रूस में फंसे 8 पंजाबियों को सुरक्षित वापस लाया जायेगा: धालीवाल

रूस में फंसे 8 पंजाबियों को सुरक्षित वापस लाया जायेगा: धालीवाल

 

 

अमृतसर : पंजाब के कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने गुरुवार को कहा कि रूस में फंसे पंजाबी युवकों को सुरक्षित वापस लाया जायेगा। श्री धालीवाल ने कहा कि गत वर्ष 26 और 27 दिसंबर को टूरिस्ट वीजा पर रूस गये करीब सात से आठ युवाओं को रूसी सेना द्वारा पकड़कर रूस-यूक्रेन सीमा पर युद्ध के लिये भेजा जा रहा है, जो बेहद चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि इन युवाओं को पहले रूसी सेना ने पकड़ लिया और प्रताड़ित किया और फिर उन्हें प्रशिक्षित करके यूक्रेन के साथ युद्ध के लिये भेजा जायेगा।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इस संबंध में उन्हें अपने माता-पिता से पता चला है कि उन्हें कुछ दिनों में सीमा पर भेज दिया जायेगा।  धालीवाल ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के तहत, विदेश मंत्रालय और रूस में तैनात भारतीय उच्चायोग से हमने पत्र-व्यवहार किया है और जल्द ही उनसे बात कर रहे हैं। श्री धालीवाल ने कहा कि ये युवक गुरदासपुर, होशियारपुर और हरियाणा के हैं।

उन्होंने कहा कि इन युवाओं को वापस लाने के लिये विदेश मंत्री एस जयशंकर से भी संपर्क स्थापित किया जा रहा है। अगर जरूरत पड़ी तो वह खुद दिल्ली जायेंगे और इन युवाओं को सुरक्षित वापस लाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार उनके परिवारों के साथ चट्टान की तरह खड़ी है और इन युवाओं को बचाने के लिये हर संभव प्रयास किये जायेंगे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *