Category: NATIONAL

  • बेरहम पति ने उठाया बेहद ख़ौफ़नाक कदम; पत्नी, 2 बच्चों और सास-ससुर को जिंदा जलाया…

     बेरहम पति ने उठाया बेहद ख़ौफ़नाक कदम; पत्नी, 2 बच्चों और सास-ससुर को जिंदा जलाया…

     

    जालंधर : जालंधर-लुधियाना के बीच रास्ते में पड़ते एक गांव से दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां बीती देर रात एक बेरहम पति ने अपनी पत्नी, 2 बच्चों और सास-ससुर को जिंदा जला दिया। जानकारी के अनुसार, सतलुज दरिया के नजदीक एक गांव में देर रात पति अपने अपने ससुराल घर पहुंचा। उसने घर में सो रही पत्नी, 2 बच्चों और सास-ससुर को पैट्रोल छिड़क कर आग के हवाले कर खुद फरार हो गया। इस दौरान सभी लोगों की मौत हो गई।

    मरने वालों में परमजीत कौर (28), बेटा गुरमेहल (5), बेटी अर्शदीप कौर (7), सास जोगिंदरो बाई और ससुर सरजन सिंह (58) शामिल हैं। फिलहाल पुलिस ने मौके पर पहुंच कर सभी शवों को नकोदर के सिविल अस्पताल मे रखवा दिया है। बेरहम पति ने इस वारदात को अंजाम क्यों और किस कारण दिया अभी इसका कुछ पता नहीं है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

  • मोबाइल चोरी की शक में नाबालिग को युवक ने कुएं में लटकाया, पुलिस ने वीडियो बनाने वाले को पकड़ा

    मोबाइल चोरी की शक में नाबालिग को युवक ने कुएं में लटकाया, पुलिस ने वीडियो बनाने वाले को पकड़ा

    छतरपुर : मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में चोरी के शक में एक नाबालिग लड़के को कुएं में लटका दिया गया। घटना को पास ही खड़े एक अन्य लड़के ने अपने मोबाइल मैं कैद कर लिया। इस वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी के ऊपर मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। वहीं इस तालिबानी सजा का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वहीं पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

    लवकुशनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में मोबाइल चोरी के आरोप में एक युवक ने बच्चे को कुएं में लटका दिया है, जिसका परिजनों ने वीडियो भी बना लिया था। एएसपी ने कहा कि मामला संज्ञान में आते तत्काल मौके पर फोर्स भेजी गई। उन्होंने कहा कि आरोपी के खिलाफ धारा 308 और एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं पुलिस के वीडियो बनाने वालों के साथ मारपीट के आरोप पर एएसपी ने कहा कि इसकी जानकारी अभी नहीं मिली है। अगर परिजन शिकायत करते हैं तो जांच कराकर उचित कार्रवाई की जाएगी।

    दरअसल जिले के लवकुशनगर थाना की चौकी अक्टौहां में एक 9 साल के बच्चे को मोबाइल चोरी के संदेह में तालिबानी सजा दी गई। यह घटना मानवता को शर्मसार कर देने वाली है। यहां दबंग युवक अजीत राजपूत ने मासूम को कुएं में लटका दिया। इस दौरान मासूम रोता-बिलखता और बाहर निकाल लेने की विनती करता रहा, मगर उसने एक न सुनी। वही इस करतूत को बच्चे के परिजनों ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। आरोप है कि वीडियो वायरल करने पर अक्टौहां चौकी प्रभारी ने मारपीट की।

    फिलहाल मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने आरोपी अजीत राजपूत के खिलाफ एससी-एसटी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। वहीं पीड़ित बालक ने अपनी आपबीती मीडिया को सुनाई। आरोप है कि अक्टौहां चौकी की प्रभारी प्रथा दुबे ने बच्चे के साथ मारपीट की और उनके कहने पर ही बच्चे को कुएं में लटकाया गया। यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं चौकी प्रभारी ने अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बताया है।

    वहीं एएसपी विक्रम सिंह ने कहा कि लवकुशनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में मोबाइल चोरी के आरोप में एक युवक ने बच्चे को कुएं में लटका दिया। एएसपी ने कहा कि मामला संज्ञान में आते ही आरोपी के खिलाफ धारा 308 और एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं चौकी प्रभारी पर लगे मारपीट के आरोप पर एएसपी ने कहा कि इसकी जानकारी अभी नहीं मिली है। अगर परिजन शिकायत करते हैं तो जांच कराकर उचित कार्रवाई की जाएगी।

