Category: NATIONAL

  • मथुरा के मंदिर प्रशासन ने जारी किया ड्रेस कोड, फैशनेबल कपड़े पहनकर आने वालों को नहीं होंगे दर्शन

    मथुरा के मंदिर प्रशासन ने जारी किया ड्रेस कोड, फैशनेबल कपड़े पहनकर आने वालों को नहीं होंगे दर्शन

     

     
     

    मथुरा : मथुरा के वृंदावन के सप्त देवालयों में शामिल ठाकुर राधा दामोदर मंदिर में अमर्यादित (छोटे कपड़े) वस्त्र पहनकर दर्शन करने आने वालों पर रोक लगा दी गई है। मंदिर के गेट पर पुरुष और महिलाओं से ऐसे वस्त्र न पहनकर आने की अपील का बोर्ड लगा दिया है। सेवायत पूर्ण चंद गोस्वामी ने अन्य मंदिर संचालकों से भी ऐसे वस्त्र पहनकर आने वाले श्रद्धालुओं पर रोक लगाने का आह्वान किया है।

    उन्होंने बताया कि हमारी संस्कृति और शास्त्रों में मंदिरों में ऐसे वस्त्र पहनकर आना निषेध बताया है। बता दें कि देश के अलग-अलग हिस्सों से मंदिरों में मर्यादित वस्त्र पहनकर आने का आह्वान हो रहा है। उधर, बांकेबिहारी मंदिर के प्रबंधक ने कहा है कि धार्मिक स्थलों पर अमर्यादित वस्त्र पहनकर नहीं आना चाहिए। मंदिर की परंपरा का ध्यान रखना चाहिए।

    पंचायती मंदिर ठा. राधारमण लाल के पदाधिकारी अनुभूति गोस्वामी ने कहा कि लोगों को धार्मिक स्थल पर अशोभनीय वस्त्र नहीं पहनने चाहिए। बाकी वह स्वतंत्र हैं कि कब क्या पहनें। यह सनातन संस्कृति और परंपरा के खिलाफ है।

    ठा. राधावल्लभ मंदिर के सेवायत मुकेश बल्लभ गोस्वामी ने अपील का समर्थन करते हुए कहा कि सभी मंदिरों में ऐसा होना चाहिए। मंदिर की अपनी वेशभूषा होती है, देखते जा रहे हैं कि यहां फूहड़पन फैलाया जाता है जिस पर रोक लगनी ही चाहिए।

  • सिक्किम में फंसे 400 पर्यटकों को माैत के मुंह से बचा लाई भारतीय सेना, लोगों ने किया धन्यवाद..

     सिक्किम में फंसे 400 पर्यटकों को माैत के मुंह से बचा लाई भारतीय सेना, लोगों ने किया धन्यवाद..

     

     
     

    गंगटोक : भारतीय सेना ने सिक्किम में मूसलाधार बारिश के कारण हुए भूस्खलन और सडक़ें बाधित होने के कारण फंसे महिलाओं और बच्चों सहित लगभग 400 पर्यटकों को बचाया। रक्षा अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। रक्षा प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल महेंद्र रावत ने कहा कि शुक्रवार को मंगन जिले के लाचेन, लाचुंग और चुंगथांग में भारी मूसलाधार बारिश देखी गई, जिसके चलते लगभग 400 पर्यटक, जो लाचुंग और लाचेन घाटी की यात्रा कर रहे थे, मार्ग में भूस्खलन और बाधाओं के कारण चुंगथांग में फंस गए। उन्होंने कहा कि चुंगथांग के उप-विभागीय मजिस्ट्रेट के अनुरोध पर सेना की त्रिशक्ति कोर के जवानों ने कार्रवाई की और फंसे हुए पर्यटकों को सुरक्षित निकाल लिया। 113 महिलाओं और 54 बच्चों सहित फंसे हुए पर्यटकों को बचाने के बाद तीन अलग-अलग सेना शिविरों में ले जाया गया और उन्हें गर्म भोजन और गर्म कपड़े मुहैया कराए गए। सैनिकों ने पर्यटकों को समायोजित करने और उन्हें रात के लिए आरामदायक बनाने के लिए अपने बैरकों को खाली कर दिया। लेफ्टिनेंट कर्नल रावत ने कहा कि तीन मेडिकल टीमों का गठन किया गया था जिन्होंने सभी पर्यटकों की जांच की। सेना की मेडिकल टीम द्वारा प्रारंभिक चिकित्सा जांच में सभी पर्यटकों की हालत स्थिर पाई गई।

