हिमाचल विधानसभा के बाहर खालिस्तानी झंडे लगाने के आरोप में एक गिरफ्तार
रूपनगरः हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में स्थित विधानसभा भवन के बाहर खालिस्तानी झंडे लगाने के मामले में पुलिस को उस वक्त बड़ी सफलता हाथ लगी जब हिमाचल पुलिस ने बुधवार सुबह 8.30 पर एक युवक को हिरासत में लिया। आरोपी की गिरफ्तारी पंजाब के मोरिंडा से की गई है। यह गिरफ्तारी एसआईटी इंचार्ज आईपीएस विमुक्त रंजन की निगरानी में हुई। पकड़े गए आरोपी की पहचान हरबीर सिंह उर्फ राजू के रूप में हुई है।
पुलिस ने मौके पर वह स्कूटी भी बरामद की है, जिस पर सवार होकर हरबीर हिमाचल में धर्मशाला विधानसभा तक गया था। मौके पर हरबीर के साथ एक और युवक था जो फरार होने में सफल हो गया। हिमाचल पुलिस ने आरोपित को पकड़ने से पहले और पकड़ने के बाद थाना मोरिंडा पुलिस को थाने में जाकर सूचित किया।
बता दें कि 8 मई की सुबह हिमाचल प्रदेश के विधानसभा भवन के बाहर खालिस्तानी झंडे नजर आए। इन झंडों पर खालिस्तान लिखा हुआ था। मामला सामने आने के बाद इन्हें योल पुलिस ने मौके पर जाकर उतार दिया था। पुलिस ने बताया कि यहां के स्थानीय लोगों ने अल सुबह विधानसभा के मेन गेट पर काले झंडे लगने की सूचना दी थी। जिसके बाद पुलिस गहनता से जांच में जुटी हुई थी।








Leave a Reply