  • पंजाब सहित देश के 5 राज्यों में 40 से ज्यादा ठिकानों पर NIA की रेड- आतंकियों, गैंगस्टर्स और ड्रग तस्करों पर लिया बड़ा एक्शन…

    नई दिल्ली : नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने आतंकवादियों, गैंगस्टर्स व ड्रग तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। एनआईए ने मंगलवार को देशभर के कई राज्यों में कई ठिकानों पर छापेमारी की। NIA ने ये छापेमारी दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में 40 से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी की है। लॉरेंस बिश्नोई, नीरज बवाना समेत कई गैंग से जुड़े लोगों के ठिकानों पर ये कार्रवाई की है। अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

    पिछले 9 महीनों में सुरक्षा बलों ने पाकिस्तान से भारतीय सीमा में 191 ड्रोन्स की अवैध एंट्री रिपोर्ट की है। इससे देश की आंतरिक सुरक्षा को लेकर बड़ी चिंता खड़ी हुई है। भारत-पाकिस्तान सीमा पर तैनात सुरक्षा बलों के साथ केंद्र सरकार ने इस मामले में हाल ही में इनपुट शेयर किए हैं। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने सोमवार को भी पंजाब में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एक पाकिस्तानी ड्रोन को मार गिराया। रविवार को भी ऐसे ही एक ड्रोन को मार गिराया गया था जिसमें मादक पदार्थ था।

    इससे पहले एनआईए ने जम्मू-कश्मीर के 8 जिलों में छापे मारे और प्रतिबंधित संगठन जमात-ए-इस्लामी (जेईआई) के मुखौटा समूह अल-हुदा एजुकेशनल ट्रस्ट (एएचईडी) के प्रमुख मोहम्मद आमिर शमशी को गिरफ्तार कर लिया। एनआईए के प्रवक्ता ने बताया एएचईटी, राजौरी की कथित आपराधिक गतिविधियों से जुड़े मामले के सिलसिले में राजौरी, पुंछ, जम्मू, श्रीनगर, बांदीपोरा, शोपियां, पुलवामा और बडगाम में 18 स्थानों पर छापे मारे गए।

    गौरतलब है कि बीते महीने एनआईए की अगुवाई में कई एजेंसियों ने 11 राज्यों में आतंकवाद के वित्त पोषण में शामिल संदिग्धों के ठिकानों पर छापेमारी की थी। इस दौरान पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) के कम से कम 106 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने बताया कि सबसे अधिक गिरफ्तारियां केरल (22), महाराष्ट्र (20), कर्नाटक (20), आंध्र प्रदेश (5), असम (9), दिल्ली (3), मध्य प्रदेश (4), पुडुचेरी (3), तमिलनाडु (10), उत्तर प्रदेश (8) और राजस्थान (2) में की गईं।

  • किन्नरों के लिए लिया सरकार ने ऐतिहासिक फैसला: किन्नरों को महिला-पुरुष बनाएगी सरकार, मदद के मिलेगी ढाई लाख रुपए तक राशि…

    किन्नरों के लिए लिया सरकार ने ऐतिहासिक फैसला: किन्नरों को महिला-पुरुष बनाएगी सरकार, मदद के मिलेगी ढाई लाख रुपए तक राशि…

    नई दिल्ली- राजस्थान में सरकार अब किन्नरों को महिला और पुरुष बनाएगी। राजस्थान सरकार ने देश में पहली सम्मान योजना लॉन्च की है। जिसमें लिंग बदलने के लिए सरकारी अस्पतालों में ऑपरेशन किए जाएंगे। इस योजना के तहत लिंग बदलने के लिए ऑपरेशन कराने वाले ट्रांसजेंडर को सरकार 2.50 लाख तक की सहायता राशि देगी।

    ट्रांसजेंडर को सेक्स चेंज के लिए ढाई लाख देगी सरकार
    राजस्थान सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने इसके लिए उत्थान कोष का गठन किया है। इस कोष की स्थापना 10 करोड़ से की जा रही है। विभाग के उपनिदेशक ओमप्रकाश तोषनीवील ने कहा कि सरकार निःशुल्क ऑपरेशन करने वाला ट्रांसजेंडर को अपने अस्पतालों में ऑपरेशन करवाएगी या कोई बाहर के अस्पताल से ऑपरेशन कराना चाहे तो 2.50 लाख रुपए की मदद करेगी। जो भी ट्रांसजेंडर इच्छुक है लिंग बदलवाने के लिए उसे विभाग में आवेदन करने होंगे।

