अमृतसर में पाकिस्तानी तस्करों ने की बीएसएफ पर फायरिंग, एक जवान घायल, एके-47 सहित 47 पैकेट हैरोइन बरामद
अमृतसरः भारत-पाक सीमा पर शुक्रवार को पाकिस्तानी तस्करों ने बीएसएफ की टुकड़ी पर फायरिंग कर दी जिसमें एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं बीएसएफ की जवाबी कार्रवाई के बाद तस्कर हैरोइन की बड़ी खेप छोड़कर फरार हो गए। मुठभेड़ के बाद बीएसएफ ने पूरे इलाके की घेराबंदी करके सर्च आप्रेशन शुरू कर दिया है। बीएसएफ ने इस कार्रवाई में पाक तस्करों द्वारा छोड़ी गई 47 पैकेट हैरोइन सहित, एक एके-47, 7 छोटे पैकेट अफीम, एक नोरिंको चाइना मेड पिस्टल व दो मैग्जीन, .30 कैलेबर 44 राउंड, 4 एके 47, 7.62 कैलेबर के 74 राउंड, 1 पेइट्रो बेरेटा 9 एमएम इटालियन पिस्टल, एक मैग्जीन व 12, 9एमएम के राउंड बरामद किए, जिन्हें जब्त कर लिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मुठभेड़ शुक्रवार अलसुबह 5 बजे के करीब हुई। बीएसएफ के जवान हेड कांस्टेबल ज्ञान सिंह ने गुरदासपुर के गांव चंदू वड़ाला स्थित चैक पोस्ट के करीब कंटीली तारों के आगे कुछ हरकत देखी। उन्होंने सतर्क होते हुए गोलियां चलाईं तो दूसरी तरफ से पाकिस्तानी तस्करों ने भी फायर किया। इसमें हेड कांस्टेबल घायल हो गए। गोलियों की आवाज सुनकर अन्य जवान भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने मोर्चा संभाल लिया। दोनों पक्षों के बीच काफी समय फायरिंग हुई। फिर तस्कर मौका देख भाग गए। वहीं ज्ञान सिंह को तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में ले जाया गया, जहां से उन्हें गुरु नानक देव अस्पताल अमृतसर रेफर कर दिया गया है। हालांकि उनकी हालत अब स्थिर है।
मुठभेड़ के बाद बीएसएफ के जवानों ने रात के समय ही सर्च ऑपरेशन चलाने का फैसला किया। अधिक फॉग होने के कारण तस्करों ने खेप पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन बीएसएफ के जवानों ने सतर्क होकर इस प्रयास को विफल कर दिया।








Leave a Reply