Author: Sumesh Sharma

  • खौफनाक करतूत; इंजीनियरिंग तृतीय वर्ष की छात्रा को घर में बंधक बनाकर डाल दिया खौलता तेल; पीड़िता ने भागकर बचाई जान

     खौफनाक करतूत; इंजीनियरिंग तृतीय वर्ष की छात्रा को घर में बंधक बनाकर डाल दिया खौलता तेल; पीड़िता ने भागकर बचाई जान

    अमरावती (उत्तम हिन्दू न्यूज): आंध्र प्रदेश के काकीनाडा में जवाहरलाल नेहरू प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (जेएनटीयू) की एक छात्रा उस समय गंभीर रूप से घायल हो गई, जब उसके प्रेमी ने अपने घर के एक कमरे में बंधक बनाकर उसके हाथों और पैरों पर खौलता तेल डाल दिया। रविवार तड़के पीड़िता के वहां से निकलने और पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के बाद घटना सामने आई। उसे एलुरु के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

    पुलिस के अनुसार पीड़िता इंजीनियरिंग तृतीय वर्ष की छात्रा है। एलुरु निवासी युवती को दुग्गीराला निवासी अनुदीप ने प्रेमजाल में फंसा लिया था। उसने उससे शादी करने का वादा किया था। पांच दिन पहले अनुदीप बच्ची को दुग्गीराला स्थित अपने घर ले गया था। उसने उसे एक कमरे में बंद कर दिया, जहां वह उसे प्रताड़ित कर रहा था। उसने उसे जान से मारने की धमकी दी थी।

    पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसने आधी रात के बाद फांसी लगाकर उसकी हत्या करने की योजना बनाई थी। हालांकि, वह भागने में सफल रही और अपने घर पहुंच गई। उसने अपने माता-पिता की मदद से शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चल रहे अनुदीप की तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि आरोपी मारिजुआना और अन्य नशीले पदार्थों का आदी है और प्यार के नाम पर कई लड़कियों को धोखा दे चुका है।

  • पंजाब में महंगी रेत से मिलेगी निजात, सार्वजनिक खदानों से अब तक लोगों ने 5.82 लाख मीट्रिक टन सस्ती रेत खरीदी

    पंजाब में महंगी रेत से मिलेगी निजात, सार्वजनिक खदानों से अब तक लोगों ने 5.82 लाख मीट्रिक टन सस्ती रेत खरीदी

    -5.50 रुपए प्रति क्यूबिक फुट रेत वाली सार्वजनिक खदानों की संख्या हुई 55

    चंडीगढ़ : पंजाब में महंगी रेत अब बीते कल की बात हो गई है। खनन माफिये पर नकेल कसने और सस्ती दरों वाली सार्वजनिक खदानें शुरू करने से पंजाब निवासियों को अब सस्ती रेत मिलने लग गयी है। राज्य में लोगों को सस्ती दरों पर रेत और बजरी मुहैया कराने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कल पाँच जिलों की 20 और सार्वजनिक खदानें लोगों को समर्पित की। अब राज्य में ऐसी 55 सार्वजनिक खदानें चल रही हैं जिनसे 5.50 रुपए प्रति क्यूबिक फुट के हिसाब से रेत मिल रही है।

    लुधियाना, फ़िरोज़पुर, मोगा, होशियारपुर और एस. बी. एस. नगर जिलों की 20 नयी खदानें चलने से जहाँ अब संख्या 55 हो गई है वहीं राज्य सरकार जल्द पंजाब भर में 150 सार्वजनिक खदानों को कार्यशील करेगी। सार्वजनिक खदानों के चलने से राज्य के लोगों को बड़ी राहत मिली है। इन खदानों में केवल हाथों से ही रेत की खुदाई करने की इजाज़त है, जबकि मशीनों के द्वारा खुदाई का कार्य नहीं किया जा सकेगा। लोगों को मिल रही सुविधा का अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि इससे पहले अब तक राज्य में चल रही 35 सार्वजनिक खदानों के द्वारा 5.82 लाख मीट्रिक टन रेत की खरीद लोगों द्वारा की जा चुकी है और 20 नयी खदानें शुरू होने से 18.29 लाख मीट्रिक टन रेत लोगों को मुहैया होगी। इन खदानों पर प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष ढंग से नौजवानों के लिए रोज़गार के मौके पैदा हुए हैं।

    मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि राज्य सरकार ने पिछली सरकारों में प्रफुल्लित रेत माफिये की जड़ काट दी है जिससे लोगों को सस्ती दरों पर रेत मुहैया हो सके। खनन मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों पर खनन विभाग लोगों को सस्ती रेत मुहैया करवाने के लिए लगातार काम कर रहा है और कुल 150 सार्वजनिक खदानें चलाने का लक्ष्य जल्द पूरा होगा।

  • खराब हुए मौसम के कारण हिमस्खलन के बाद पिंडारी ग्लेशियर में फंसे 13 अमेरिकी पर्यटक, बचाव कार्य में जुटा प्रशासन…

     खराब हुए मौसम के कारण हिमस्खलन के बाद पिंडारी ग्लेशियर में फंसे 13 अमेरिकी पर्यटक, बचाव कार्य में जुटा प्रशासन…

    देहरादून : उत्तराखंड में खराब मौसम एक बार फिर पर्यटकों के लिए मुसीबत बन गया है। साहसिक यात्रा पर निकले 13 अमेरिकी उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में हिमस्खलन के बाद पिंडारी ग्लेशियर में फंस गए हैं। पर्यटकों के दल में एक भारतीय भी शामिल भी है। राहत की बात यह रही कि 14 पर्यटकों का दल हिमस्खलन के बाद खुद ही सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए हैं।

    पर्यटकों के दल के हिमस्खलन में फंसे होने की सूचना के बाद जिला प्रशासन भी अलर्ट मोड पर आ गया। प्रशासन की ओर से राहत व बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ, मेडिकल टीम और राजस्व विभाग की टीम को भेजा गया है। प्रशासन की टीम रेस्क्यू कार्य के लिए जीरो प्वाइंट के लिए रवाना कर दिया है।

    जानकारी के अनुसार, बीती तीन अप्रैल को 14 लोगों का एक दल पिंडारी ग्लेशियर के लिए रवाना हुआ था। दल को लीलम तक जाना था। गुरुवार रात दल के सदस्य पिंडारी में हुए हिमस्खलन में फंस गए। उनका ज्यादातर सामान भी बर्फ में दब गया। सूझबूझ दिखाते हुए दल के सभी सदस्य किसी तरह सुरक्षित बच गए।

    शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी सेटेलाइट फोन से मिलने के बाद हरकत में आए जिला प्रशासन ने पर्यटक दल के सभी सदस्यों को वहां से सुरक्षित निकालने के लिए एयरफोर्स का चॉपर भेजने की तैयारी शुरू की। साथ ही कपकोट से एसडीआरएफ, स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति एवं राजस्व विभाग की टीम को मौके के लिए रवाना किया गया।

    इस बीच पर्यटक दल के सदस्यों ने सेटेलाइट फोन से रानीखेत के नंदादेवी आउटडोर लीडरशिप स्कूल के संचालक को सुरक्षित होने की जानकारी दी। जिला प्रशासन पूरी तरह से एक्टिव है। राहत व बचाव कार्य में तेजी लाई जा रही है।

    बागेश्वर डीएम, अनुराधा पाल ने बताया कि पिंडारी ग्लेशियर जा रहा 14 सदस्यीय दल सुरक्षित जीरो प्वाइंटतक पहुंच गया है। एसडीआरएफ और मेडिकल टीम को जीरो प्लाइंट के लिए रवाना कर दिया है। कहा कि जल्द ही पर्यटकों के दल को रेस्क्यू कर लिया जाएगा। सभी पर्यटकों को सुरक्षित निकालकर वापस आ जाएंगे।

