Author: Sumesh Sharma

  • JEE Advanced परीक्षा का रिजल्ट जारी: महिला व पुरुष टॉपर हैदराबाद जोन से, प्रभव बने दिल्ली जोन के टॉपर

    JEE Advanced परीक्षा का रिजल्ट जारी: महिला व पुरुष टॉपर हैदराबाद जोन से, प्रभव बने दिल्ली जोन के टॉपर

     

     
     

    नई दिल्ली (उत्तम हिन्दू न्यूज): देशभर के आईआईटी संस्थानों में दाखिले के लिए जेईई एडवांस परीक्षा के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं। आईआईटी गुवाहाटी द्वारा जारी किए गए जेईई एडवांस्ड 2023 के नतीजों के मुताबिक वविला चिदविलास रेड्डी ऑल इंडिया टॉपर बने हैं। वहीं नेयकांती नागा भव्या श्री जेईई एडवांस की महिला टॉपर घोषित की गई हैं। वहीं आईआईटी दिल्ली जोन की बात करें तो प्रभव खंडेलवाल दिल्ली जोन के टॉपर हैं, उनकी ऑल इंडिया रैंकिंग 6 है। इस बार की परीक्षाओं में हैदराबाद जोन का प्रदर्शन बेहतरीन रहा है। टॉप 10 में से 6 छात्र हैदराबाद जोन से हैं।

    जेईई एडवांस की इस परीक्षा में करीब 1 लाख 80 हजार छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे जिनमें से 43,773 ने क्वालीफाई की है। कुल 36,264 छात्रों और 7509 छात्राओं ने यह परीक्षा क्वालीफाई की है। इस बार परीक्षाओं में हैदराबाद जोन से सबसे अधिक छात्र चुने गए हैं। यहां से कुल 10432 छात्र इस परीक्षा में उत्तीर्ण हुए हैं।

    आईआईटी गुवाहाटी के मुताबिक जेईई एडवांस के ऑल इंडिया टॉप 10 छात्रों में पहले स्थान पर आईआईटी हैदराबाद जोन के वविला चिदविलास रेड्डी हैं। रेड्डी ने जेईई एडवांस्ड में 360 में से 341 अंक हासिल कर इस परीक्षा में टॉप किया है। दूसरे स्थान पर रमेश सूर्य थेजा हैं, वह भी आईआईटी हैदराबाद जोन से हैं। ऑल इंडिया टॉपर की लिस्ट में तीसरे स्थान पर ऋषि कालरा, चौथे स्थान पर राघव गोयल हैं, यह दोनों ही छात्र आईआईटी रुड़की जोन के हैं। पांचवें स्थान पर आईआईटी हैदराबाद जोन के अड्डगडा वेंकट शिवराम हैं।

    जारी किए गए नतीजों के मुताबिक, ऑल इंडिया टॉप 10 में छठा स्थान आईआईटी दिल्ली जोन के छात्र प्रभव खंडेलवाल ने हासिल किया है। सातवें स्थान पर आईआईटी हैदराबाद जॉन के छात्र बिकीना अभिनव चौधरी हैं। इस सूची में सातवें स्थान पर आईआईटी दिल्ली जोन के छात्र मलय केडिया हैं। नौवें स्थान पर नागिरेड्डी बालाजी रेड्डी और 10वें स्थान पर यक्कंती पाणी वेंकट मानेधर रेड्डी हैं। ये दोनों छात्र भी आईआईटी हैदराबाद जोन से हैं।

    आईआईटी गुवाहाटी ने बताया कि परीक्षा में शामिल छात्र अपना रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं। इसके साथ ही आईआईटी गुवाहाटी ने आधिकारिक रिजल्ट जारी करते हुए बताया कि इस वर्ष लगभग 1,95,000 छात्रों ने जेईई एडवांस की प्रवेश परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया था। संस्थान के मुताबिक परीक्षा में दोनों पेपरों के लिए 1,80,372 उम्मीदवार ही उपस्थित हुए थे।

    जारी किए गए परीक्षा परिणाम के मुताबिक आईआईटी हैदराबाद जोन से कुल 10,432 छात्र इस परीक्षा में उत्तीर्ण हुए हैं। वहीं दिल्ली जोन की बात करें तो आईआईटी दिल्ली जोन से 9290, आईआईटी बॉम्बे जोन से 7957, आईआईटी खड़गपुर जोन से 4618, आईआईटी कानपुर जोन से 4582, आईआईटी रुड़की से 4499 और आईआईटी गुवाहाटी जोन से 2395 छात्र-छात्राएं इस परीक्षा में पास हुए हैं।

