Blog

  • पंजाब में सरकार युवाओं के कौशल प्रशिक्षण पर कर रही फोकस

    पंजाब में सरकार युवाओं के कौशल प्रशिक्षण पर कर रही फोकस

     

    चंडीगढ़: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की दूरदर्शिता से पंजाब सरकार ने नए रोजगारों के लिए नए रास्ते तलाशने की दिशा में कदम आगे बढ़ाए हैं। सरकार का फोकस है कि युवाओं को पहले प्रशिक्षण दिया जाए, साथ ही किसी भी क्षेत्र में जाने से पहले उनकी कौशलता में निखार लाया जाए। सरकार ने सदैव प्रशिक्षण और कौशल विकास योजनाओं को प्राथमिकता दी गई है। प्रशिक्षित युवा खुद अपने हाथ का काम सीख कर पैरों पर खड़ा हो सकते हैं।

    दरअसल कौशल विकास विद्यार्थियों के समग्र विकास का आधार है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब में तकनीकी शिक्षा क्रांति की शुरुआत की गई है। विद्यार्थियों के रोजगार कौशल को बढ़ाने के लिए जमीनी स्तर पर व्यापक बदलाव किए जा रहे हैं। इस कड़ी में नई पहल करते हुए पंजाब के तकनीकी शिक्षा विभाग और टाटा स्टील फाउंडेशन ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को कौशल विकास गतिविधियों में शामिल कर उनकी रचनात्मक क्षमता को बढ़ाना है।

    यह समझौता ज्ञापन नौकरी के लिए तैयारी बढ़ाने और शिक्षा को उद्योग की जरूरतों के अनुरूप बनाने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है। विद्युत प्रयोगशालाओं व साफ्ट स्किल प्रशिक्षण के लिए किया गया समझौता पंजाब के युवाओं के लिए उज्जवल भविष्य के द्वार खोलेगा। इसके अंतर्गत युवाओं को उद्योगों में बेहतर नौकरियां दिलाने के लिए आईटीआई समराला और आईटीआई गिल रोड, लुधियाना में प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद युवा लुधियाना में 115 एकड़ में स्थापित किए जा रहे टाटा स्टील प्लांट में नौकरी के लिए पात्र होंगे। लगभग 700 युवाओं को वहां प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा।

  • राजनीति; अकाली दल वर्किंग कमेटी ने सुखबीर बादल का इस्तीफा किया मंजूर..

    राजनीति; अकाली दल वर्किंग कमेटी ने सुखबीर बादल का इस्तीफा किया मंजूर..

     

    चंडीगढ़- शिरोमणि अकाली दल (शिअद) की वर्किंग कमेटी की मीटिंग में सुखबीर बादल का इस्तीफा मंजूर कर लिया गया है। इस मौके कमेटी ने पार्टी के प्रधान के तौर पर सेवाएं निभाने के लिए सुखबीर बादल का शुक्रिया अदा किया।

    बैठक की अध्यक्षता कार्यवाहक प्रधान बलविंदर सिंह भूंदड़ द्वारा की गई। मीटिंग के दौरान सुखबीर बादल के इस्तीफे को लेकर फैसला लिया गया। हालांकि सुखबीर बादल पहले ही शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे चुके हैं। 2 दिसंबर को श्री अकाल तख्त साहिब के आदेश के तहत कार्यकारिणी को इस्तीफा स्वीकार कर अकाल तख्त सचिवालय को सूचित करने के निर्देश दिए गए थे। हालांकि, अकाली नेताओं ने धार्मिक सेवाओं का हवाला देते हुए कार्यकारिणी की बैठक के लिए समय मांगा था, जिसे मंजूर कर लिया गया।

    एसजीपीसी के साथ बैठक में सुखबीर बादल के इस्तीफे पर लंबी चर्चा हुई। बैठक के दौरान स्पष्ट संकेत दिए गए कि नए साल में सदस्यता अभियान शुरू किया जाएगा और ऐसे कार्यकर्ताओं और व्यक्तियों को सदस्य बनाया जाएगा जो जमीनी स्तर पर भरोसेमंद हैं और पार्टी नेतृत्व के प्रति वफादार हैं।