    हालांकि, शनिवार को गुरुडोंगमार झील घूमने गई एक महिला ने तेज सिरदर्द और चक्कर आने की शिकायत की। पास के एक फील्ड अस्पताल से मेडिकल टीम स्थान पर पहुंची और एक्यूट माउंटेन सिकनेस (एएमएस) के लक्षणों का पता लगाया। उसे तत्काल चिकित्सा प्रदान की गई और गंगटोक के मेडिकल अस्पताल में आईसीयू में स्थानांतरित कर दिया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई गई है। सैनिकों की त्वरित प्रतिक्रिया ने किसी भी दुर्घटना को टाल दिया और फंसे हुए पर्यटकों के लिए आराम सुनिश्चित किया। इस बीच, जल्द से जल्द वाहनों की आवाजाही के लिए सडक़ को खाली करने का प्रयास किया जा रहा है। पर्यटकों को उनकी आगे की यात्रा के लिए मार्ग साफ होने तक हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। प्रवक्ता ने कहा कि हिमालय के अत्यधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सीमा की रक्षा करते हुए, भारतीय सेना पर्यटकों और स्थानीय आबादी को सहायता प्रदान करने में सक्रिय रहती है।

  • धमाकों की धमकी के बाद पंजाब पुलिस ने सुरक्षा को चाकचौबंद…

     धमाकों की धमकी के बाद पंजाब पुलिस ने सुरक्षा को चाकचौबंद…

     

     
     

    बठिंडा  पंजाब के बठिंडा में आने वाले दिनों में धमाके करने की धमकी भरे पत्र कुछ लोगों को मिलने के बाद पुलिस ने सुरक्षा कड़ी कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गुरनीत खुराना ने शुक्रवार को मीडिया को बताया कि छह लोगों, जिनमें एक पूर्व विधायक शामिल हैं, को दो दिन पहले डाक से यह पत्र आया था। एक पत्र मूल प्रतिलिपि है और बाकी फोटोस्टेट प्रतियां।

    उन्होंने बताया कि पत्र की सामग्री समान है कि आने वाले दिनों में बठिंडा में धमाके करेंगे और लोगों का नुकसान करेंगे। उन्होंने कहा कि पत्र लेखक को ढूंढने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि हालांकि यह किसीकी शरारत लगती है पर पुलिस इसे हल्के से नहीं ले रही। उन्होंने कहा कि कई जगहों पर एंटी-सबोटेज जांच की गई है और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

  • सावधान: WhatsApp के माध्यम से हो रही धड़ल्ले से ठगी…

    सावधान: WhatsApp के माध्यम से हो रही धड़ल्ले से ठगी…

     
     

    नई दिल्ली : व्हाट्सएप्प का इस्तेमाल करने वालों युजर्स के लिए बेहद जरूरी खबर है। क्योंकि, ऐसे ही किसी कॉल, फेक मैसेज या वीडियो कॉल के जरिए हजारों लोग ठगे जाते हैं। ऐसे में यहां जानेंगे कि कैसे इन घटनाओं से सुरक्षित रहा जा सकता है। इंडियन एक्सप्रेस ने एक एक्सपर्ट की मदद से इस बारे में कुछ टिप्स दिए हैं।

    स्कैम वाले कॉल्स को पहचानना काफी आसान होता है। इनका प्रेजेंटेशन काफी अलग होता है। ये आमतौर पर मिस्ड कॉल्स होते हैं या कई बार इंटरनेशनल नंबर्स से मैसेज किए जाते हैं। इन नंबरों को सीधा ब्लॉक करना चाहिए और रिप्लाई करने से बचना चाहिए। साथ ही किसी भी तरह की निजी जानकारी नहीं शेयर करनी चाहिए।

    अगर किसी कंपनी के कर्मचारी को वॉट्सऐप के जरिए टारगेट कर अपना शिकार बना लिया जाए। तो ये कंपनी और उस कर्मचारी दोनों के लिए खतरा हो सकता है। कंपनी की निजी जानकारियां जैसे ID या यूजर एक्सेस पासवर्ड या कोई ऑफिशियल डेटा अगर स्कैमर्स के हाथ लग जाए तो बड़ा नुकसान हो सकता है। ऐसे में इन अटैक्स से बचने के लिए कर्मचारियों को अवेयर जरूर करना चाहिए।

    WhatsApp में किसी भी संभावित खतरे से बचने के लिए टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का इस्तेमाल करना चाहिए। इसका ऑप्शन आपके सेटिंग्स में अकाउंट में जाकर मिल जाएगा।

