तरनतारन में हुई बड़ी वारदात, युवक को गनप्वाइंट पर लेकर कैश व मोबाइल छीना, पत्नी के प्रेमी ने दिया वारदात को अंजाम
तरनतारनः पंजाब में विधानसभा चुनावों के मद्देनजर यहां पुलिस पुरी तरह सख्ती बरती जा रही है। वहीं अपराधी पुलिस को ठेंगा दिखाते हुए वारदातों को अंजाम देकर आसानी से फरार हो जाते हैं। ऐसा ही एक मामला तरनतारन के शाहबाजपुर में उस वक्त देखने को मिला, जब एक युवक अपने दोस्त के साथ बाईक पर जा रहा था तो रास्ते में कुछ युवकों ने उक्त युवक को टक्कर मारकर नीचे गिरा दिया जिसके बाद गनप्वाइंट पर लेकर उससे पैसे व मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए। इस दौरान युवकों द्वार उस पर फायर भी किए गए, जिसमें वह बाल-बाल बच गया। लूट का शिकार हुए युवक की पहचान भूपिंदर सिंह गांव गुलालीपुर के रूप में हुई है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस संबंधी जानकारी देते गांव गुलालीपुर निवासी भूपिंदर सिंह ने बताया कि नौ वर्ष पहले उसका विवाह गांव बैंका निवासी बलजीत कौर से हुआ था। विवाह के बाद बलजीत कौर अकसर मायके रहने लगी। जिस दौरान उसके संबंध वरिंदर सिंह उर्फ काली के साथ हो गए। उसने जब भी बलजीत कौर को समझाना चाहा तो वरिंदर उसे धमकाने लगा। आखिरकार पंचायत ने बलजीत कौर और भूपिंदर के बीच तलाक करवा दिया। इसके बाद भी बलजीत का प्रेमी भूपिंदर को अकसर धमकियां देता था।
24 जनवरी की दोपहर एक बजे भूपिंदर अपने दोस्त सरबजीत सिंह के साथ बाइक पर गांव गुलालीपुर जा रहा था। रास्ते में गांव शाहबाजपुर के पास वरिंदर कार लेकर आया और उसकी बाइक को साइड मार दी। टक्कर से भूपिंदर और उसका दोस्त सरबजीत सड़क पर जा गिरे। आरोपित वरिंदर ने अपने दो अज्ञात साथियों के साथ मिलकर भूपिंदर पर पिस्तौल से दो फायर कर दिए। निशाना चूकने से भूपिंदर बाल-बाल बच गया।








