Blog

  • मंदिर में चल रहे उत्सव के दौरान हाथी ने मचाया उत्पात, लोगों को उठाकर पटकने के कारण 20 से अधिक लोग घायल

    मंदिर में चल रहे उत्सव के दौरान हाथी ने मचाया उत्पात, लोगों को उठाकर पटकने के कारण 20 से अधिक लोग घायल

     

    नई दिल्ली- केरल में मल्लपुरम के तिरूर में एक मंदिर के बाहर हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। हाथी ने अचानक लोगों की भीड़ पर हमला कर दिया। जिस कारण इस हादसे में 20 से अधिक लोग जख्मी हुए है। इसकी वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है।

    केरल के मल्लपुरम में तिरूर का है। बुधवार रात यहां मंदिर में उत्सव चल रहा था। तभी देर रात 1 बजे के करीब उत्सव में शामिल हाथियों में से एक आक्रामक हो गया। उसने लोगों पर हमला बोल दिया। यह घटना तब हुई, जब याहू थंगल श्राइन में चार दिन से चल रहा उत्सव खत्म होने वाला था। यहां पांच हाथी एक साथ खड़े थे। उनमें से बीच में खड़ा हाथी, जिसका नाम पक्कोथ श्रीकुट्टन था, ने अचानक सामने खड़ी लोगों की भीड़ पर हमला बोल दिया। हाथी ने वहां खड़े एक व्यक्ति को अपनी सूंड में दबा लिया। इसके बाद उसने जोर-जोर से उसे घुमाया और फिर भीड़ के बीच फेंक दिया। व्यक्ति को तुरंत कोट्टाक्कल के एमआईएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत नाजुक है।

  • वी. नारायणन होंगे ISRO के नए प्रमुख, 14 जनवरी को लेंगे एस. सोमनाथ की जगह..

    वी. नारायणन होंगे ISRO के नए प्रमुख, 14 जनवरी को लेंगे एस. सोमनाथ की जगह..

     

    नई दिल्ली : वी. नारायणन (V. Narayanan) को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) (ISRO) का अगला अध्यक्ष और अंतरिक्ष विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। वह 14 जनवरी को इसरो के मौजूदा प्रमुख एस. सोमनाथ का स्थान लेंगे। इसरो (ISRO) के एक प्रतिष्ठित वैज्ञानिक नारायणन वर्तमान में केरल के वलियामाला में लिक्विड प्रोपल्शन सिस्टम्स सेंटर (एलपीएससी) के निदेशक के रूप में कार्यरत हैं।

    भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम में लगभग चार दशकों के अनुभव के साथ, नारायणन ने इसरो में कई महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। उन्हें मुख्य रूप से रॉकेट और स्पेसक्राफ्ट प्रोपल्शन का विशेषज्ञ माना जाता है। मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति के एक आधिकारिक आदेश के अनुसार, नारायणन को अगले दो वर्षों तक इन भूमिकाओं में सेवा देने के लिए नियुक्त किया गया है।

    कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय, कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग के एक आधिकारिक आदेश में कहा गया है, “मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने 14 जनवरी, 2025 से दो साल की अवधि के लिए या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, अंतरिक्ष विभाग के सचिव और अंतरिक्ष आयोग के अध्यक्ष के रूप में वी. नारायणन, निदेशक, लिक्विड प्रोपल्शन सिस्टम्स सेंटर, वलियामाला की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है।”

    वे रॉकेट और स्पेसक्राफ्ट प्रोपल्शन विशेषज्ञ हैं और 1984 में इसरो में शामिल हुए और एलपीएससी के निदेशक बनने से पहले विभिन्न पदों पर कार्य किया। लिक्विड प्रोपल्शन सिस्टम्स सेंटर, जिसके प्रमुख नारायणन हैं, लॉन्च वाहनों के लिए लिक्विड, सेमी-क्रायोजेनिक और क्रायोजेनिक प्रोपल्शन चरणों, उपग्रहों के लिए रासायनिक और इलेक्ट्रिक प्रोपल्शन सिस्टम, लॉन्च वाहनों के लिए नियंत्रण प्रणाली और अंतरिक्ष प्रणालियों की निगरानी के लिए ट्रांसड्यूसर विकास में लगा हुआ है।