  • एक पक्षीय तलाक के बाद समय पर अपील न करने पर कोई भी पक्ष कर सकता है पुनर्विवाह: हाईकोर्ट

    एक पक्षीय तलाक के बाद समय पर अपील न करने पर कोई भी पक्ष कर सकता है पुनर्विवाह: हाईकोर्ट

     

    नई दिल्ली : दिल्ली उच्च न्यायालय ने कहा कि तलाक विवाहित जोड़ों को अलग करता है, वे पति और पत्नी के रूप में अपनी पहचान खो देते हैं और अगर तलाक एक पक्षीय है, तो दी गई समयावधि के भीतर अपील न करने पर कोई भी पक्ष कानूनन पुनर्विवाह कर सकता है। जस्टिस संजीव सचदेवा और विकास महाजन की खंडपीठ ने एक महिला द्वारा दायर याचिका पर विचार करते हुए यह कहा। महिला ने 2003 में निचली अदालत द्वारा उसकी अनपस्थिति में दी गई तलाक के आदेश को चुनौती दी थी, उसके पति ने फिर से शादी कर ली थी।

    याचिकाकर्ता ने फैसले की तारीख के 18 महीने बाद अतिरिक्त जिला न्यायाधीश के समक्ष तलाक को असफल रूप से चुनौती दी। पूर्व पति ने उच्च न्यायालय के समक्ष जिला न्यायाधीश के आदेश के खिलाफ याचिका का विरोध किया, जिसमें कहा गया कि उसने पूर्व पक्ष के आदेश के 17 महीने बाद दोबारा शादी की और अब उस दूसरी शादी से उसके दो बच्चे हैं।

    पीठ ने कहा कि हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 15 के अनुसार,समय पर अपील न करने पर एक तलाकशुदा हिंदू जोड़ा दूसरी शादी करने के लिए सक्षम हो जाता है। चूंकि वर्तमान मामले में समयावधि के भीतर कोई अपील नहीं की गई थी, याचिका में कोई योग्यता नहीं है।

    खंडपीठ ने कहा, यह सामान्य बात है कि डिक्री होने के बाद विवाह का विघटन पूरा हो जाता है। तलाक का एक आदेश वैवाहिक बंधन को तोड़ देता है और पक्षकार एक-दूसरे के संबंध में पति और पत्नी का दर्जा खो देते हैं।

    अदालत ने कहा, तलाक की एकतरफा डिक्री के मामले में भी किसी भी पक्ष के लिए फिर से शादी करना वैध होगा, अगर इसके खिलाफ समयावधि के भीतर अपील दायर नहीं की जाती है। अदालत के अनुसार, याचिकाकर्ता को कानूनी रूप से तलाक की कार्यवाही से संबंधित समन तामील किया गया था और पूर्व पति ने कोई धोखाधड़ी नहीं की है।

  • सुप्रीम कोर्ट ने पलटा हाईकोर्ट का फैसला : कारखाना एक्ट के तहत सरकारी कर्मचारी दोहरे ओवरटाईम और भत्ते का दावा नही सकते है

    You are currently viewing सुप्रीम कोर्ट ने पलटा हाईकोर्ट का फैसला : कारखाना एक्ट के तहत सरकारी कर्मचारी दोहरे ओवरटाईम और भत्ते का दावा नही सकते है

    सुप्रीम कोर्ट ने पलटा हाईकोर्ट का फैसला : कारखाना एक्ट के तहत सरकारी कर्मचारी दोहरे ओवरटाईम और भत्ते का दावा नही सकते है