    सेक्स रीअसाइनमेंट सर्जरी के जरिए होगा बदलाव
    यह योजना राजस्थान के 20 हज़ार से ज़्यादा ट्रांसजेंडरों को सम्मान दिलाने के लिए गहलोत सरकार की पहल बताई जा रही है। डॉक्टरों ने कहा कि ट्रांसजेंडर में हार्मोनल इंबैलेंस होता है। जिसकी वजह से वह पुरुष या स्त्री पूरी तरह से विकसित नहीं हो पाते हैं। उसमें सेक्स रीअसाइनमेंट सर्जरी के जरिए बदलाव किया जा सकता है। पहले यह देखा जाएगा के ट्रांसजेंडर में लेडीज हार्मोन है या पुरुष हार्मोन है, उसके अनुसार ये ऑपरेशन होता है।

    ट्रांसजेंडर दिवस से होगी शुरुआत
    विभाग के अधिकारियों के मुताबिक सरकार 20 नवंबर को ट्रांसजेंडर दिवस के मौके पर ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों के लिए पहचान पत्र बनाने के लिए विशेष शिविर का आयोजन करेगी। राज्य के सभी जिलों में ये शिविर आयोजित किए जाएंगे।

    क्या होती है सेक्स रीअसाइनमेंट सर्जरी?
    चिकित्सा क्षेत्र के जानकारों के मुताबिक कई महिलाएं और पुरुष नॉर्मल नहीं होते हैं। हार्मोन के कारण उनके अंगों की बनावट और प्रकृति में परिवर्तन हो जाता है.। लेकिन इसको सर्जरी के जरिए बदलवाया जा सकता है। वहीं सर्जरी से पहले ये तय किया जाता है कि ट्रांसजेंडर में महिला या पुरुष किसके अधिक हार्मोन हैं। ऐसा नहीं है कि सर्जरी सीधे कर दी जाती है। सर्जरी करने से पहले सायकायट्रिस्ट की मदद से काउंसलिंग करवाई जाती है और अभिभावकों की सहमति से एसआरएस सर्जरी की जाती है।

  • भीषण सड़क हादसा,बस और ट्रेलर की हुई भयंकर टक्कर , 6 लोगों की मौत- 15 घायल…

    भीषण सड़क हादसा,बस और ट्रेलर की हुई भयंकर टक्कर , 6 लोगों की मौत- 15 घायल…

    वडोदरा : गुजरात के वडोदरा के कपूराई ब्रिज राष्ट्रीय राजमार्ग पर आज एक लग्जरी बस और ट्रेलर के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसें का बाद चारों तरफ चीख पुकार शुरू हो गई। प्रथम जानकारी के अनुसार इस हादसे में कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई और 15 गंभीर रूप से घायल हो गए।

    जानकारी के मुताबिक बस अहमदाबाद से सूरत जा रही थी। इस दौरान यह बड़ा हादसा हो गया। फिलहाल नगर यातायात पुलिस और दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंच गई है। घायलों को इलाज के लिए एसएसजी अस्पताल ले जाया गया है।

  • केरल नरबलि मामले में अब नया मोड़, आरोपियों का दावा- पोर्न फिल्म में काम करने आई थी महिला

    केरल नरबलि मामले में अब नया मोड़, आरोपियों का दावा- पोर्न फिल्म में काम करने आई थी महिला

     

    जिन महिलाओं की नरबलि दी गई है उनके बारे में कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिल रही है. पुलिस, आरोपी और परिजन अलग-अलग जानकारी दे रहे हैं.

    केरल नरबलि मामले में अब नया मोड़, आरोपियों का दावा- ब्लू फिल्म में काम करने आई थी महिला

    केरल में नरबलि के मामले में घटनास्थल पर जांच करती पुलिस

    केरल के एलानथूर में कथित मानव बलि का मामला सामने आने के बाद से घटना से जुड़े कई पहलुओं को लेकर रहस्य बना हुआ है. यहां तक कि उन महिलाओं को लेकर भी रहस्य कायम है जिनकी कथित बलि के नाम पर हत्या कर दी गई. आरोपी भागवल सिंह, लैला और शफी के इस घिनौने कृत्य का सबसे पहले रोजलिन (49) शिकार बनीं. ऐसा बताया जा रहा है कि रोजलिन लॉटरी की टिकट बेचा करती थी, जबकि आरोपियों ने दावा किया है कि वह एक एडल्ट फिल्म में काम करने आई थी.