    वे प्रोजेक्ट मैनेजमेंट काउंसिल-स्पेस ट्रांसपोर्टेशन सिस्टम (पीएमसी-एसटीएस) के अध्यक्ष भी हैं, जो सभी लॉन्च वाहन परियोजनाओं और कार्यक्रमों में निर्णय लेने वाली संस्था है, और भारत के नियोजित मानव अंतरिक्ष उड़ान मिशन गगनयान के लिए राष्ट्रीय स्तर के मानव रेटेड प्रमाणन बोर्ड (एचआरसीबी) के अध्यक्ष हैं।

    प्रारंभिक चरण के दौरान, उन्होंने विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र (वीएसएससी) में साउंडिंग रॉकेट और संवर्धित उपग्रह प्रक्षेपण यान (एएसएलवी) और ध्रुवीय उपग्रह प्रक्षेपण यान (पीएसएलवी) के ठोस प्रोपल्शन क्षेत्र में काम किया। उन्होंने आगे एब्लेटिव नोजल सिस्टम, कम्पोजिट मोटर केस और कम्पोजिट इग्नाइटर केस की प्रक्रिया नियोजन, प्रक्रिया नियंत्रण और प्राप्ति में योगदान दिया।

    वर्तमान में, नारायणन लिक्विड प्रोपल्शन सिस्टम सेंटर (एलपीएससी) के निदेशक हैं, जो इसरो के प्रमुख केंद्रों में से एक है। इसका मुख्यालय तिरुवनंतपुरम के वलियामाला में है, जिसकी एक इकाई बेंगलुरू में है। तमिल माध्यम के स्कूलों में पढ़ाई करने वाले नारायणन ने आईआईटी, खड़गपुर से क्रायोजेनिक इंजीनियरिंग में एम.टेक और एयरोस्पेस इंजीनियरिंग में पीएचडी पूरी की। यहां उन्हें एमटेक कार्यक्रम में प्रथम रैंक हासिल करने के लिए रजत पदक से सम्मानित किया गया।

    रॉकेट और अंतरिक्ष यान प्रोपल्शन विशेषज्ञ के तौर पर 1984 में इसरो में शामिल हुए और 2018 में लिक्विड प्रोपल्शन सिस्टम्स सेंटर के निदेशक बनाए गए। एस सोमनाथ ने जनवरी 2022 में इसरो प्रमुख का पद संभाला और उनके अधीन ही भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव क्षेत्र में रोवर उतारने वाला दुनिया का पहला देश बना। उनके नेतृत्व में ही भारत अमेरिका, रूस और चीन के बाद चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग करने वाले चौथा देश बन गया।

  • CM हाउस विवाद : आम आदमी पार्टी के नेताओं को पुलिस ने अंदर जाने से रोका, धरने पर बैठे सांसद संजय सिंह

     CM हाउस विवाद : आम आदमी पार्टी के नेताओं को पुलिस ने अंदर जाने से रोका, धरने पर बैठे सांसद संजय सिंह

     

     

    नई दिल्ली  : दिल्ली चुनाव के बीच सीएम हाउस को लेकर राजनीतिक विवाद बढ़ता जा रहा है। बुधवार को AAP के राज्यसभा सांसद संजय सिंह और मंत्री सौरभ भारद्वाज समेत अन्य नेता CM हाउस पहुंच गए। उनके साथ मीडिया भी थी। इस बीच, दिल्ली हाउस के बाहर पुलिस ने भीड़ को रोक लिया। सीएम हाउस के बाहर बेरिकेडिंग की गई थी। पुलिस ने बेरिकेडिंग क्रॉस नहीं करने दी, जिसके बाद विवाद होने लगा।

    Delhi CM House controversy: Police stopped AAP leaders from entering, MP Sanjay Singh sitting on strike : इस दौरान आम आदमी पार्टी के नेताओं और पुलिस के बीच नोकझोंक हो गई। AAP नेताओं का कहना है कि बीजेपी कह रही है कि सीएम हाउस में लग्जरी सुविधाएं हैं। अगर वहां लग्जरी सुविधाएं हैं तो खोलकर दिखाया जाना चाहिए। हम लोग वो सुविधाएं देखने के लिए आए हैं। AAP नेता अपने साथ मीडियाकर्मियों को लेकर पहुंचे थे।