    दिल्ली : सुप्रीम कोर्ट ने अपने एक अहम फैसले में कहा है कि यदि सेवा नियम में प्रावधान नहीं है तो सरकारी कर्मचारी कारखाना एक्ट के तहत दोहरे ओवरटाईम और भत्ते का दावा नहीं कर सकते। जस्टिस सुब्रहमण्यम और पंकज मिथल की बेंच ने यह फैसला देते हुए बॉम्बे हाईकोर्ट का फैसला निरस्त कर दिया। साथ ही राज्य की उस अपील को स्वीकार कर लिया, जिसमें कहा गया था कि कर्मचारी कारखाना एक्ट के तहत दोहरे ओवरटाईम और भत्ते के लाभ के लिए पूरी तरह से अधिकृत है।

    सरकारी कर्मचारी कई विशेष लाभों का आनंद लेता है

    बेंच ने कहा कि राज्य या केंद्र सरकार में सिविल पदों या सिविल सेवा में नियुक्ति एक स्टेटस का मामला है। यह ऐसा रोजगार नहीं है, जो सेवा अनुबंध और श्रमिक कल्याण कानूनों से संचालित हो। बेंच ने कहा कि सरकारी कर्मचारी कई विशेष लाभों जैसे आवधिक वेतन संशोधन के प्रावधान आदि का आनंद लेते हैं, जो कारखाना एक्ट के दायरे में आने वाले श्रमिकों को नहीं मिलते। ऐसे में सरकारी कर्मचारियों के दावों की जांच करने की आवश्यकता है कि कहीं वे दोनों लाभ तो हासिल नहीं करना चाहते।

    अदालत ने कहा कि सरकारी कर्मचारी हमेशा सरकार के अधीन रहते हैं। यह कहने की आवश्यकता नहीं है कि किसी भी व्यक्ति द्वारा किसी भी लाभ का दावा नहीं किया जा सकता है। वास्तव में प्रतिवादियों के लिए दोहरे ओवरटाईम भत्ते के भुगतान की मांग करने की कोई गुंजाइश नहीं थी।

    साप्ताहिक अवकाश धारा-52 के तहत

    सिविल पदों पर नहीं होने वाले कर्मचारी कारखाना एक्ट (धारा-51) से संचालित होते हैं, जिन्हें निश्चित सीमाओं के अंदर साप्ताहिक घंटों में हफ्ते में छह दिन काम करना पड़ता है। साप्ताहिक अवकाश धारा-52 के तहत दिया जाता है। रोजाना काम के घंटे धारा-34 में उल्लेखित हैं। कारखाना एक्ट के कर्मियों का वेतन एक अवधि के बाद स्वत: संशोधित नहीं किया जाता, जैसा कि सरकारी सेवा में वेतन आयोग होता है।

    कर्मचारियों की मांग सेवा नियमों पर आधारित नहीं

    बेंच ने आगे कहा कि कारखाना एक्ट के तहत उद्योगों में लगे कर्मियों के विपरीत सरकारी कर्मियों को हर समय अपने आप को सरकार की सेवा में लगाए रहना है। वे इसके लिए ओवरटाईम नहीं मांग सकते। ऐसे में याचिकाकर्ताओं को दोहरे ओवरटाईम की मांग करने की कोई गुंजाइश नहीं है। यहां सरकारी कर्मियों की मांग सेवा नियमों पर आधारित नहीं, बल्कि कारखाना एक्ट की धारा-59 के तहत है। चूंकि सरकारी सेवा नियम ओवरटाईम का प्रावधान नहीं करते, इसलिए उनका दावा स्वीकार करने योग्य नहीं है।

    सरकारी व निजी सेवा का फर्क समझाने में विफल

    सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि श्रम पंचाट और हाईकोर्ट यह समझने में विफल रहे हैं कि सरकारी और निजी सेवा में क्या फर्क है। अपील स्वीकार करते हुए कोर्ट ने कहा, जो कर्मचारी रिटायर हो गए हैं या मृत हो गए हैं, उनसे भुगतान कर दिए ओवरटाईम की रिकवरी नहीं की जाए।

    क्या है मामला?