    शुरुआती खबरों में कहा गया कि रोजलिन लॉटरी का टिकट बेचती थी जबकि उनकी बेटी मंजू ने दावा किया कि उनकी मां घर-घर जाकर स्वास्थ्य उत्पाद बेचती थी. वहीं आरोपी लगातार यह दावा कर रहे हैं कि वह वेश्यावृत्ति (कॉल गर्ल) का काम करती थी. जो एक एडल्ट फिल्म में काम करने आई थी. पथनमथिट्टा के एलानथूर में स्थित एक मकान से रोजलिन के शव और घटना का शिकार बनी दूसरी महिला आर. पदम्म के अवशेष निकाले गए.

    पीड़िता को पति करना था परेशान

    रोजलिन की बेटी मंजू ने बताया कि उनकी मां पिछले छह साल से अपने साथी सजीश के साथ कलाडी के पास कई स्थानों पर रह चुकी थी. वह आठ जून से लापता थी. उनका परिवार मूल रूप से इडुक्की जिले के कट्टपना का रहने वाला था. करीब 20 साल पहले रोजलिन अपने दो बच्चों के साथ पति से अलग हो गई थी. मंजू ने कहा, ‘वह (सजीश) उन्हें मारा करता था. शुरुआत में हमें संदेह था कि उनके लापता होने के पीछे सजीश का हाथ है. लापता होने से पहले मेरी मां ने अपने सभी गहने सजीश को दे दिए थे, जिसने उसमें से कुछ गहने बेच भी दिए. पुलिस के हस्तक्षेप के बाद बाकी गहने हमें मिल पाए.’

    10 लाख का लालच देकर ले गया, महिला की हत्या

    पुलिस ने कहा, ‘वे पिछले छह साल से साथ रह रहे थे. वे उस इलाके में कई घरों में रह चुके थे और किसी भी पड़ोसी या मकान मालिक ने उनके बारे में कुछ गलत नहीं बताया.’ पुलिस ने बताया कि सजीश दिहाड़ी मजदूर है और उसके खिलाफ मारपीट की कोई शिकायत नहीं मिली है जैसा कि रोजलिन की बेटी ने आरोप लगाया है. मंजू ने कहा, ‘मेरी मां जब आठ जून को लापता हुई तब मैं उत्तर प्रदेश में थी. मैंने अगस्त में यहां लौटने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.’ रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी शफी ने रोजलिन को एक एडल्ट फिल्म में काम करने के लिए 10 लाख रुपये देने का वादा किया था और वहीं उन्हें घटनास्थल पर ले गया था. महिला की हत्या लैला ने की थी.

    मजदूरी करती थी दूसरी पीड़िता

    वहीं, मामले में जान गंवाने वाली दूसरी महिला आर. पदम्म दिहाड़ी मजदूरी का काम करती थी और घर चलाने के लिए घरेलू सहायिका का काम भी कर लेती थी. चेन्नई में रहने वाली पदम्म के बेटे सेल्वराज ने कहा, ‘मेरी मां को दिहाड़ी मजूदरी के लिए एक दिन के 150 रुपये मिलते थे. अधिकतम वह 1000 रुपये ही कमा पती थीं. घर चलाने के अलावा उन्होंने मुझे और मेरे भाई को पढ़ाया भी.’

    कोविड-19 वैश्विक महामारी के कारण दो साल तक बेरोजगार रहने के बाद सेल्वराज को करीब सात महीने पहले ही चेन्नई की एक आईटी कंपनी में नौकरी मिली थी. उनके बड़े भाई सेट्टू एक शिक्षक हैं और जल्द ही एक स्कूल में पढ़ाना शुरू करेंगे. सेल्वराज ने कहा, ‘मां आमतौर पर हमें रोजाना फोन करती थी, जबकि उन्हें फोन ज्यादा चलाना भी नहीं आता था. 26 सितंबर को जब उनका फोन नहीं आया और कई बार कोशिश करने पर भी जब उनसे संपर्क नहीं हो पाया तो हम घबरा गए. केरल के कल्लूर में रहने वाली मेरी मौसी पलानिम्मा ने कादवंथरा थाने में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई.’