    दिल्ली हाउस के बाहर पुलिस ने भीड़ को रोक लिया, जिसके बाद विवाद होने लगा। AAP नेताओं का कहना है कि ऊपर से आदेश का हवाला देकर हमें रोका जा रहा है। इस दौरान AAP नेताओं की पुलिस से नोकझोंक हो गई। राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा, हमें अंदर जाने के लिए अनुमति नहीं चाहिए। हमें बेवजह रोका जा रहा है। बाद में नेता सड़क पर ही बैठ गए और धरना देने लगे। AAP नेता सौरभ भारद्वाज का कहना है कि हम बीजेपी नेताओं को सीएम हाउस दिखाना चाहते हैं। हम लोग पीएम हाउस भी जाएंगे और वहां भी सुविधाएं देखना चाहेंगे। वहीं आप नेता सौरव भारद्वाज ने कहा कि बीजेपी नेता घबरा गए हैं। किसे आदेश पर सीएम हाउस बंद किया गया है। PWD विभाग ने बंगले को कब्जे में लिया है। सौरभ ने कहा, दिल्ली का चुनाव ही बंगले के मुद्दे पर लड़ा जाएगा।

  • सड़क हादसों में घायल को मिलेगा 1.5 लाख रुपये तक फ्री इलाज, जानें पूरी खबर…

    सड़क हादसों में घायल को मिलेगा 1.5 लाख रुपये तक फ्री इलाज, जानें पूरी खबर…

     

    नई दिल्ली- केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि सरकार देशभर में सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए ‘कैशलेस’ या नकदी-रहित इलाज प्रदान करने के लिए मार्च तक एक संशोधित योजना लाएगी। इसके तहत प्रति दुर्घटना प्रति व्यक्ति अधिकतम 1.5 लाख रुपये तक ‘कैशलेस’ इलाज की सुविधा मिलेगी। गडकरी ने कहा कि यह योजना किसी भी श्रेणी की सड़क पर मोटर वाहनों के कारण होने वाली सभी सड़क दुर्घटनाओं पर लागू होगी।

    राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (एनएचए), पुलिस, अस्पताल और राज्य स्वास्थ्य एजेंसी आदि के समन्वय से कार्यक्रम के लिए कार्यान्वयन एजेंसी होगी। कार्यक्रम को सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के ई-विस्तृत दुर्घटना रिपोर्ट (ईडीएआर) एप्लिकेशन और एनएचए की लेनदेन प्रबंधन प्रणाली की कार्यक्षमता को मिलाकर एक आईटी मंच के माध्यम से कार्यान्वित किया जाएगा।

    7 दिन तक मिलेगी यह सुविधा
    गडकरी ने कहा, पायलट कार्यक्रम की व्यापक रूपरेखा के अनुसार पीड़ित दुर्घटना की तारीख से अधिकतम सात दिन की अवधि के लिए प्रति व्यक्ति अधिकतम 1.5 लाख रुपये तक ‘कैशलेस’ उपचार के हकदार हैं। सरकार इस साल मार्च तक एक संशोधित योजना लेकर आएगी। उल्लेखनीय है कि सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने 14 मार्च, 2024 को सड़क दुर्घटना पीड़ितों को ‘कैशलेस’ उपचार प्रदान करने के लिए एक पायलट कार्यक्रम शुरू किया था। चंडीगढ़ में शुरू किए गए पायलट कार्यक्रम का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं के पीड़ितों को समय पर चिकित्सा सुविधा प्रदान करने के लिए एक परिवेश तैयार करना था। पायलट परियोजना को बाद में छह राज्यों तक बढ़ाया गया। मंत्री ने यह भी कहा कि सरकार पायलटों की तर्ज पर वाणिज्यिक चालकों के लिए काम के घंटे तय करने की नीति बनाने के लिए श्रम कानूनों का अध्ययन कर रही है, क्योंकि चालकों की थकान के कारण भीषण सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं।