  • Plane crash : पायलट की जिंदा जलने से मौत, परिवार के 4 सदस्य पूरी तरह सुरक्षित

    Plane crash : पायलट की जिंदा जलने से मौत, परिवार के 4 सदस्य पूरी तरह सुरक्षित

     

    नई दिल्ली : ब्राजील के साओ पाउलो स्थित उबातूबा एयरपोर्ट पर एक दर्दनाक विमान हादसा हुआ, जिसका वीडियो भी सामने आया है। समुद्र तट के किनारे स्थित हवाई पट्टी पर लैंडिंग के दौरान एक विमान में अचानक विस्फोट हो गया और उसमें आग लग गई। इस हादसे में पायलट की जलकर मौत हो गई, जबकि विमान में सवार एक परिवार के चार सदस्य चमत्कारिक रूप से बच गए।

    डेली मेल की रिपोर्ट के अनुसार, सेसना 545 विमान गोयास से मिनेइरोस शहर जा रहा था। लैंडिंग के समय अचानक बारिश शुरू हो गई, जिससे रनवे गीला हो गया और विमान फिसल गया। फिसलने के दौरान विमान में आग लग गई और उसका एक हिस्सा समुद्र तट को पार करते हुए समुद्र में जा गिरा।

     

     

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विमान में लगी आग बहुत भीषण थी और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भाग रहे थे। विमान का एक हिस्सा समुद्र में गिरने से पहले ही उसमें सवार चारों लोग बाहर निकल गए थे, जिससे उनकी जान बच गई। बीच पर मौजूद लोगों ने भी बहादुरी दिखाते हुए दोनों बच्चों को समुद्र की लहरों से बाहर निकाला।

    इस हादसे में मारे गए पायलट की पहचान पाउलो सेघेटो के रूप में हुई है। जीवित बचे लोगों में मिरेले फ्राइज़, उनके पति ब्रूनो अल्मेडा सूज़ा और उनके दो बच्चे शामिल हैं। सभी को सांता कासा डे उबातुबा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

    ब्राजील की वायु सेना ने इस हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटनाग्रस्त विमान 2008 में बना था और इसमें 7 यात्रियों के बैठने की क्षमता थी। इस हादसे ने विमान की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

  • पंजाब ; जीवन बनेगी रक्षक सडक़ सुरक्षा फोर्स,जनता को मिलेगा भरपूर फायदा…

    पंजाब ; जीवन बनेगी रक्षक सडक़ सुरक्षा फोर्स,जनता को मिलेगा भरपूर फायदा…

     

    चंडीगढ़ ; सडक़ हादसों में जान गंवाने वाले लोगों को बचाने के लिए भगवंत मान सरकार ने अहम कदम उठाते हुए सडक़ सुरक्षा फोर्स तैयार की है। पंजाब में हर 30 किलोमीटर की दूरी पर 144 पेट्रोलिंग वाहनों को तैनात किया गया है ताकि तय गति से अधिक या नशे में गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई हो सके। सडक़ सुरक्षा बल की स्थापना करना पंजाब सरकार की एक अभूतपूर्व पहल है। जिसका उद्देश्य सडक़ दुर्घटनाओं के बाद इलाज में देरी के कारण घायलों की बहुमूल्य जीवन हानि को रोकना है। पंजाब पहला ऐसा राज्य बन गया है जहां सडक़ दुर्घटनाओं और इनमें घायलों की मौत के आंकड़ों को कम करने के लिए फोर्स का गठन किया गया है।

    किसी भी हादसे की जानकारी 112 टोल फ्री पर मिलती है। इसके साथ ही कंट्रोल रूम सक्रिय हो जाता है, बिना किसी देरी हादसे वाले स्थान पर पहुंच जाती है फरिश्ता रूपी टीम यानि की सडक़ सुरक्षा फोर्स के जवान। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार एसएसएफ ने अब तक सडक़ दुर्घटना में घायल 1,300 से अधिक लोगों की जान बचाने में सफलता प्राप्त की है। अपनी किस्म की पहली विशेष फोर्स के वाहनों में किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को इमरजेंसी इलाज मुहैया करवाने के लिए पूरी मेडिकल किट भी है। अपेक्षित डाक्टरी सहायता

