एयरफोर्स का फाइटर जेट क्रैश, बाल-बाल बची पायलट की जान
पंचकूला : भारतीय वायुसेना का एक जगुआर लड़ाकू विमान आज, शुक्रवार को हरियाणा के पंचकूला जिले में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह विमान अंबाला एयरबेस से नियमित प्रशिक्षण उड़ान पर था। वायुसेना ने पुष्टि की है कि विमान का पायलट सुरक्षित रूप से विमान से बाहर निकलने में सफल रहा है और हादसे में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।
दुर्घटना पंचकूला के मोरनी इलाके में बालदवाला गांव के पास दोपहर लगभग 3:45 बजे हुई। भारतीय वायुसेना के अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी दुर्घटना का कारण प्रतीत हो रही है। घटनाक्रम के अनुसार, पायलट ने सूझबूझ का परिचय देते हुए विमान को आबादी वाले क्षेत्र से दूर मोड़ने में सफलता पाई और उसके बाद सुरक्षित रूप से इजेक्ट कर लिया। ग्रामीणों ने घटनास्थल पर पहुंचकर पायलट की सहायता की और उन्हें पानी पिलाया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही वायुसेना के विशेषज्ञों की एक टीम जांच के लिए तुरंत घटनास्थल पर रवाना हो गई। पंचकूला जिले के रायपुररानी पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने एजेंसी को बताया कि दुर्घटना पंचकूला जिले के पहाड़ी क्षेत्र में हुई है और स्थानीय पुलिस भी मौके पर मौजूद है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विमान लड़खड़ाते हुए पेड़ों से टकराया और फिर जंगल में एक खाई में जा गिरा। विमान के दुर्घटनाग्रस्त होते ही उसमें आग लग गई और वह कई टुकड़ों में बिखर गया। विमान के अवशेष आसपास के इलाके में दूर-दूर तक फैल गए थे। हरियाणा पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों को सुरक्षा कारणों से इलाके से हटा दिया है।
जगुआर एक दो इंजन वाला, गहरी मार करने वाला लड़ाकू विमान है, जो कई दशकों से भारतीय वायुसेना के बेड़े का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। यह विमान कम ऊंचाई पर हमला करने की क्षमता के साथ-साथ छोटे रनवे से उड़ान भरने की क्षमता के लिए भी जाना जाता है। इस दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच वायुसेना द्वारा की जा रही है।