    उन्होंने यह भी कहा कि देश में 22 लाख ड्राइवरों की कमी है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने देश के सड़क परिवहन क्षेत्र में परिवर्तन लाने में मदद के लिए मुद्दों, समाधानों और उठाए जाने वाले अगले कदमों पर समग्र रूप से विचार-विमर्श करने के लिए छह और सात जनवरी, 2025 को दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यशाला के दौरान वाहन को कबाड़ में बदलने की नीति के कार्यान्वयन में तेजी लाने, पूरे भारत में पीयूसीसी (प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र) 2.0 को अपनाने, बीएस-सात मानदंडों को लागू करने की समयसीमा के साथ-साथ प्रदूषण में अपेक्षित कमी पर चर्चा की गई। गडकरी ने देशभर में चालक प्रशिक्षण संस्थानों (डीटीआई) की स्थापना के लिए योजना भी शुरू की। इसके तहत चालक प्रशिक्षण संस्थान स्थापित करने के लिए प्रोत्साहन और एटीएस (स्वचालित प्रशिक्षण स्टेशन) और डीटीआई के एकीकृत बुनियादी ढांचे के लिए अतिरिक्त प्रोत्साहन का प्रावधान किया गया है।

  • चंडीगढ़ के मेयर चुनाव की तारीख का ऐलान, प्रशासन ने जारी किया नोटिफिकेशन

    चंडीगढ़ के मेयर चुनाव की तारीख का ऐलान, प्रशासन ने जारी किया नोटिफिकेशन

     चंडीगढ़ मेयर पद चुनाव के लिए प्रशासन ने नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. 24 जनवरी चुनाव होगा. मेयर पद के साथ ही सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पदों के लिए भी चुनाव होगा.

    चंडीगढ़ मेयर पद के लिए 24 जनवरी चुनाव होगा. चंडीगढ़ प्रशासन ने इसके लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. पिछले साल इसी मेयर पद के चुनाव को लेकर भारी हंगामा हुआ था. पूरा विवाद सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया था. मेयर चुनाव को लेकर डीसी निशांत यादव ने नगर निगम कार्यालय का दौरा किया, जहां वोटिंग होगी, उस सदन में भी पहुंचे. उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों से बातचीत की.

    चंडीगढ़ प्रशासन के नोटिफिकेशन के मुताबिक, 24 जनवरी की सुबह 11 बजे चुनाव होगा. चंडीगढ़ के मेयर पद के साथ ही सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पदों के लिए भी चुनाव होगा. कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने चुनाव को निर्विवाद रखने के लिए सीक्रेट बैलट पेपर की बजाय पार्षदों के हाथ खड़े करवाकर वोटिंग और काउंटिंग करवाने की प्रशासन से मांग की थी.

    प्रशासन ने नहीं मानी कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की मांग

    कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की इस मांग को प्रशासन ने नहीं माना है. चुनाव एक बार फिर से सीक्रेट बैलट पेपर द्वारा ही करवाए जाएंगे. नॉमिनेटेड पार्षद डॉक्टर आर. एस. बेदी को प्रेसिडिंग ऑफीसर बनाया गया है.चुनाव के लिए जारी नोटिफिकेशन में कहा गया है, नियम के मुताबिक निगम हर साल अपनी पहली बैठक में अपने निर्वाचित सदस्यों में से एक को अध्यक्ष चुनेगा, जिसे महापौर के रूप में जाना जाएगा. अन्य दो ऐसे सदस्यों को निगम का वरिष्ठ उप महापौर और उप महापौर चुनेगा.

  • ‘फ्री सेवाओं’ पर भड़का ECI, कहा- आने वाली पीढ़ियों का भविष्य गिरवी

    ‘फ्री सेवाओं’ पर भड़का ECI, कहा- आने वाली पीढ़ियों का भविष्य गिरवी

     

    नई दिल्ली- दिल्ली में विधानसभा चुनाव का ऐलान करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने चुनावी प्रक्रिया को लेकर कई बड़ी बातें कहीं है। वोटर लिस्ट, ईवीएम से लेकर वोटिंग पर्सेंटेज तक पर उठाए जा रहे सवालों पर उन्होंने विस्तार से जवाब दिया और यह भरोसा दिया कि देश में चुनाव पूरी निष्पक्षता के साथ कराए जा रहे हैं।