    इनके अलावा जेईई एडवांस्ड 2023 परीक्षा के लिए कुल 125 विदेशी उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 108 उपस्थित हुए और 13 ने परीक्षा उत्तीर्ण की है।

    खास बात यह है जेईई एडवांस्ड 2023 परीक्षा की महिला टॉपर भी हैदराबाद जोन से हैं। हैदराबाद जोन से आने वाली नयकांती नागा भाव्या श्री ने जेईई एडवांस में 298 अंक का स्कोर अर्जित किया है। उन्हें इस वर्ष जेईई एडवांस परीक्षा में महिला टॉपर घोषित किया गया है। आईआईटी गुवाहाटी ने जेईई एडवांस्ड 2023 परीक्षा की फाइनल आंसर की भी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी है। उम्मीदवार इसे भी चेक कर सकते हैं।

  • दर्दनाक: ट्यूशन से लौट रहा था 10वीं का छात्र, हमलावरों में पेट्रोल छिड़कर जिंदा जलाया

    दर्दनाक: ट्यूशन से लौट रहा था 10वीं का छात्र, हमलावरों में पेट्रोल छिड़कर जिंदा जलाया

     

     
     

    अमरावती : आंध्र प्रदेश के बापतला जिले में आज 10वीं कक्षा के एक छात्र को कुछ अज्ञात लोगों ने जिंदा जला दिया। हमलावरों ने अमरनाथ (15) पर उस समय पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी जब वह ट्यूशन के लिए जा रहा था। गंभीर हालत में उसे गुंटूर के एक सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।

    घटना आज चेरुकुपल्ली मंडल (ब्लॉक) के राजावोलु गांव में हुई। स्थानीय स्कूल में 10वीं का छात्र अमरनाथ अपनी साइकिल से ट्यूशन जा रहा था, तभी रेडलापलेम के पास कुछ युवकों ने उसे रोक लिया। उस पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी।

    उसके रोने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग आग बुझाने पहुंचे और उसे जीजीएच गुंटूर ले गए, लेकिन उसकी मौत हो गई। मरने से पहले अपने बयान में लड़के ने पुलिस को बताया कि वेंकटेश्वर रेड्डी और कुछ अन्य लोगों ने उसे टॉर्चर किया।

    इस बीच, अमरनाथ के दादा रेड्डैया ने कहा कि हत्या के लिए वो लड़का जिम्मेदार है जो उनकी पोती को परेशान कर रहा था। अमरनाथ ने अपनी बहन को परेशान करने के लिए लड़के की खिंचाई की थी। उसने लड़के से उस कॉलेज में घूमने के लिए मना किया था जहां उसकी बहन पढ़ती थी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।

  • राजस्थान में बिपरजॉय की एंट्री, उत्तर भारत के राज्यों के लिए अलर्ट- दिल्ली-NCR में झमाझम बारिश

    राजस्थान में बिपरजॉय की एंट्री, उत्तर भारत के राज्यों के लिए अलर्ट- दिल्ली-NCR में झमाझम बारिश

     

     
     

    नई दिल्ली : बिपरजॉय तूफान का असर गुजरात के साथ ही अब राजस्थान और दिल्ली एनसीआर तक नजर आने लगा है। राजस्थान में बिपरजॉय तूफान की एंट्री के बाद बाड़मेर में बारिश तेज बारिश शुरू हो गई है। प्रशासन की टीमें खतरे वाले गांव को खाली करा रही हैं। तूफान के कारण प्रदेश के जैसलमेर, बाड़मेर, जालोर, जोधपुर, पाली और सिरोही में सबसे ज्यादा खतरा है।

    बाड़मेर में मूसलाधार बारिश शुरू हो गई है। भारी बारिश के कारण कलेक्ट्रेट सहित सड़कों पर पानी भर गया है। एसडीआरएफ मौके पर राहत बचाव में जुट गई है। बाड़मेर में प्रशासन की ओर से अलर्ट जारी कर दिया गया है। बचाव टीमें गांवों को खाली करवा रही हैं।

