मोहाली ब्लास्ट मामले में पलिस को मिली बड़ी कामयाबी, मुख्य आरोपी निशान सिंह अमृतसर से गिरफ़्तार
तरनतारनः मोहाली के सेक्टर-77 स्थित पंजाब पुलिस के इंटेलिजेंस हेडक्वार्टर की बिल्डिंग पर हुए हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने इस वारदात को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी को गत शाम अमृतसर से गिरफ़्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान तरनतारन के गांव कुल्ला निवासी निशान सिंह पुत्र परगट सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ उपरांत निशान सिंह को फरीदकोट से सीआईए स्टाफ द्वारा मोहाली ले जाया गया है।
बता दें कि निशान सिंह के खिलाफ तरनतारन, अमृतसर, फरीदकोट, मोगा, गुरदासपुर जिले में स्नेचिंग, नशा तस्करी और अन्य अपराधों के मामले दर्ज हैं। निशान सिंह फरीदकोट जेल से चार साल सजा काटने के बाद एक महीना पहले ही घर वापस लौटा था।
जिक्रयोग्य है कि इस साजिश का अब पाकिस्तानी कनेक्शन भी सामने आ रहा है। इस हमले के पीछे पाकिस्तान में बैठे कुख्यात गैंगस्टर हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा का हाथ माना जा रहा है। माना जा रहा है कि रिंदा ने ही ड्रोन के जरिए यह रॉकेट लॉन्चर पंजाब भिजवाया। पुलिस अब निशान सिंह से पाकिस्तान में बैठे रिंदा से संपर्क के बारे में पूछताछ कर रही है।
पुलिस को इस मामले में पहला सुराग पिज्जा डिलीवरी से मिला है। सोमवार रात को रॉकेट अटैक से पहले इंटेलिजेंस विंग के एक पुलिस कर्मी ने पिज्जा ऑर्डर किया था। अटैक से पहले वह पिज्जा लेने बाहर आया था। तब संदिग्ध स्विफ्ट कार पार्किंग में खड़ी थी। जब वह पिज्जा लेकर अंदर लौटा तो रॉकेट अटैक हो गया। यह देख वह तुरंत बाहर कार को देखने भागा। तब तक कार वहां नहीं थी। यह कार पिज्जा डिलीवरी करने आए ब्वॉय ने भी देखी थी। पुलिस ने इन दोनों से पूछताछ के बाद ही जांच को आगे बढ़ाया।








Leave a Reply