    मुफ्त सेवाएं आने वाली पीढ़ियों का भविष्य रख रही गिरवी
    इस दौरान उन्होंने चुनाव में ‘फ्रीबीज’ (मुफ्त वाली स्कीमों) के बढ़ते चलन पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि यह मामला अदालत में विचाराधीन होने की वजह से उनके हाथ बंधे हुए हैं। हालांकि, राजीव कुमार ने मुफ्त की घोषणाओं की वजह से कई राज्यों की आर्थिक हालत बिगड़ने का जिक्र करते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को गिरवी नहीं रखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को बताना चाहिए कि घोषणा पत्र में किए गए उनके वादों का राज्य की आर्थिक हालत पर क्या असर होगा।

    मुफ्त वाले वादों से जुड़े एक सवाल के जवाब में मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा, ‘फ्रीबीज का मामला अदालत में विचारधीन है इसलिए हम इस पर नहीं बोल रहे हैं लेकिन चूंकि आपने रिफॉर्म को लेकर पूछा है तो मैं आपको बता सकता हूं कि क्या मौजूदा प्रावधान हैं, क्या किया जा सकता है और क्या करना चाहिए। ‘सुब्रमण्यम बालाजी बनामा तमिलनाडु राज्य’ के केस में सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया था कि फ्रीबीज पर रोक नहीं लगा सकते हैं। हमारे हाथ बंधे हुए हैं, मामला कोर्ट में है।’

    मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि यह अर्थव्यवस्था का सवाल है कि जो मेरे लिए फ्रीबीज है वह किसी के लिए हक है। फ्रीबीज और हक के बीच एक पतली रेखा है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को घोषणा पत्र के साथ यह भी बताना चाहिए कि राज्य की आर्थिक हालत क्या है और जो वादे वह कर रहे हैं उसका क्या असर होगा। राजीव कुमार ने कहा, ‘हमने राजनीतिक दलों को परफॉर्मा दिया है, इसका तुरंत इस्तेमाल होना चाहिए और जनता को बताना चाहिए कि जो भी घोषणापत्र का वादा है, हम फ्रीबीज शब्द का इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं, क्योंकि इसे परिभाषित करना मुश्किल है, जरूरी है कि राज्य के आर्थिक हालात की तस्वीर जनता को पता होनी चाहिए। जीडीपी/जीएसडीपी और कर्ज का अनुपात क्या है, आप कितना कर्ज लेंगे, कितना ब्याज चुकाएंगे, आप कितना कर्ज ले सकते हैं, आपने जो वादा किया है उसकी कीमत क्या है?

    मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि बहुत से राज्य हैं, मैं नाम नहीं ले सकता है, उन्होंने इतने वादे कर दिए हैं कि उनके लिए सैलरी देना मुश्किल है। यदि आप आरबीआई का रिपोर्ट पढ़ें… हम आने वाली पीढ़ियों का भविष्य गिरवी नहीं रख सकते हैं। यह गंभीर मुद्दा है। हमने परफॉर्मा वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है। समय आ चुका है कि इसे स्वीकार किया जाए, कानूनी जवाब तलाशना चाहिए लेकिन इस समय हमारे हाथ बंधे हुए हैं, क्योंकि मामला अदालत में है।

  • कटरा ; सीआरपीएफ के जवान ने खुद को मारी गोली, मौत

    कटरा ; सीआरपीएफ के जवान ने खुद को मारी गोली, मौत

     

     

    कटरा : जम्मू-कश्मीर के कटरा में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक जवान ने मंगलवार को गोली मारकर आत्महत्या कर लिया है। बताया जा रहा है कि मृतक की उम्र 55 साल थी। उन्होंने अपनी ही बंदूक से खुद को गोली मारी है। मृतक जवान बिहार के पटना का रहने वाला था।

    दरअसल, मृतक जवान का नाम राजनाथ प्रसाद पुत्र लेफ्टिनेंट माधव मिस्त्री है, जो वर्तमान में कटरा स्थित 6वीं सीआरपीएफ बटालियन में तैनात था। 55 वर्षीय एएसआई ने कथित तौर पर खुद को सर्विस राइफल से गोली मार ली।

    इस घटना की सूचना मिलने के बाद सीआरपीएफ के आला अधिकारी घायल एएसआई को लेकर कटरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, लेकिन सीने के पास गोली लगने से उनकी मौत हो गई।

