पंजाब सहित देश के 5 राज्यों में 40 से ज्यादा ठिकानों पर NIA की रेड- आतंकियों, गैंगस्टर्स और ड्रग तस्करों पर लिया बड़ा एक्शन…

नई दिल्ली : नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने आतंकवादियों, गैंगस्टर्स व ड्रग तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। एनआईए ने मंगलवार को देशभर के कई राज्यों में कई ठिकानों पर छापेमारी की। NIA ने ये छापेमारी दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में 40 से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी की है। लॉरेंस बिश्नोई, नीरज बवाना समेत कई गैंग से जुड़े लोगों के ठिकानों पर ये कार्रवाई की है। अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

पिछले 9 महीनों में सुरक्षा बलों ने पाकिस्तान से भारतीय सीमा में 191 ड्रोन्स की अवैध एंट्री रिपोर्ट की है। इससे देश की आंतरिक सुरक्षा को लेकर बड़ी चिंता खड़ी हुई है। भारत-पाकिस्तान सीमा पर तैनात सुरक्षा बलों के साथ केंद्र सरकार ने इस मामले में हाल ही में इनपुट शेयर किए हैं। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने सोमवार को भी पंजाब में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एक पाकिस्तानी ड्रोन को मार गिराया। रविवार को भी ऐसे ही एक ड्रोन को मार गिराया गया था जिसमें मादक पदार्थ था।

इससे पहले एनआईए ने जम्मू-कश्मीर के 8 जिलों में छापे मारे और प्रतिबंधित संगठन जमात-ए-इस्लामी (जेईआई) के मुखौटा समूह अल-हुदा एजुकेशनल ट्रस्ट (एएचईडी) के प्रमुख मोहम्मद आमिर शमशी को गिरफ्तार कर लिया। एनआईए के प्रवक्ता ने बताया एएचईटी, राजौरी की कथित आपराधिक गतिविधियों से जुड़े मामले के सिलसिले में राजौरी, पुंछ, जम्मू, श्रीनगर, बांदीपोरा, शोपियां, पुलवामा और बडगाम में 18 स्थानों पर छापे मारे गए।

गौरतलब है कि बीते महीने एनआईए की अगुवाई में कई एजेंसियों ने 11 राज्यों में आतंकवाद के वित्त पोषण में शामिल संदिग्धों के ठिकानों पर छापेमारी की थी। इस दौरान पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) के कम से कम 106 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने बताया कि सबसे अधिक गिरफ्तारियां केरल (22), महाराष्ट्र (20), कर्नाटक (20), आंध्र प्रदेश (5), असम (9), दिल्ली (3), मध्य प्रदेश (4), पुडुचेरी (3), तमिलनाडु (10), उत्तर प्रदेश (8) और राजस्थान (2) में की गईं।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *