पांच मंजिला इमारत गिरी, 30 से ज्यादा लोगों के दबे होने की आशंका,तीन शव मिले..
लखनऊ : लखनऊ में पांच मंजिला इमारत भरभराकर गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई है। 30 से ज्यादा लोगों के दबे होने की आशंका है। घटना हजरतगंज के वजीर हसन रोड स्थित अलाया अपार्टमेंट में हुई है। मौके पर डीएम सूर्य पाल गंगवार समेत कई अफसर पहुंचे हैं। बचाव और राहत का कार्य चल रहा है। एनडीआरएफ और एसडीआर को मौके पर बुलाया गया है।
इस पर सीएम योगी ने भी संज्ञान लिया है। अफसरों को राहत बचाव के कई निर्देश दिए हैं। मौके पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और नगर विकास मंत्री एके शर्मा भी पहुंचे हैं। ब्रजेश पाठक ने बताया कि हादसे का कारण पता किया जा रहा है। तीन शव मिल चुके हैं। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ राहत कार्य में लगी हैं। यह भी बताया जा रहा है कि इस बिल्डिंग में कुछ दिनों से बेसमेंट में कुछ काम चल रहा है। राहत के लिए जेसीबी को भी बुलाया गया है।
बताया जाता है कि अपार्टमेंट में सात परिवार रहते थे। हादसे के कारण वहां खड़ी कई गाड़ियां भी चकनाचूर हो गई हैं। पुलिस के जवानों को अंदर से कुछ आवाजें भी सुनाई दी हैं। उस आवाज की तरफ जाने की कोशिश हो रही है। जिस स्थान पर अपार्टमेंट है वहां रास्ता भी संकरा है, इससे पहुंचने में भी दिक्कत हो रही है। मौके पर कई एम्बुलेंस भी बुलाई गई है। अधिकारियों ने अस्पतालों और ब्लड बैंकों को भी अलर्ट कर दिया गया है।









Leave a Reply