    पलानिम्मा के अनुसार, उनकी बहन व उनके पति 15 साल पहले कोच्चि आए थे. परिवार ने पदम्म का सम्मान के साथ अंतिम संस्कार करने के लिए उनके शव के अवशेष मांगे हैं. इस संबंध में उन्होंने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री को एक ई-मेल किया है. पदम्म (42) की हत्या सितंबर के आखिरी सप्ताह में और रोजलिन की हत्या जून में की गई थी. मामले के मुख्य आरोपी शफी (52), भागवल सिंह (68) और उनकी पत्नी लैला (69) अभी पुलिस हिरासत में हैं. तीनों आरोपी पुलिस के समक्ष अपना गुनाह कबूल चुके हैं.

  • पूर्व बाहुबली विधायक विजय मिश्रा को कोर्ट से मिला झटका, आर्म्स एक्ट मामले में कोर्ट ने सुनाई 3 साल की सजा

    पूर्व बाहुबली विधायक विजय मिश्रा को कोर्ट से मिला झटका, आर्म्स एक्ट मामले में कोर्ट ने सुनाई 3 साल की सजा

    भदोही : उत्तर प्रदेश के जिले भदोही की ज्ञानपुर सीट से बाहुबली पूर्व विधायक विजय मिश्र को सोमवार को बड़ा झटका लगा है। आर्म्स एक्ट के मुकदमे में कोर्ट ने तीन साल जेल की सजा सुनाई है। यह फैसला साल 2009 के मामले में एसीजेएम साधना गिरी की अदालत ने सुनाया है। फिलहाल विजय मिश्र आगरा जेल में बंद है तो कड़ी सुरक्षा के बीच सोमवार को भदोही कोर्ट में पेश किया गया और सजा सुनाने के बाद जेल वापस भेज दिया गया। बता दें कि साल 2020 पुलिस ने विजय मिश्र को तब गिरफ्तार कर लिया जब वो मध्य प्रदेश से महाकाल का दर्शन कर लौट रहे थे। उसके बाद से ही वह आगरा जेल में बंद हैं।

    भदोही की ज्ञानपुर सीट से विधायक रहे बाहुबली विजय मिश्रा के खिलाफ 70 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। साल 2009 में बसपा सरकार में उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज किया था। उसके बाद समाजवादी पार्टी आने के बाद केस की सुनवाई लंबित हो गई। उसके बाद साल 2020 में जेल जाने के बाद उनके नए और पुराने मामले में सुनवाई तेज हुई है। करीब 13 साल तक चली सुनवाई के बाद एसीजेएम साधना गिरी की अदालत ने विजय मिश्रा को तीन साल कारावास की सजा सुनाई। वहीं इसको लेकर जिला शासकीय अधिवक्ता दिनेश पांडेय और सहायक जिला अभियोजन अधिकारी मुकेश कुमार का कहना है कि आर्म्स एक्ट के मुकदमें में कोर्ट ने तीन साल की सजा सुनाई है।

    वहीं दो साल पहले 2020 में उनके ही रिश्तेदार की तरफ से जमीन कब्जे का मुकदमा दर्ज होने के बाद पूरे परिवार पर शिकंजा कसा गया। उसके बाद पूर्व विधायक विजय मिश्रा को मध्य प्रदेश से पकड़ा गया। उनके जेल जाने के बाद पूरे परिवार के खिलाफ एक-एक कर कई मुकदमे दर्ज होने लगे। पुराने मामलों में भी अभियोजन की तरफ से कार्यवाही तेज की गई।

    बता दें कि विधायक विजय मिश्रा तीन बार समाजवादी पार्टी और चौथी बार निषाद पार्टी से विधायक चुने गए। ज्ञानपुर विधानसभा में एक ऐसी सीट थी जिस पर आजादी के बाद कोई दोबारा विधायक नहीं हुआ पर विजय मिश्र इस सीट से चार बार विधायक हुए जिसे लेकर उन पर आरोप लगते रहे कि अपने बाहुबल से जीत दर्ज की। साल 2017 में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने टिकट काट दिया था तब विजय मिश्र पार्टी से बगावत कर निषाद पार्टी से चुनाव लड़े और जीते।