    अगर कभी भी किसी अननोन नंबर से आपको मैसेज या कॉल आए। तो उसे तुरंत ब्लॉक कर रिपोर्ट कर देना चाहिए। रिपोर्ट करने से वॉट्सऐप को भी उस नंबर पर एक्शन लेने में मदद मिलती है।

    साइबर अपराधी लोगों को ठगने के लिए नए-नए तरह के स्कैम लेकर आते हैं। इनसे बचने के लिए लोगों को हाल की घटनाओं से अपडेट रहना भी जरूरी है। साथ ही फोन और ऐप को भी लेटेस्ट सॉफ्टवेयर वर्जन पर अपडेट करना जरूरी होता है।

  • RBI ने किया बड़ा ऐलान; चलन से बाहर होगा 2000 रुपए का नोट,30 सितंबर तक बैंक में करा सकेंगे जमा

    RBI ने किया बड़ा ऐलान; चलन से बाहर होगा 2000 रुपए का नोट,30 सितंबर तक बैंक में करा सकेंगे जमा

     

     

     

    नई दिल्ली : केंद्रीय रिजर्व बैंक 2000 रुपए के नोट को चलन से वापस ले लेगा, लेकिन यह वैध मुद्रा बनी रहेगी। आरीबआई ने एक प्रेस रिलीज जारी कर इसकी पुष्टि की है। आरबीआई का कहना है कि अब 2 हजार के नए नोट जारी नहीं करेगा। 23 मई से 30 सितंबर तक नोटों की बदली बैंक में की जा सकेगी। उसके बाद यह नोट पूरी तरह से चलन से बाहर हो जाएगा। हालांकि, ये बतौर लीगल टेंडर मनी जारी रहेगा। इसका मतलब है कि यदि किसी के पास दो हजार रुपए का नोट है तो उसकी मान्यता बनी रहेगी।

    बता दें कि 8 नवंबर 2016 को केंद्र सरकार ने नोटबंदी का ऐलान किया था। इसके बाद 500 रुपये और 1000 रुपये के पुराने नोट बैन हो गए थे। इसके बदले में केंद्रीय रिजर्व बैंक ने 500 रुपये के नए नोट और 2000 रुपये के नोट को चलन में लाया था। हालांकि, कुछ ही साल में 2000 रुपये के नोट का सर्कुलेशन कम होता गया और ज्यादातर एटीएम से ये नोट गायब हो गए। अब रिजर्व बैंक ने वापस लेने का ऐलान कर दिया है।

  • G20 मीट से ठीक पहले संदिग्ध ISD नंबरों के खिलाफ पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

    G20 मीट से ठीक पहले संदिग्ध ISD नंबरों के खिलाफ पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

     

     
     

    श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कुछ संदिग्ध अंतरराष्ट्रीय मोबाइल फोन नंबरों के खिलाफ एक एडवाइजरी जारी की है, जो आगामी जी20 शिखर सम्मेलन के खिलाफ अफवाह फैला रहे हैं। पुलिस ने शुक्रवार को एक बयान में कहा, आम जनता को सलाह दी जाती है कि वे कुछ संदिग्ध दूरसंचार के प्रति सतर्क रहें। सलाह के मुताबिक प्लस 44 7520 693559, प्लस 447418343648 और प्लस 44 7520 693134, प्लस 44 7418 343648 या किसी आईएसडी नंबर/वर्चुअल नंबरों का जवाब न दें। ये नंबर आगामी जी20 कार्यक्रम के बारे में अफवाह फैला रहे हैं।

    विजय कुमार, एडीजीपी कश्मीर ने कहा कि ये नंबर देश विरोधी संदेश / प्रचार फैला रहे हैं और आम जनता से अनुरोध है कि वे इस तरह के प्रयासों के प्रति सतर्क रहें और ऐसी किसी भी संदिग्ध कॉल का जवाब न दें। पुलिस ने कहा, नागरिकों से अनुरोध है कि ऐसी सभी कॉल की सूचना पुलिस को दी जाए। साइबर पुलिस कश्मीर ने इसका संज्ञान लिया है और जांच जारी है।

    इसके अलावा, यदि किसी व्यक्ति को मामले से संबंधित कोई शिकायत या प्रश्न है, तो वह साइबर पुलिस स्टेशन कश्मीर या निकटतम पुलिस स्टेशन से संपर्क कर सकता है।