    राजस्थान के साथ दिल्ली एनसीआर में भी झमाझम बारिश शुरू हो गई है। वहीं इन दोनों राज्यों के अलावाउत्तर प्रदेश समेत बाकी उत्तर भारत के राज्यों में घने बादल छा गए हैं। इन सभी राज्यों में अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक अगले पांच दिनों तक दिल्ली एनसीआर के अलावा उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा को लोगों को चिलचिलाती गर्मी से काफी राहत मिलने वाली है।

  • जानिए किस जगह  नशाखोरी के खिलाफ सड़क पर उतरे बजरंग दल कार्यकर्ताओं पर हुआ लाठीचार्ज

    जानिए किस जगह  नशाखोरी के खिलाफ सड़क पर उतरे बजरंग दल कार्यकर्ताओं पर हुआ लाठीचार्ज

     

     
     

    इंदौर : मध्य प्रदेश की व्यापारिक नगरी इंदौर नशे के कारोबार का बड़ा अड्डा बनत जा रहा है। बढ़ती नशाखोरी के खिलाफ गुरुवार की रात को सड़क पर उतरे बजरंग दल के कार्यकर्ताओंपर पुलिस ने लाठियां बरसाईं। वहीं बाद में बजरंग दल कार्यकर्ताओ ने पथराव किया। बजरंग दल के कार्यकर्ता गुरुवार की रात को शहर में बढ़ती नशाखोरी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे और उन्होंने पलासिया क्षेत्र में चक्का जाम भी किया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को चक्का जाम खत्म करने को कहा, मगर उन्होंने पुलिस की नहीं सुनी। उसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बलपूर्वक हटाने की कोशिश की और लाठियां भी चलाई, इससे बजरंग दल के कई कार्यकर्ताओं को चोटें आई हैं।

    पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी तरह की आंदोलन, धरना, प्रदर्शन की सूचना नहीं दी गई थी जब इन कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम किया, तो उन्हें समझाइश दी गई, बाद में उन्हें हटाने के लिए बल प्रयोग किया गया।

  • बाबा बर्फ यात्रा की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला, CRPF ने की डॉग स्क्वॉड की तैनाती

    बाबा बर्फ यात्रा की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला, CRPF ने की डॉग स्क्वॉड की तैनाती

     

     
     

    नई दिल्ली : अमरनाथ यात्रा से पहले केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने उधमपुर जिले के विभिन्न स्थानों पर अपने विशेष डॉग स्क्वॉड को तैनात किया है। अमरनाथ यात्रा 1 जुलाई को पहलगाम में नुनवान और मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले के बालटाल के दो पारंपरिक मार्गों से शुरू होगी। सीआरपीएफ में 137 बटालियन के कमांडेंट रमेश कुमार ने कहा कि तीर्थयात्रियों के लिए डरने की कोई बात नहीं है।

    जम्मू-कश्मीर प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को केंद्र शासित प्रदेश में आगामी अमरनाथ यात्रा के लिए तैयारियों और सुरक्षा का जायजा लिया। दक्षिण कश्मीर में 3,880 मीटर ऊंचे गुफा मंदिर की 62 दिवसीय तीर्थ यात्रा एक जुलाई से शुरू होकर 31 अगस्त तक चलने वाली है। जम्मू के उपायुक्त अवनी लवासा ने विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ यात्री निवास, जम्मू रेलवे स्टेशन, वैष्णवी धाम, सरस्वती धाम और पंचायत भवन का दौरा किया।

    लवासा ने पंजीकरण काउंटरों, आवास केंद्रों और यात्री निवास में आवास, सुरक्षा, वाई-फाई की स्थापना, बिजली और पानी की आपूर्ति, साफ-सफाई और स्वच्छता और चिकित्सा सुविधाओं सहित अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि उपायुक्त ने रेलवे स्टेशन परिसर के भीतर पर्यटक स्वागत केंद्र भवन में स्थापित होने वाले आरएफआईडी केंद्र का भी निरीक्षण किया। बता दें, पिछले साल 3.45 लाख लोगों ने पवित्र गुफा का दर्शन किया था और इस साल यह आंकड़ा 5 लाख तक जा सकता है।

  • मेदांता अस्पताल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद मचा हड़कंप; देर रात तक पुलिस ने चलाया तलाशी अभियान

    मेदांता अस्पताल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद मचा हड़कंप; देर रात तक पुलिस ने चलाया तलाशी अभियान