    फिलहाल सीआरपीएफ ने मामले में जांच शुरू कर दी है। साथ ही मौत के सही कारणों का पता लगा जा रहा है कि आखिर राजनाथ प्रसाद ने खुदकुशी क्यों की। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी अलग-अलग जगहों पर जवानों से जुड़े आत्महत्या के मामले सामने आ चुके हैं।

  • 5 फरवरी को होंगे दिल्ली विधानसभा चुनाव,जानें किस दिन जारी होगा RESULT, जानिए पूरा शेड्यूल

    5 फरवरी को होंगे दिल्ली विधानसभा चुनाव,जानें किस दिन जारी होगा RESULT, जानिए पूरा शेड्यूल

     

     

    नई दिल्ली- राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 70 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव आयोग ने मंगलवार को चुनाव की तारीख का ऐलान कर दिया। दिल्ली में पांच फरवरी को एक चरण में चुनाव होगा और नतीजे की घोषणा आठ फरवरी को होंगे। ईसीआई राजीव कुमार ने बताया कि दिल्ली में कुल 1 करोड़ 55 लाख वोटर्स हैं। इसके अलावा, पुरुष मतदाता की संख्या 83.49 लाख, महिला मतदाता 71.74 लाख मतदाता है और युवा मतदाता की संख्या 25.89 लाख मतदाता हैं। उधर, पहली बार वोट देने जा रहे मतदाताओं की कुल संख्या 2.08 लाख है। इसके अलावा, दिल्ली में 13 हजार से ज्यादा मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। 100 साल से ऊपर के मतदाताओं की संख्या 830 है।

    वहीं, चुनाव की तारीखों की ऐलान करने से पहले मुख्य चुनाव आयुक्त ने कई मुद्दों को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में लोग खुलकर अपनी भागीदारी बढ़ा रहे हैं। खासकर देश के युवा खुलकर लोकतंत्र के महापर्व में हिस्सा ले रहे हैं, जो कि हमें बीते लोकसभा चुनाव में देखने को मिला है। मुझे पूरी उम्मीद है कि आने वाले दिनों में सभी युवा चुनावी प्रक्रियाओं में हिस्सा लेकर देश के लोकतंत्र को मजबूत करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि हम यह सुनिश्चित करेंगे कि चुनाव निष्पक्ष हो। हम चुनाव में हर प्रकार की गतिविधियों की विशेष जांच करेंगे, जैसा कि बीते चुनाव में किया था।

     

    उन्होंने आगे कहा कि वोटर लिस्ट में गलत एंट्री के आरोपों को सुनकर मुझे बहुत दुख हुआ। यहां तक कहा गया है कि यह ईवीएम इलेक्शन है। वोटर लिस्ट में नाम काटने की शिकायत की गई। यहां तक की धीमी मतगणना के आरोप भी लगाए गए। लिहाजा हम इन सभी सवालों के जवाब देंगे, क्योंकि यह हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। हम पारदर्शिता के सिद्धांत पर विश्वास रखते हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि ईवीएम को लेकर हैक करने के आरोपों में कोई दम नहीं है। कोर्ट ने खुद इस बात को स्वीकार किया है कि ईवीएम से किसी भी प्रकार की छेड़खानी नहीं हो सकती है। लेकिन, ईवीएम पर शक जताकर लोगों को गुमराह करने का प्रयास किया गया, जो कि एक लोकतांत्रिक देश में शोभनीय व्यवहार नहीं है। चुनाव के सात आठ दिन पहले ही ईवीएम सील हो जाती है। उसे तैयार कर लिया जाता है। ईवीएम में अवैध वोट की संभावना बिल्कुल भी नहीं है। ईवीएम से चुनावी प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी है, जिस पर किसी भी प्रकार का सवाल नहीं उठाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ईवीएम फुलप्रुफ डिवाइस है। इसमें किसी भी प्रकार का वायरस नहीं आ सकता है। चुनाव में पारदर्शिता की हमारी प्राथमिकता है।

  • जस्टिन ट्रुडो के प्रधानमंत्री पद के इस्तीफे के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने फिर दिया ये ऑफर

    जस्टिन ट्रुडो के प्रधानमंत्री पद के इस्तीफे के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने फिर दिया ये ऑफर

     

     

