रियों में दहशत फैल गई।

नाविक ने दिखाई सूझबूझ

आग लगने के बाद नाविक ने घबराने के बजाय तत्काल स्थिति को संभाला। उसने सभी छह यात्रियों को सुरक्षित दूसरी नाव में स्थानांतरित कर दिया। इसके बाद यात्रियों को सुरक्षित घाट तक पहुंचाया गया। हादसे में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।

 

पहले भी सामने आ चुकी हैं ऐसी घटनाएं

ओंकारेश्वर में नावों में आग लगने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। ब्रह्मपुरी घाट समेत अन्य घाटों पर पिछले कुछ समय में नावों में आग लगने की घटनाओं के बाद नावों की सुरक्षा और इंजन की नियमित जांच को लेकर सवाल उठते रहे हैं। नर्मदा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक नावों से आवागमन करते हैं। ऐसे में तकनीकी खराबी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।

इंजन जब्त करने के निर्देश

घटना की गंभीरता को देखते हुए नगर परिषद की सीएमओ मोनिका पारधी ने संबंधित नाव का इंजन तत्काल जब्त करने के निर्देश दिए हैं। नगर परिषद की टीम आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि आग इंजन में तकनीकी खराबी के कारण लगी या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।

ग्वालियर-भोपाल रूट पर बस में भी लगी थी आग

हाल ही में ग्वालियर से भोपाल जा रही एक बस में भी भीषण आग लग गई थी। घटना के समय बस में करीब 25 यात्री सवार थे। आग लगने के बाद बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई थी। हालांकि यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था।