  • दिवाली से पहले किसानों को मिला तोहफा, PM मोदी ने जारी की किसान सम्मान निधि की 12वीं किस्त

    दिवाली से पहले किसानों को मिला तोहफा, PM मोदी ने जारी की किसान सम्मान निधि की 12वीं किस्त

     

    नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 12वीं किस्त की 16000 करोड़ रुपए जारी की। मोदी ने भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान में आयोजित प्रधानमंत्री किसान सम्मान सम्मेलन के दौरान आठ करोड़ किसानों के बैंक खातों में 16000 करोड़ की राशि हस्तांतरित की। इसके तहत किसानों को दो-दो हजार रुपए की राशि उनके बैंक खातों में जारी की गई।

    पीएम किसान योजना के तहत सालाना किसानों को 6000 रुपए की आर्थिक मदद दी जाती है। इस वर्ष दूसरी बार किसानों के बैंक खातों में राशि जारी की गई है। इस अवसर पर केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री मनसुख मांडविया तथा कई अन्य मंत्री भी उपस्थित थे।

  • दिल्ली की महिला आयोग अध्यक्ष स्वाति मालीवाल के घर पर हुआ भयानक हमला, गाड़ियों में की गई तोड़फोड़

    दिल्ली की महिला आयोग अध्यक्ष स्वाति मालीवाल के घर पर हुआ भयानक हमला, गाड़ियों में की गई तोड़फोड़

     

    नई दिल्ली : दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल के घर पर हमला किया गया है। गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई है। राहत की बात ये है कि इस हमले में स्वाती मालीवाल और उनके परिवार के लोग सुरक्षित हैं। स्वाति मालीवाल ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है।

    जानकारी के मुताबिक, हमलावरों ने उनकी कार में तोड़फोड़ की है। घटना को लेकर स्वाति मालीवाल ने कहा है कि वे इन लोगों से डरने वाली नहीं हैं। स्वाति मालीवाल ने कहा कि शुक्र है कि घटना के दौरान मैं और मेरी मां दोनों घर पर नहीं थे, वरना पता नहीं क्या होता। कुछ भी कर लो, मैं डरुंगी नहीं। दिल्ली पुलिस से शिकायत कर रही हूं।

     

    बता दें कि कुछ दिन पहले ही स्वाति मालीवाल ने बताया था कि उन्हें सोशल मीडिया पर दुष्कर्म की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने इसकी शिकायत दिल्ली पुलिस से की है। स्वाति मालीवाल का आरोप है कि जब से उन्होंने फिल्म प्रोड्यूसर और बिग बास प्रतिभागी साजिद खान के खिलाफ आवाज उठाई है, तब से उन्हें विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर धमकियां दी जा रही हैं।

    स्वाति मालीवाल ने हाल ही में फिल्म निर्माता और निर्देशक साजिद खान को रियलिटी शो बिग बास से हटाने की मांग की थी। महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने कहा था कि साजिद खान पर 10 से अधिक महिलाओं के यौन उत्पीड़न और अश्लील व्यवहार का आरोप है।

  • कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए वोटिंग जारी, सोनिया और प्रियंका गांधी वाड्रा ने डाला वोट..

    कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए वोटिंग जारी, सोनिया और प्रियंका गांधी वाड्रा ने डाला वोट..

    कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए वोटिंग जारी, सोनिया और प्रियंका गांधी वाड्रा ने डाला वोट..

     

    पार्टी प्रेसिडेंट सोनिया गांधी, पूर्व पीएम मनमोहन सिंह, प्रियंका गांधी वाड्रा सहित 75 वर्किंग कमेटी मेंबर दिल्ली स्थितिऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी हेडक्वार्टर में अपना वोट डाले

    कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए वोटिंग जारी इस दौरान पार्टी के कई सीनियर लीडर्स ने वोट किया है. कांग्रेस में 22 साल बाद अध्यक्ष पद को लेकर चुनाव हो रहे हैं. आज 10 बजे से वोटिंग शुरू हुई है. पार्टी प्रेसिडेंट सोनिया गांधी, पूर्व पीएम मनमोहन सिंह, प्रियंका गांधी वाड्रा सहित 75 वर्किंग कमेटी मेंबर दिल्ली स्थिति ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी हेडक्वार्टर में अपना वोट डालेंगे. इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खरगे ने बेंगलुरु में अपना वोट डाला.