     

     
     

    पटना : बिहार की राजधानी पटना के मेदांता अस्पताल को उड़ा देने की मिली धमकी के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। सूचना के बाद गुरुवार देर रात तक पुलिस अस्पताल परिसर में तलाशी अभियान चलाया, जहां किसी प्रकार की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस के मुताबिक, गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में एक अनजान शख्स ने फोन कर देश भर के सभी मेदांता अस्पताल को उड़ाने की धमकी देते हुए कहा कि सभी अस्पतालों में बम रख दिया गया है।

    पटना के कंकड़बाग स्थित मेदांता अस्पताल को इसकी सूचना मिलने के बाद अस्पताल प्रशासन ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने तत्काल बम स्क्वॉड और श्वान दस्ते के साथ तलाशी प्रारंभ की। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि जांच के बाद यह सूचना अफवाह निकाली। पुलिस ने देर रात तक अस्पताल परिसर के चप्पे चप्पे की तलाशी ली, लेकिन कहीं कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस अब मामले की जांच में जुटी है।

  • चक्रवात तूफान बिपरजॉय से खंभे टूटे-पेड़ उखड़े, 1000 गांवों की बिजली गुल… गुजरात में बिपरजॉय का कहर; 100 ट्रेनें भी रद्द

    चक्रवात तूफान बिपरजॉय से खंभे टूटे-पेड़ उखड़े, 1000 गांवों की बिजली गुल… गुजरात में बिपरजॉय का कहर; 100 ट्रेनें भी रद्द

     

     
     

    गांधीनगर : अरब सागर से उठे चक्रवात तूफान बिपरजॉय ने गुजरात के कई जिलों में तबाही मचा दी है। चक्रवात गुरुवार शाम को गुजरात में जखाऊ पोर्ट से टकराया था। इसके बाद राज्य में 115-125 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। तूफान के कारण हजारों पेड़ और सैकड़ों बिजली के खंभे उखड़ गए, जिसके चलते करीब 1000 गांव अंधेरे में डूब गए हैं।

    जानकारी के अनुसार, मोरबी जिले में 115-120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से भारी बारिश और तेज हवाओं ने कहर बरपाया, जिससे 300 से अधिक बिजली के खंभे और हजारों पेड़ उखड़ गए, जिससे लगभग 45 इलाकों में बिजली गुल हो गई। पश्चिम गुजरात विज कंपनी लिमिटेड (पीजीवीसीएल) के अधिकारियों ने कहा कि प्रभावित नौ गांवों में बिजली बहाल करने के प्रयास चल रहे हैं। मोरबी में पीजीवीसीएल के कार्यकारी अभियंता, जे.सी. गोस्वामी ने बताया, “तेज हवा से बिजली के तार और खंभे टूट गए, जिससे मालिया तहसील के 45 गांवों में बिजली गुल हो गई। हम 9 गांवों में बिजली बहाल कर रहे हैं और बाकी गांवों में बिजली बहाल कर दी गई है।”

    अधिकारियों के अनुसार, चक्रवाती तूफान के कारण मोरबी के मलिया तालुका में दो बिजली स्टेशनों को बंद कर दिया गया है। उन्होंने कहा, “तटीय और रेगिस्तानी इलाकों में 300 से ज्यादा बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हो गए हैं।”

    इससे पहले गुरुवार की शाम गुजरात के तटीय इलाकों में ‘बिपरजॉय’ चक्रवात के कारण बिजली के खंभे और पेड़ उखड़ गए, जबकि पिता-पुत्र सहित दो लोगों की मौत हो गई और कम से कम 22 लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने कहा कि इसके अलावा, 23 जानवरों की भी मौत हो गई है और गुजरात में विभिन्न स्थानों पर तेज हवाओं के साथ 524 से अधिक पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए हैं, जिससे लगभग 940 गांवों में बिजली की आपूर्ति ठप हो गई है।

    इस बीच, गुजरात के रिलीफ कमिश्नर आलोक पांडे ने कहा कि अचानक बाढ़ आने की संभावना है और भारी वर्षा के साथ पूरे गुजरात में रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। “तूफान की नजर वर्तमान में पाकिस्तान-कच्छ सीमा के पास है। हवा की औसत गति 78 किमी प्रति घंटे है। बिजली आउटेज की संभावना है। आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, तूफान कल दक्षिणी राजस्थान तक पहुंच जाएगा।”

