पंजाब में कोरोना केसों के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार ने जारी किए नए दिशा-निर्देश, पढ़ें पूरी खबर…
चंडीगढ़ः पंजाब में कोरोना केसों के मामलों में अचानक वृद्धि को देखते हुए पंजाब सरकार ने वीरवार को एक आदेश जारी कर लोगों को फिर से मास्क पहनने की चेतावनी जारी की हैं। पंजाब सरकार द्दारा जारी निर्देशों में कहा गया है कि जनतक जैसे कि बस, ट्रेन, एयरक्राफ्ट, टैक्सी समेत सभी पब्लिक ट्रांसपोर्ट में मास्क पहनना जरूरी है। इसके अलावा सिनेमा घरों, शॉपिंग मॉल, डिपार्टमेंट स्टोर जैसी भीड़भाड़ वाली जगहों और स्कूलों और दफ्तरों में भी मास्क पहनने की सलाह दी गई है।
बता दें कि बुधवार को चौबीस घंटे के दौरान पंजाब में कोरोना के 30 मरीज नए मामले सामने आए हैं जो कि चिंता का विषय बन रहे हैं। इन नए मामलों के आने के बाद कोरोना के एक्टिव केसों की गिनती 113 हो गई है। इनमें 4 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर पहुंच चुके हैं। वहीं अब 11 जिलों में कोरोना के केस मिले हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में कोरोना की चौथी लहर की आशंका बनी हुई है। इसे देखते हुए सरकार ने कोरोना की सैंपलिंग और टेस्टिंग भी बढ़ा दी है। बुधवार को 9812 सैंपल लेकर 9577 टेस्ट किए गए।
पंजाब में कोरोना के तेजी से बढ़ते केसों को देखते हुए सरकार भी अलर्ट मोड पर है। सेहत मंत्री डॉ. विजय सिंगला ने सिविल सर्जनों के साथ मीटिंग की। जिसके बाद उन्होंने कहा कि अभी चिंता की कोई बात नहीं है। फिर भी हमें एहतियात बरतनी जरूरी है। लोग मास्क पहनें और भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें। हालांकि इस मीटिंग में यह भी चर्चा हुई कि अगर केस बढ़ने में तेजी हुई तो फिर सरकार सार्वजनिक जगहों पर मास्क लगाने को अनिवार्य कर सकती है।