    मिलने को सुनिश्चित बनाने के लिए फोर्स को ट्रॉमा सैंटरों के साथ भी जोड़ा जा रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान कहते हैं सडक़ सुरक्षा फोर्स के कामकाज की हर माह समीक्षा भी की जा रही है।

  • 10वीं-12वीं के विद्यार्थियों के लिए आई अच्छी खबर,अब साल में दो बार होंगी बोर्ड की परीक्षाएं; लागू होगा समेस्टर सिस्टम

    10वीं-12वीं के विद्यार्थियों के लिए आई अच्छी खबर,अब साल में दो बार होंगी बोर्ड की परीक्षाएं; लागू होगा समेस्टर सिस्टम

     

    नई दिल्ली : 10वीं तथा 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। अगले साल से स्कूली शिक्षा में बड़े बदलाव होने जा रहे हैं। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने आने वाले शैक्षणिक वर्ष (2026-27) में बोर्ड एग्जाम्स में बड़े अपडेट्स का ऐलान किया है। उन्होंने कहा की अगले शैक्षणिक साल से 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं का आयोजन साल में दो बार किया जाएगा। सेमेस्टर सिस्टम भी लागू हो सकता है। छात्रों के पास दोनों परीक्षाओं में शामिल होने का विकल्प होगा। उनका मानना है कि ऐसा करने से बोर्ड परीक्षा में छात्रों पर पढ़ाई का तनाव कम होगा।

    शिक्षा मंत्री ने कहा की साल में दो बोर्ड परिक्षा की शुरुआत सीबीएसई बोर्ड एग्जाम से लागू होगी, लेकिन इसे अन्य स्टेट बोर्ड भी लागू कर सकते है। उन्होंने बताया कि साल में दो बार बोर्ड परीक्षा कराने का फैसला अगले शैक्षणिक सत्र यानी 2026-27 से लागू किया जाएगा। अभी इसे लागू करने की तैयारी की जा रही है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत बच्चों से एग्जाम का तनाव कम करने के लिए, ये बड़ा कदम उठाया जा रहा है। साल में दो बार बोर्ड एग्जाम का आयोजन जेईई मेन की तर्ज पर किया जाएगा।

    जानकारी के अनुसार, पहली परीक्षा फरवरी में और दूसरी अप्रैल में आयोजित की जा सकती है। जिस सेक्शन की परीक्षा में छात्र का प्रदर्शन अच्छा होगा उसे अंतिम स्कोर माना जाएगा। इससे छात्रों के पास बोर्ड परीक्षा में बैठने के लिए एक साल मे दो विकल्प होंगे। 10वीं और 12वीं बोर्ड के लिए रजिस्ट्रेशन करने वाले स्टूडेंट्स दोनों ही सेशन की परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।

    साल मे दो बार परिक्षा होने से विद्यार्थी पर पढ़ाई का बोझ कम होगा। वह आराम से परिक्षा की तैयारी कर पांएगे। साथ ही उन्हें अच्छी तैयारी करने के लिए अधिक समय मिलेगा। अगर किसी छात्र की तैयारी कम है, तो वह पहले सेशन की बजाए दूसरे सेशन की परीक्षा में बैठ सकेंगे। वहीं अगर पहले सेशन की परीक्षा में यदि कोई छात्र फेल हो जाता है, तो वह दूसरे सेशन की परीक्षा दे सकता है।

  • रफ्तार का कहर; बस और ट्रक के बीच हुई जोरदार टक्कर, चार की मौत- 30 से अधिक घायल

     रफ्तार का कहर; बस और ट्रक के बीच हुई जोरदार टक्कर, चार की मौत- 30 से अधिक घायल

     

     

    चेन्नई : तमिलनाडु के रानीपेट में गुरुवार को ट्रक और बस के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई और 30 घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रानीपेट पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान मंजूनाथ, कृष्णप्पा, शंकरन और सोमशेखरन के रूप में हुई है। घायलों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां तीन की हालत गंभीर बताई गई है। मृतकों के शव रानीपेट सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद उनके परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।