    उन्होंने कहा कि निचले इलाकों में लोगों को सतर्क कर दिया गया है। अचानक बाढ़ आने की संभावना है। तूफान के केंद्र के पास भारी बारिश के साथ पूरे गुजरात में रुक-रुक कर बारिश की उम्मीद है।

    इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार की तड़के कहा कि चक्रवात ‘बिपरजॉय’ के शुक्रवार सुबह तक और कमजोर होने और बाद की शाम को कमजोर होने की उम्मीद है।

    आईएमडी के अधिकारियों ने कहा कि ‘गंभीर’ चक्रवाती तूफान बिपरजॉय सौराष्ट्र-कच्छ क्षेत्र पर केंद्रित है और इसके उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को राजस्थान में भारी बारिश की उम्मीद है।

    आईएमडी ने एक ट्वीट में कहा, “गंभीर चक्रवाती तूफान बिपरजॉय आज 16 जून को 02:30 बजे तक नलिया से 30 किमी उत्तर में सौराष्ट्र-कच्छ क्षेत्र में केंद्रित था।”

    आईएमडी के निदेशक मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि चक्रवात अब समुद्र से जमीन की ओर बढ़ गया है और सौराष्ट्र-कच्छ की ओर केंद्रित है। महापात्रा ने बताया कि चक्रवात बिपरजॉय उत्तर-पूर्व की ओर चला गया और जखाऊ बंदरगाह, गुजरात के करीब पाकिस्तान तट से सटे सौराष्ट्र-कच्छ को पार कर गया है। चक्रवात अब समुद्र से जमीन की ओर बढ़ गया है और सौराष्ट्र-कच्छ की ओर केंद्रित है।

    उन्होंने कहा कि हालांकि, चक्रवात की तीव्रता घटकर 105-115 किमी प्रति घंटे हो गई है। इसकी श्रेणी बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान (वीएससीएस) से गंभीर चक्रवाती तूफान (एससीएस) में बदल गई है। 16 जून (शुक्रवार) को राजस्थान में भारी बारिश हो सकती है।

    गुजरात के तटीय क्षेत्रों में तूफान के आने के बाद गुरुवार और शुक्रवार की मध्यरात्रि को चक्रवात बिपरजॉय की तीव्रता ‘बहुत गंभीर’ से ‘गंभीर’ श्रेणी में कम हो गई। कई दिनों से अरब सागर के ऊपर बना चक्रवात बिपरजॉय गुजरात के तटीय इलाके में पहुंचा और ट्रेन सेवाओं को भी प्रभावित किया। पश्चिम रेलवे ने कहा कि इसके कारण, गुजरात के बिपरजॉय प्रभावित क्षेत्रों से चलने वाली, शुरू होने वाली या समाप्त होने वाली लगभग 99 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया या शॉर्ट-टर्मिनेट कर दिया गया।

    अधिकारियों ने कहा कि कई राहत और बचाव टीमें अलर्ट पर हैं क्योंकि हजारों लोगों को गुजरात में सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

  • जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा में सुरक्षाबलों ने शुरू की बड़ी कार्रवाई, एनकाउंटर में मार गिराए 5 आतंकवादी

      जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा में सुरक्षाबलों ने शुरू की बड़ी कार्रवाई, एनकाउंटर में मार गिराए 5 आतंकवादी

     

     
     

    जम्मू : जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में सुरक्षाबलों ने बड़ी कार्रवाई की है। सेना ने एक ऑपरेशन के दौरान 5 आतंकियों को ढेर किया है। सेना ने इस कार्रवाई के बाद इलाके की घेराबंदी कर दी है और सर्च ऑपरेशन जारी है। सेना को सूत्रों से जानकारी मिली थी कि 5 आतंकी छुपे हुए हैं और इसके बाद पुलिस के साथ मिलकर सेना ने ऑपरेशन शुरू किया और फिर 5 आतंकियों को ढेर कर दिया।

    बता दें कि गुप्त सूचना के आधार पर मिली जानकारी के अनुसार सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया था और इसी सर्च ऑपरेशन के दौरान आतंकियों ने उन पर फायरिंग कर दी। सुरक्षा एजेंसियों और आतंकियों के बीच इस मुठभेड़ में 5 पाकिस्तानी आतंकी मार गिराए हैं।