    वाशिंगटन- अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा को अमेरिका का 51वां राज्य बनाने के अपने ऑफर फिर से दोहराया। कनाडाई पीएम जस्टिन ट्रूडो के इस्तीफे के बाद उनकी यह प्रतिक्रिया आई।

    बता दें कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने लिबरल पार्टी के नेता पद और प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि, वह लिबरल पार्टी के नए नेता चुने जाने तक प्रधानमंत्री पद पर रहेंगे। लिबरल पार्टी इस वक्त मुश्किल दौर से गुजर रही है। सर्वे बता रहे हैं कि अक्टूबर के अंत तक होने वाले चुनाव में लिबरल कंजर्वेटिवों से बुरी तरह हार जाएंगे। ऐसे में यह निश्चित है कि ट्रूडो का जाना पार्टी के लिए बड़ी परेशानी खड़ी करेगा। उनके इस्तीफे से जल्द चुनाव की मांग उठने की संभावना है। कनाडा में राजनीतिक उथल-पुथल के बीच 78 वर्षीय ट्रंप ने ट्रूडो की घोषणा के कुछ ही घंटों बाद अपने प्रस्ताव को फिर दोहराया। ट्रुथ सोशल पर उन्होंने कहा, “कनाडा में बहुत से लोग 51वें राज्य का हिस्‍सा बनना पसंद करेंगे। संयुक्त राज्य अमेरिका अब उस बड़े व्यापार घाटे और सब्सिडी को सहन नहीं कर सकता है जिनकी कनाडा को बने रहने के लिए जरूरत है। जस्टिन ट्रूडो को यह पता था और उन्होंने इस्तीफा दे दिया।”

    ट्रंप ने आगे कहा, “अगर कनाडा अमेरिका के साथ मिलता है तो कोई टैरिफ नहीं होगा, टैक्स बहुत कम हो जाएंगे, वह रूसी और चीनी जहाजों के खतरे से भी पूरी तरह सुरक्षित रहेगा जो लगातार उन्हें घेर रहे हैं। साथ मिलकर यह कितना महान राष्ट्र होगा।’ ट्रंप अपनी चुनावी जीत के बाद से ट्रूडो पर आक्रामक रहे हैं। वह पहले भी उन्हें कनाडा के महान राज्य का गर्वनर कहकर मजाक उड़ा चुके हैं। कनाडा सरकार ने ट्रंप की टिप्पणियों पर अभी तक कोई औपचारिक प्रतिक्रिया जारी नहीं की है। हालांकि, अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति के बयानों ने तनावपूर्ण यूएस-कनाडा संबंधों के बारे में फिर चर्चाओं को जन्म दिया है। ट्रंप ने ट्रूडो के प्रशासन पर संयुक्त राज्य अमेरिका में अवैध प्रवास और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने में विफल रहने का भी आरोप लगाया। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर यह समस्या बनी रही तो वे कनाडा के आयात पर 25 प्रतिशत शुल्क लगा देंगे। बता दें ट्रंप ने ऐलान किया है कि वह जनवरी में अपने पदभार ग्रहण करने के पहले दिन ही ऐसे आदेशों पर हस्ताक्षर करेंगे, जिसके तहत मेक्सिको और कनाडा से आने वाले सभी सामानों पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाया जाएगा।

  • जानें किस जगह पर हुआ  सेना के वाहन पर हमला , 7 जवान शहीद

     जानें किस जगह पर हुआ  सेना के वाहन पर हमला , 7 जवान शहीद

     

    बीजापुर- छत्तीसगढ़ के बीजापुर में बड़ा नक्सली हमला हुआ है। जानकारी के अनुसार नक्सलियों ने सोमवार को भारतीय सेना की एक बख्तरबंद गाड़ी को निशाना बनाकर IED ब्लास्ट किया।

    बस्तर रेंज के IG ने इस हमले की पुष्टि की है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस हमले में सेना के 7 जवान शहीद हो गए हैं। जबकि कई जवान जख्मी बताए जा रहे हैं। नक्सल ADG विवेकानंद सिन्हा ने बताया कि नक्सलियों ने बीजापुर के कुटुर मार्ग पर IED ब्लास्ट किया। नक्सलियों ने सेना की जिस गाड़ी को निशाना बनाया, उसमें 9 से ज्यादा जवान सवार थे। भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई भी की है।