  • फिलीपींस से भारत लाया गया केटीएफ ऑपरेटिव अर्शदीप डल्ला का करीबी अमृतपाल, NIA ने किया गिरफ्तार

    फिलीपींस से भारत लाया गया केटीएफ ऑपरेटिव अर्शदीप डल्ला का करीबी अमृतपाल, NIA ने किया गिरफ्तार

     

     
     

    नई दिल्ली : राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने कनाडा स्थित गैंगस्टर्स और खालिस्तान टाइगर फोर्स (केटीएफ) के गुर्गे अर्शदीप डल्ला और सुखखा दुनी के करीबी सहयोगी अमृतपाल सिंह हेयर को हिरासत में लिया है। सूत्र ने कहा कि हेयर को इंटरपोल और अन्य अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों की मदद से फिलीपींस से भारत लाया गया है। आतंकवाद संबंधी कई मामलों में वांछित हेयर फिलीपींस में छिपा हुआ था।

    एनआईए सूत्रों ने बताया कि हेयर को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से हिरासत में लिया गया और फिर चंडीगढ़ ले जाया गया।
    सूत्र ने कहा, हेयर फिलीपींस से पूरे ऑपरेशन को संभाल रहा था। हेयर खालिस्तानी टाइगर फोर्स ग्रुप से जुड़ा हुआ है। हेयर पंजाब के मोगा जिले का रहने वाला है और पंजाब में हुई कई हत्याओं में शामिल रहा है।

    एनआईए के अधिकारी अब उनके चंडीगढ़ स्थित कार्यालय में उनसे पूछताछ करेंगे। सूत्र ने कहा, उनकी पूछताछ से हमें उनके भारतीय नेटवर्क का पदार्फाश करने में मदद मिलेगी। हमें उनसे पूछताछ के बाद कुछ गिरफ्तारियां होने की उम्मीद है।

  • माता वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर, मिलने जा रही ये सुविधा

    माता वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर, मिलने जा रही ये सुविधा

     

     

    मां वैष्णो देवी आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है। दरअसल, श्राइन बोर्ड प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए  10 अतिरिक्त आर.एफ .आई.डी. काऊंटर खोलने का फैसला किया है तांकि श्रद्धालुओं को कटड़ा में यात्रा पंजीकरण आर.एफ .आई.डी. हासिल करने के लिए अधिक समय तक कतारों में न खड़ा होना पड़े।

    बता दें कि  मां वैष्णो देवी भवन पर नमन हेतु आने वाले श्रद्धालुओं का आंकड़ा दिन-ब-दिन बढ़ता ही जा रहा है। आंकड़े बताते हैं कि अब तक जारी वर्ष में 33 लाख श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के दरबार में नमन कर आशीर्वाद प्राप्त किया है। अनुमान लगाया जा रहा है कि आने वाले दिनों में यह आंकड़ा और अधिक बढ़ेगा।  आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ौतरी के चलते ही उक्त फैसला लिया गया है।

  • सुप्रीम कोर्ट ने पश्चिम बंगाल में ‘द केरला स्टोरी’ से बैन हटाया, ममता सरकार को बडा़ झटका

    सुप्रीम कोर्ट ने पश्चिम बंगाल में ‘द केरला स्टोरी’ से बैन हटाया, ममता सरकार को बडा़ झटका
     
     

    नई दिल्ली : सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को फिल्म ‘द केरला स्टोरी’ से पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा लगाया गया बैन हटा दिया है। भारत के मुख्य न्यायाधीश डी. वाई. चंद्रचूड़ ने कहा कि अदालत पश्चिम बंगाल सरकार के आठ मई के उस आदेश पर रोक लगा रही है, जिसमें फिल्म ‘द केरला स्टोरी’ को बैन किया गया था।

    कोर्ट ने तमिलनाडु को भी ‘द केरला स्टोरी’ की सुरक्षित स्क्रीनिंग के लिए सिनेमा हॉल को पर्याप्त सुरक्षा प्रदान करने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि राज्य प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से फिल्म की स्क्रीनिंग को नहीं रोकेगा। सुनवाई के दौरान पीठ ने पश्चिम बंगाल सरकार का प्रतिनिधित्व कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता ए.एम. सिंघवी से कहा राज्य सरकार ने 13 लोगों के विचार के आधार पर फिल्म पर बैन लगा दिया। आपको कहीं भी 13 लोग मिल जाएंगे जो कहेंगे कि फिल्म पर प्रतिबंध लगा दें।

    शीर्ष अदालत ने कहा कि फिल्म देश में हर जगह रिलीज हो चुकी है। सिंघवी ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनसांख्यिकी बहुत अलग है और इस पर भी विचार करना होगा। मुख्य न्यायाधीश ने कहा, आप जनसांख्यिकीय हर जगह समान होने की उम्मीद नहीं कर सकते.. सत्ता का आनुपातिक तरीके से प्रयोग किया जाना है..