    जानकारी के अनुसार सेना ने गुरुवार (15 जून) को जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में आतंकी घुसपैठ की कोशिश नाकाम करते हुए नियंत्रण रेखा के पास से बड़ी संख्या में हथियार और गोला-बारूद बरामद किए थे। अधिकारियों ने बताया कि कृष्णा घाटी सेक्टर में तलाशी अभियान के दौरान यह बरामदगी हुई है जिसमें स्टील कोर कारतूस और पाकिस्तान में बनी दवाइयां भी शामिल हैं।

    जम्मू में सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल देवेंद्र आनंद ने कहा, भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक संयुक्त अभियान में सतर्क जवानों ने 14 और 15 जून की मध्यरात्रि को कृष्णा घाटी सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया था।

    सेना के अधिकारियों ने बताया कि जवानों ने पुख्ता सूचना के आधार पर तलाशी अभियान शुरू किया और इस दौरान दो बैग मिले जिसमें एक एके-47 राइफल, नौ मैगजीन, 438 कारतूस, चार मैगजीन के साथ दो पिस्तौल और छह ग्रेनेड के अलावा कुछ कपड़े और दवाइयां थे। लेफ्टिनेंट कर्नल आनंद ने कहा, इस त्वरित कार्रवाई से घुसपैठ की एक और कोशिश नाकाम कर दी गई है, जिससे पुंछ जिले में शांति भंग होने की आशंका थी।

    अधिकारियों ने बताया कि बुधवार देर रात सीमा पार से घुसपैठ की कोशिश कर रहे संदिग्ध आतंकवादियों की गतिविधि को भांपने के बाद सेना के जवानों ने गोलीबारी की। हालांकि, आतंकवादी घने कोहरे और अंधेरे का फायदा उठाकर हथियारों और गोला-बारूद की खेप को छोड़कर भागने में सफल रहे।

  • चक्रवात बिपरजॉय के कारण गुजरात में भारी बारिश की चेतावनी जारी,लगभग 67 ट्रेनें रद्द; कई पेड़ गिरे- 47 हजार लोग किए गए शिफ्ट

    चक्रवात बिपरजॉय के कारण गुजरात में भारी बारिश की चेतावनी जारी,लगभग 67 ट्रेनें रद्द; कई पेड़ गिरे- 47 हजार लोग किए गए शिफ्ट

     

     
     

    कच्छ : भीषण चक्रवाती तूफान बिपरजॉय के गुरुवार को गुजरात में दस्तक देने की आशंका के मद्देनजर भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार तक सौराष्ट्र-कच्छ क्षेत्रों में बारिश की चेतावनी जारी की है और मछुआरों को सलाह दी है कि वे समुद्र में न जाएं। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने एहतियात के तौर पर चक्रवात संभावित क्षेत्रों से गुजरने वाली 67 ट्रेनों को रद्द करने का फैसला किया है।

    रद्द की गई कुछ ट्रेनों में ओखा-राजकोट अनारक्षित स्पेशल, वेरावल-ओखा एक्सप्रेस, राजकोट-ओखा अनारक्षित स्पेशल, भावनगर टर्मिनस-ओखा एक्सप्रेस, अहमदाबाद-वेरावल एक्सप्रेस, पोरबंदर-वेरावल एक्सप्रेस शामिल हैं। भारतीय तटरक्षक बल भी गुजरात के तट पर सक्रिय रूप से गश्त कर रहा है। बिपाजॉय वर्तमान में पोरबंदर और देवभूमि द्वारका के दक्षिण पश्चिम में स्थित है। इसके गुरुवार शाम को अत्यधिक चक्रवाती तूफान के रूप में जखाऊ बंदरगाह के पास से गुजरने की उम्मीद है।

    चक्रवात बिपारजॉय का सूरत में गंभीर असर देखा जा रहा है। सूरत में कई स्थानों पर तेज हवा की वजह से पेड़ उखड़ गए। चक्रवात तूफान में अंजना फार्म के पास कई पेड़ गिरे हैं। एक युवक मोबाइल फोन पर बात कर रहा था, तभी उसपर पेड़ गिर गया। गनीमत रही कि युवक की जान बच गई। पूरी घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई। इस बीच मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने इमरजेंसी मीटिं की। आईएमडी ने अब ऑरेंज के बदले सौराष्ट्र-कच्छ तट पर रेड अलर्ट जारी किया है।