    टक्कर इतनी जोरदार थी कि कर्नाटक राज्य परिवहन निगम (केएसआरटीसी) की बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। बता दें कि इससे पहले 26 दिसंबर को चेन्नई-त्रिची हाईवे पर चेंगलपट्टू जिले के पदलम के पास एक सड़क दुर्घटना में व्यक्ति और उसके दो बच्चों की मौत हो गई थी। उनकी कार एक वाहन से टकरा गई थी, जिससे ये हादसा हो गया था।

    मृतकों की पहचान गणपति (40), उनकी बेटी हेमा (13) और बेटे बाला (10) के रूप में हुई थी। इस हादसे में गणपति की पत्नी सरन्या (35), उनकी बहन जया (30) और उनकी बेटी दिव्या (3) घायल हो गई थी। उन्हें इलाज के लिए चेंगलपट्टू सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

    वहीं, 12 दिसंबर को कोयंबटूर जिले के मदुक्कराई में एक कार और ट्रक के बीच टक्कर हो गई थी। इस हादसे में केरल निवासी एक दो महीने के बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों की पहचान जैकब अब्राहम (60), उनकी पत्नी शीबा (55) और उनके पोते आरोन (2 महीने) के रूप में हुई थी। जैकब की बेटी अलीना (21), आरोन की मां घायल हो गई थी। सभी मृतक केरल के पथानामथिट्टा जिले के एराविपेरूर के निवासी थे। यह हादसा तब हुआ, जब वे पथानामथिट्टा से बेंगलुरु जा रहे थे।

  • खडूर साहिब से निर्दलीय सांसद अमृतपाल सिंह की बढ़ी मुश्किलें, लगा यूएपीए

    खडूर साहिब से निर्दलीय सांसद अमृतपाल सिंह की बढ़ी मुश्किलें, लगा यूएपीए

     

    चंडीगढ़ ;डिब्रूगढ़ जेल में बंद खडूर साहिब से निर्दलीय सांसद व खालिस्तानी समर्थक अमृतपाल सिंह की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दरअसल अमृतपाल सिंह पर गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यूएपीए लगाया गया है। अमृतपाल सिंह और आतंकी अर्श डल्ला पर भी यूएपीए लगाया गया है। ये कार्रवाई जिला पुलिस ने पंथक संगठनों से जुड़े नौजवान गुरप्रीत सिंह हरीनौ हत्याकांड में की है। इस केस में यूएपीए की बढ़ोतरी करने के बारे में एसआईटी ने फरीदकोट की कोर्ट को लिखित रूप में जानकारी दे दी है। यूएपीए लगने के बाद पहले से ही एनएसए के तहत डिब्रूगढ़ जेल में बंद सांसद अमृतपाल सिंह खालसा की मुश्किलें बढ़ सकती है।

    सांसद अमृतपाल सिंह को पहले ही राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत डिब्रूगढ़ जेल में बंद किया गया है। अब फरीदकोट के इस मामले में UAPA की धाराएं लगने से उसके लिए कानूनी मुश्किलें और भी बढ़ सकती हैं। पंजाब पुलिस ने इस मामले में चार्जशीट दाखिल करने से पहले UAPA की धाराएं भी जोड़ी हैं।

  • सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को दिया सख्त आदेश, ऐसे मरीजों के लिए की जाए कैशलेस इलाज की व्यवस्था

    सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को दिया सख्त आदेश, ऐसे मरीजों के लिए की जाए कैशलेस इलाज की व्यवस्था

     

    नई दिल्ली- सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को सख्त निर्देश दिया कि वह मोटर दुर्घटना के पीड़ितों के लिए “गोल्डन आवर” यानि पहले 60 मिनट के दौरान कैशलेस चिकित्सा की व्यवस्था पूरे देश में सुनिश्चित करने के लिए तैयारी करे।

    गोल्डन आवर वह समय होता है जब एक गंभीर चोट के बाद पहले 60 मिनट में चिकित्सा उपचार सबसे प्रभावी होता है। कोर्ट में ऐसे कई मामलों का उल्लेख किया गया जिनमें गोल्डन आवर के दौरान आवश्यक उपचार नहीं मिलने के कारण मरीज की मौत होगी। न्यायमूर्ति अभय एस ओका और ऑगस्टिन जॉर्ज मसिह की बेंच ने कहा कि मोटर वाहन अधिनियम की धारा 162 केंद्र सरकार पर यह दायित्व डालती है कि वह गोल्डन आवर के दौरान दुर्घटना पीड़ितों के लिए कैशलेस उपचार की योजना बनाए।