    मामला – वित्त मंत्राल के तहत बनी कंपनी, जो करेंसी नोट छापती है के कर्मियों का था। उन्होंने कारखाना एक्ट, 1948 के तहत दोहरे डबल ओवरटाईम और भत्ते की मांग की थी। इस मांग को श्रम न्यायाधिकरण और बॉम्बे हाईकोर्ट ने स्वीकार कर लिया था।

  • कोच्चि यात्रा के दौरान आत्मघाती हमले की धमकी ; PM मोदी को जान से मारने की धमकीके बाद राज्य में हाई अलर्ट; जांच में जुटी पुलिस

      कोच्चि यात्रा के दौरान आत्मघाती हमले की धमकी ; PM मोदी को जान से मारने की धमकीके बाद राज्य में हाई अलर्ट; जांच में जुटी पुलिस

    नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केरल दौरे से पहले एक धमकी भरा पत्र मिला है, जिसके बाद पूरे राज्य को हाई अलर्ट पर रखा गया। ये पत्र केरल बीजेपी अध्यक्ष के. सुरेंद्रन को भेजा गया। लेटर भेजने वाले ने 24 अप्रैल को पीएम मोदी की कोच्चि यात्रा के दौरान आत्मघाती हमले की धमकी दी है। इस पत्र में भेजने वाले का नाम और पता सब कुछ लिखा गया है। इसके तुरंत बाद पुलिस वहां तक पहुंच गई जिसका नाम पत्र में लिखा था।

    पुलिस जब उसके घर पहुंची तो वो डर गया और सभी आरोपों से इंकार किया है। उसने कहा कि किसी ने मुझे फंसाने के लिए मेरा नाम लेटर के ऊपर लिख दिया है। जबकि मुझे मालूम तक नहीं है कि ये मैटर क्या है? हालांकि केरल में हाई अलर्ट है। वाहनों की चेकिंग की जा रही है। बस स्टाप, रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट में भी चेकिंग बढ़ गई है।

    इसी बीच सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक का एक लेटर भी मीडिया में सामने आ गया। ADGP के लेटर में बैन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) से खतरे सहित कई और गंभीर खतरों पर प्रकाश डाला गया है।

    बता दें, पीएम मोदी 24 को केरल पहुंचेगे। यहां पर वो एक रोडशो करें और जनसभा को संबोधित भी करने वाले हैं। केरल बीजेपी को पीएम के इस दौरे से बहुत उम्मीदें हैं। पार्टी दक्षिण भारत में अपना कैडर बढ़ा रही है। पीएम मोदी के रोडशो के दौरान भारी संख्या में लोग पहुंचेंगे। इसको देखते हुए अब ये धमकी भरा पत्र मिलना चिंता की बात है। हालांकि ये लेटर फेक भी हो सकता है लेकिन इसको हल्के में नहीं लिया जा सकता। सभी एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं।

  • आप नेता को गुजरात पुलिस ने वसूली के आरोप में किया गिरफ्तार, आप के साथ कांग्रेस ने गिरफ्तारी को लेकर की सत्तारूढ़ भाजपा की आलोचना

    You are currently viewing आप नेता को गुजरात पुलिस ने वसूली के आरोप में किया गिरफ्तार, आप के साथ कांग्रेस ने गिरफ्तारी को लेकर की सत्तारूढ़ भाजपा की आलोचना

    आप नेता को गुजरात पुलिस ने वसूली के आरोप में किया गिरफ्तार, आप के साथ कांग्रेस ने गिरफ्तारी को लेकर की सत्तारूढ़ भाजपा की आलोचना

    गुजरात : गुजरात पुलिस ने दो लोगों से एक करोड़ रुपये वसूलने के आरोप में भावनगर में आम आदमी पार्टी (आप) के नेता युवराज सिंह जडेजा को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बताया कि जिन दो लोगों से कथित तौर पर वसूली की गयी है उनमें से एक पर डमी उम्मीदवार गिरोह का मास्टरमाइंड होने का आरोप है जिसका हाल में पर्दाफाश किया गया।