    चक्रवात बिपारजॉय के संभावित खतरे की वजह से गुजरात में हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। चक्रवात का सबसे ज्यादा असर कच्छ में देखा जा रहा है। यहां 17,739 लोगों को शिफ्ट किया गया है। इनके अलावा जामनगर में भी 8,542 लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ा। गुजरात सरकार ने विस्थापित लोगों के लिए सैकड़ों राहत शिविर स्थापित किए हैं। कुल 47,113 लोग विस्थापित हुए हैं। जूनागढ़ – 4,462, पोरबंदर – 3,469, द्वारका – 4,863, मोरबी – 1,936, राजकोट – 4,497 लोग शिफ्ट किए गए हैं।

  • जालंधर:DMA के प्रेस सचिव पर कातिलाना हमला कर लूटने वाले 7 आरोपियों के खिलाफ थाना रामा मंडी में एफआईआर दर्ज

    जालंधर:DMA के प्रेस सचिव पर कातिलाना हमला कर लूटने वाले 7 आरोपियों के खिलाफ थाना रामा मंडी में एफआईआर दर्ज

     

    जालंधर:DMA के प्रेस सचिव पर कातिलाना हमला कर लूटने वाले 7 आरोपियों के खिलाफ थाना रामा मंडी में एफआईआर दर्ज

     

    *🟦नशा तस्करों के खिलाफ खबरें लगाने पर किया गया था जानलेवा हमला*

    *🟦पत्रकार पर दोबारा हो सकता है जानलेवा हमला, पुलिस कमिश्नर पत्रकार की सुरक्षा के लिए उठाए कड़े कदम – डीएमए*

    जालंधर (13 जून 2023) थाना रामा मंडी की पुलिस ने उजाला केसरी समाचार पत्र के मुख्य संपादक व डिजिटल मीडिया एसोसिएशन के जिला प्रैस सचिव नीरज जिंदल गोल्डी पर कातिलाना हमला कर लूट करने वालों के खिलाफ एफ. आई. आर नंबर 163 दर्ज किया गया है।

    इस एफ. आई. आर में पुलिस ने 323, 324, 341, 148, 149, 506, 382 IPC के अधीन अमरीक नगर के मुख्य आरोपी साहबी बावा, राजू कश्पय, ललित शर्मा निप्पु, शिवम, विशाल शर्मा, सुदेश शेशा पर अन्य साथियों पर लूटपाट व संगीन धाराओ के तहत हुआ मामला दर्ज कर लिया है।

    सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार उक्त आरोपी कुछ राजनीतिक नेताओं की शरण लिए हुए है ताकि बच बचाव हो सके।

    इस मौके नीरज जिंदल ने आरोप लगाया कि चिट्टे व नशा तस्करों के खिलाफ आवाज बुलंद करने पर उन पर हमला किया गया है क्योकि उन की और से 09-06-2023 को एक समाचार में वार्ड नंबर 56 के अलग अलग मुहल्ले में नशा बेचने वालो के खिलाफ आवाज बुलंद की गयी थी और नशा तस्करों के खिलाफ सिंघम बने थाना रामा मंडी के एस. एच. ओ नवदीप सिंह के कार्य का नशा तस्करों, स्नैचरो. चोरो, एन.डी.पी.एस के तस्करों खिलाफ रिपोर्ट कार्ड पेश किया गया था जिस कारण कातिलानआ हमला कर लूटा गया।

    इस बाबत नीरज जिंदल गोल्डी ने कहा कि साहबी व उसके साथियों के पास अवैध हथियार है जो मेरी जान ले सकते है उन्होने माननीय मुख्यमंत्री पंजाब सरदार भगवंत सिंह मान, डी.जी.पी पंजाब, पुलिस कमिशनर जालंधर से सुरक्षा की मांग की है ।

    उन्होंने कहा कि अगर मेरा कोई जान माल का नुक्सान होता है तो उक्त लोग व इनका परिवार जिम्मेदार होगा।

    उन्होने कहा मेरे अखबार की आवाज को नशा तस्कर कभी दबा नही सकते इसके लिए चाहे वोह जो मर्जी यत्न कर लें।

    उन्होने कहा अब तक नशा तस्कर कई हमले कर चुके है लेकिन मेरी और अखबार की कलम को रोक नही सके।