    कोर्ट ने अपने आदेश में कहा, “यह केंद्र सरकार का वैधानिक दायित्व है कि वह योजना तैयार करे। धारा 162 के उप-धारा (2) के तहत सरकार को योजना तैयार करने के लिए पर्याप्त समय उपलब्ध था। एक बार जब योजना तैयार हो जाती है और इसके क्रियान्वयन की शुरुआत होती है, तो यह कई घायलों की जान बचाएगी। कुछ घायल इसलिए मर जाते हैं क्योंकि उन्हें गोल्डन आवर के दौरान आवश्यक चिकित्सा उपचार नहीं मिलता।” कोर्ट ने यह निर्देश दिया कि गोल्डन आवर में कैशलेस उपचार के लिए योजना को 14 मार्च तक अधिसूचित किया जाए और कोई और समय विस्तार नहीं दिया जाएगा।

    कोर्ट ने गोल्डन आवर में कैशलेस उपचार की आवश्यकता के पीछे के कारण को स्पष्ट करते हुए कहा, “अस्पताल के अधिकारी कभी-कभी पुलिस के आने का इंतजार करते हैं। वे हमेशा उपचार के खर्च को लेकर चिंतित रहते हैं, जो किसी मामले में अधिक हो सकता है। यही कारण है कि धारा 162 के उप-धारा (1) में यह प्रावधान किया गया है कि भारत में सामान्य बीमा व्यवसाय करने वाली बीमा कंपनियों को मोटर वाहन अधिनियम के तहत बनाई गई योजना के अनुसार सड़क दुर्घटना पीड़ितों का उपचार प्रदान करना चाहिए, जिसमें गोल्डन आवर के दौरान भी उपचार शामिल है।”

  • मुख्यमंत्री मान ने 2025 के लिए पंजाब सरकार की डायरी और कैलेंडर किया जारी

    मुख्यमंत्री मान ने 2025 के लिए पंजाब सरकार की डायरी और कैलेंडर किया जारी

    चंडीगड़ ; पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बुधवार को अपने सरकारी आवास पर वर्ष 2025 के लिए पंजाब सरकार की डायरी और कैलेंडर जारी किया।

    इस बारे में जानकारी देते हुए आज यहां मुख्यमंत्री कार्यालय के एक प्रवक्ता ने बताया कि कैलेंडर और डायरी का डिजाइन सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा तैयार किया गया है तथा कंट्रोलर प्रिंटिंग एवं स्टेशनरी पंजाब द्वारा प्रकाशित किया गया है। इस अवसर पर मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा, पुलिस महानिदेशक गौरव यादव, सचिव सूचना एवं लोक संपर्क मलविंदर सिंह जग्गी आदि उपस्थित थे।

  • PSEB ने 8वीं, 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं ​​​के लिए जारी की डेटशीट, जानें तारीख से शुरू होंगे EXAM

    PSEB ने 8वीं, 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं ​​​के लिए जारी की डेटशीट, जानें तारीख से शुरू होंगे EXAM

     

    चंडीगढ़- पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड ने कक्षा 8वीं, 10वीं और 12वीं की वार्षिक परीक्षाओं की डेटशीट जारी कर दी है। PSEB के अनुसार परीक्षाएं 19 फरवरी से शुरू होंगी। बोर्ड ने इसका नोटिफिकेशन अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है।

    पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड ने एक कंट्रोल रूम भी गठित किया है। जहां पर स्टूडेंट्स से जुड़े हर सवाल का जवाब मिलेगा। कक्षा 8वीं की परीक्षाएं 19 फरवरी से 7 मार्च तक करवाई जाएगी। जबकि 10वीं कक्षा की परीक्षाएं 10 मार्च से 4 अप्रैल तक होगी। वहीं 12वीं कक्षा की परीक्षाएं 19 फरवरी से 4 अप्रैल तक चलेगी। परीक्षा का समय सुबह 11 बजे से है। इसके अलावा पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की वैबसाइट www.pseb.ac.in पर परीक्षा की डेटशीट देखी जा सकती है।