    मुख्य न्यायाधीश ने सिंघवी से कहा कि आप मौलिक अधिकारों को भावनाओं के सार्वजनिक प्रदर्शन पर निर्भर नहीं बना सकते और अगर आपको यह पसंद नहीं है, तो फिल्म न देखें। चीफ जस्टिस ने पश्चिम बंगाल सरकार के वकील से कहा कि अगर कोई घटना होती है तो राज्य सरकार किसी विशेष जिले में फिल्म के प्रदर्शन को रोक सकती है, लेकिन इसे पूरे राज्य में बैन नहीं किया जा सकता।

    पश्चिम बंगाल सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि फिल्म ‘द केरला स्टोरी’ मनगढ़ंत तथ्यों पर आधारित है और इसमें कई ²श्यों में हेट स्पीच है, जो समुदायों के बीच वैमनस्य पैदा कर सकती है। राज्य सरकार ने एक जवाबी हलफनामे में कहा कि अगर फिल्म को प्रदर्शित करने की अनुमति दी जाती है तो इससे शांति भंग हो सकती है।

    हलफनामे में कहा गया, फिल्म गलत तथ्यों पर आधारित है और इसमें कई ²श्यों में हेट स्पीच है जो सांप्रदायिक भावनाओं को आहत कर सकती है और समुदायों के बीच वैमनस्य पैदा कर सकती है जो अंतत: कानून और व्यवस्था की स्थिति पैदा करेगी। यह बात राज्य सरकार द्वारा प्राप्त विभिन्न खुफिया सूचनाओं से पता चली है।

    राज्य सरकार ने सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए पश्चिम बंगाल सिनेमा (विनियमन) अधिनियम की धारा 6 (1) का प्रयोग कर फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगा दी थी, जिसे सुप्रीम कोर्ट ने हटा दिया।

  • जानें किस जगह मिड डे मील खाने से 35 बच्चों की तबीयत बिगड़ी,मिड डे मील में बनी खिचड़ी में मिली मरी हुई छिपकली

    जानें किस जगह मिड डे मील खाने से 35 बच्चों की तबीयत बिगड़ी,मिड डे मील में बनी खिचड़ी में मिली मरी हुई छिपकली

     

     

    सारण : बिहार के छपरा जिले में मिड डे मील खाने की वजह से कई बच्चों की तबीयत बिगड़ गई है। एक के बाद एक 35 बच्चों की तबीयत बिगड़ने के बाद हड़कंप मच गया। आनन-फानन में सभी बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना डोरीगंज थाना क्षेत्र के रसूलपुर उत्क्रमित मध्य विद्यालय की है। दरअसल, जिस खिचड़ी का बच्चों ने सेवन किया उसमें मरी हुई छिपकली मिली है।

    सदर एसडीओ संजय कुमार ने सदर अस्पताल में बीमार बच्चों का जायजा लिया और बताया कि बच्चों की हालत फिलहाल स्थिर है। उन्होंने बताया कि सभी बच्चों का इलाज सही तरीके से किया जा रहा है और डॉक्टरों की टीम मुस्तैद है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की टीम इस पूरे मामले की जांच करेगी। शिक्षा विभाग के अधिकारियों को बुलाया गया है। मिड डे मील के में लापरवाही के इस मामले की जांच कराई जाएगी।

    इस बीच विद्यालय के छात्र आकाश कुमार ने बताया कि रोज की तरह आज सुबह बच्चे एमडीएम का भोजन लेकर खा रहे थे तभी आकाश के ही थाली में मरी हुई छिपकली निकली। आकाश ने इस बात की सूचना शिक्षकों को दी जिसके बाद अफरातफरी मच गई। आनन-फानन में मिड डे मील के वितरण को रोका गया। थोड़ी देर बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी और देखते ही देखते 50 बच्चे उल्टी करने लगे और बीमार हो गए। विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका पूनम कुमारी ने बताया कि एनजीओ के द्वारा भोजन का वितरण किया जाता है। पिछले कुछ दिनों से भोजन में काफी गड़बड़ियां पाई जा रही है।