हिमाचल घूमने गए पंजाब के युवक-युवती की गहरी खाई में कार गिरने से हुई मौत
मुक्तसर साहिबः मुक्तसर जिले में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब हिमाचल घूमने गए जिले के युवक युवती की गहरी खाई में कार गिरने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों घूमने के लिए हिमाचल गए थे, लेकिन जैसे ही वह चंबा का पास पहुंचे तो उनकी कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी और इस हादसे में दोनों की जान चली गई। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची चंबा पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। मृतक युवक की पहचान गुरविंदर सिंह (27) के रूप में हुई है। हादसे का पता पारिवारिक सदस्यों को सोमवार सुबह चला। वहीं, हादसे का पता चलते ही युवक-युवती के परिवार के सदस्य उनके शव लेने के लिए हिमाचल रवाना हो गए हैं।
हादसे की जानकारी देते हुए मृतक के पिता परमजीत सिंह ने बताया कि वह घूमने के लिए हिमाचल गया था और उसकी कार चंबा के नजदीक गहरी खाई में गिर गई, जिस कारण उसकी मौत हो गई। कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। परमजीत सिंह ने बताया कि उसका बेटा ट्रक ड्राइवर का कार्य करता था और वह 4 भाई-बहन हैं, जिनमें 2 बहनें और 2 भाई थे। गुरविंदर सबसे छोटा था, जो अविवाहित था। उन्होंने बताया कि उन्हें जैसे ही इस हादसे का पता चला तो उन्होंने पारिवारिक सदस्यों को हिमाचल के लिए रवाना कर दिया गया।








Leave a Reply