    उन्होंने बताया कि आप की युवा इकाई के नेता जडेजा को पुलिस द्वारा घंटों की पूछताछ के बाद शुक्रवार रात को गिरफ्तार कर लिया गया। जडेजा को इस महीने की शुरुआत में कथित डमी उम्मीदवार गिरोह का खुलासा करने का श्रेय जाता है। भावनगर के पुलिस महानिरीक्षक गौतम परमार ने बताया कि जडेजा ने डमी उम्मीदवार गिरोह में कथित संलिप्तता को लेकर उनके नामों का एक संवाददाता सम्मेलन में खुलासा न किए जाने के बदले में मामले के कथित मास्टरमाइंड प्रकाश दवे से 45 लाख रुपये और प्रदीप बरैया से 55 लाख रुपये वसूले।

    जडेजा की गिरफ्तारी के बाद आप के साथ ही कांग्रेस ने प्रश्न पत्र लीक और सरकारी नौकरियों के लिए भर्ती में डमी उम्मीदवार मामलों का पर्दाफाश करने के लिए जडेजा को निशाना बनाने को लेकर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी की आलोचना की है।

  • जालंधर लोक सभा उपचुनाव के लिए भाजपा ने जारी की अपने स्टार प्रचारकों की सूची

    जालंधर लोक सभा उपचुनाव के लिए भाजपा ने जारी की अपने स्टार प्रचारकों की सूची

    नई दिल्ली : पंजाब के जालंधर में होने वाले लोक सभा उपचुनाव के लिए भाजपा ने अपने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। पार्टी ने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, सोम प्रकाश, अर्जुन राम मेघवाल, पंजाब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, पंजाब के प्रभारी एवं गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग, महेंद्र सिंह, नरेंद्र सिंह रैना और सुनील जाखड़ सहित 40 नेताओं को जालंधर लोक सभा उपचुनाव के लिए अपने स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया है।

    पार्टी ने इसके अलावा लोक सभा सांसद मनोज तिवारी, लोक सभा सांसद हंस राज हंस, अनिल जैन, अविनाश राय खन्ना, मनजिंदर सिंह सिरसा, राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी, बलबीर सिंह सिद्धू और राष्ट्रीय प्रवक्ता सरदार आर पी सिंह समेत पंजाब भाजपा के कई अन्य महत्वपूर्ण नेताओं को भी स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया है।

    आपको बता दें कि, पंजाब के जालंधर लोक सभा सीट पर उपचुनाव के तहत 10 मई को मतदान होगा। भाजपा ने इस सीट पर सरदार इंदर इकबाल सिंह अटवाल को चुनावी मैदान में उतारा है। नतीजों की घोषणा 13 मई को होगी।

  • कोरोना ने फिर तरेरी आंखे: 24 घंटे में नए केस 12 हजार के पार, 42 की मौत

    कोरोना ने फिर तरेरी आंखे: 24 घंटे में नए केस 12 हजार के पार, 42 की मौत

    नई दिल्ली : भारत में कोरोना के नए मामलों का ग्राफ हर दिन बदल रहा है। पहले दो दिन केस में बढ़ोतरी देखी गई फिर शुक्रवार को सात फीसदी की कमी दर्ज की गई। आज फिर कोरोना महामारी के नए मामलों में वृद्धि दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों में कोरोना 12,193 नए मामले सामने आए हैं। इसके बाद एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 67, 556 हो गई है। इसके अलावा पिछले 24 घंटों में 42 लोगों की मौत हो गई है। इसमें से 10 मौतें अकेले केरल से हैं। इसी के साथ मौतों का कुल आंकड़ा 531300 हो गया है।

    जानकारी के मुताबिक एक्टिव केस कुल मामलों का 0।15 फीसदी है, जबकि रिकवरी रेट 98।66 प्रतिशत दर्ज की गई। इससे पहले शुक्रवार को कोरोना के 11692 नए मामले सामने आए थे। यानी पिछले 24 घंटों में 501 नए मामले मामले बढ़े हैं। जानकारी के मुताबिक सबसे ज्यादा मामले केरल से सामने आ रहे हैं। इसके अलावा दिल्ली, महाराष्ट्र जैसे बड़े राज्य भी कोरोना का हॉटस्पोट बने हुए हैं।

    महाराष्ट्र में भी कोरोना बेकाबू होता जा रहा है। शुक्रवार को यहां 933 नए मामले दर्ज किए गए जबकि 5 लोगों की मौत हो गई। इसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या 8160499 हो गई जबकि मरने वालों का आंकड़ा 148497 हो गया।वहां स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक कोरोना के बढ़ते मामलों के लिए ओमिक्रॉन का XBB।1।16 वेरिएंट जिम्मेदार है। अभी तक इस वेरिएंट ते 681 केस सामने आ चुते हैं जबकि 5 लोगों की इसके चलते मौत हो गई है।

    कोरोना के बढ़ते खतरे को देखते हुए 8 राज्यों को स्थिति पर खास नजर बनाए रखने के लिए कहा गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, राजस्थान, महाराष्ट्र, केरल, कर्नाटक, हरियाणा और दिल्ली के स्वास्थ्य सचिवों को पत्र लिखा औऱ सभी जिलों में निगरानी बढ़ाने को कहा।

    उन्होंने पत्र में कहा कि इस साल मार्च से ही कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। पिछले हफ्ते कोरोना के 10262 मामले दर्द किए गए थे। इसके अलावा पॉजिटिविटी रेट में भी इजाफा हो रहा है। 19 अप्रैल को खत्म हुए हफ्ते में 5।5 फीसदी पॉजिटिविटी रेट दर्ज की गई जबकि इससे पिछले हफ्ते पॉजिटिविटी रेट 4।7 फीसदी था। पत्र में कहा गया है कि महामारी अभी तक खत्म नहीं हुई है। ऐसे में हमें और सतर्क रहने की जरूरत है।

  • Punjab News: अमीर होने के लिए फतेहगढ़ साहिब में महिला की बलि देने की कोशिश, पुलिस ने दो को किया गिरफ्तार

    You are currently viewing Punjab News: अमीर होने के लिए फतेहगढ़ साहिब में महिला की बलि देने की कोशिश, पुलिस ने दो को किया गिरफ्तार

    Punjab News: अमीर होने के लिए फतेहगढ़ साहिब में महिला की बलि देने की कोशिश, पुलिस ने दो को किया गिरफ्तार

    फतेहगढ़ साहिब (कुलदीप गोयल) एक महिला की हत्या के प्रयास की गुत्थी को फतेहगढ़ साहिब पुलिस ने 24 घंटे के अंदर सुलझा कर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने अमीर होने के लिए नहर के पास महिला की बलि देने का प्रयास किया था। उन्होंने उसकी गर्दन पर दातर से हमला कर उसे मरा समझ कर फेंक दिया था।

    आईजी रूपनगर रेंज गुरप्रीत सिंह भुल्लर और एसएसपी फतेहगढ़ साहिब डॉ. रवजोत गरेवाल ने बताया कि घटना 19 अप्रैल की है। पुलिस को सूचना मिली कि एक अधेड़ उम्र की महिला को अज्ञात लोगों ने जान से मारने की नीयत से उस पर हमला किया। सीआईए सरहिंद की टीम संयुक्त रूप से जांच कर कुछ घंटों के भीतर आरोपी कुलदीप सिंह और जसवीर सिंह उर्फ जस्सी निवासी गांव फिरोजपुर (फतेहगढ़ साहिब) के थन्ना अमलोह इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया। उनके खिलाफ फतेहगढ़ साहिब थाना में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।