स्वाति मालीवाल ने अरविंद केजरीवाल के PA पर लगाए मारपीट के गंभीर आरोप,जांच के लिए CM हाउस पहुंची दिल्ली पुलिस

स्वाति मालीवाल ने अरविंद केजरीवाल के PA पर लगाए मारपीट के गंभीर आरोप,जांच के लिए CM हाउस पहुंची दिल्ली पुलिस

 

नई दिल्ली  : आप की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निजी सचिव विभव कुमार पर उनके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सोमवार सुबह लगभग 9:30 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को एक कॉल आया, जिसमें फोन करने वाले ने कहा कि वह स्वाति मालीवाल बोल रही है और सीएम हाउस पर सीएम एवं उसके पीए ने उनकी पिटाई की है।

 इसके बाद एक दूसरी कॉल में कहा गया कि सीएम के कहने पर उनके पीए विभव ने उनकी यानी स्वाति मालीवाल की पिटाई की है। सूचना के आधार पर पुलिस कंट्रोल रूम की जिप्सी वहां पहुंची, तो स्वाति मालीवाल ने बताया कि उसके साथ मारपीट हुई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक स्वाति मालीवाल ने अपना मेडिकल कराने से इनकार कर दिया और पुलिस अधिकारियों से कहा कि वह बाद में इस बाबत लिखित में रिपोर्ट देंगी।

BJP ने जम कर साधा निशाना

भाजपा राष्ट्रीय सचिव मनजिंदर सिंह सिरसा ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर चीफ सेक्रेटरी और एमएलए के बाद अब अपनी ही पार्टी की महिला राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल को पिटवाने का आरोप लगाते हुए जमकर निशाना साधा है।

सिरसा ने कहा कि, “अरविंद केजरीवाल के घर से बड़ी सनसनीखेज खबर आ रही है कि स्वाति मालीवाल जो कि राज्यसभा की सांसद हैं, अरविंद केजरीवाल ने अपने पीए विभव से कहकर उनको पिटवाया, उनके साथ मार-पिटाई करवाई। स्वाति मालीवाल ने पुलिस को फोन करके यह जानकारी दी और जब पुलिस वहां पहुंचती हैं तो स्वाति मालीवाल कहती है कि लिखित शिकायत बाद में देंगी।”

सिरसा ने आगे कहा, “स्वाति मालीवाल के साथ मार-पिटाई और इस तरह का दुर्व्यवहार क्यों किया गया? सीएम आवास पर महिलाओं के साथ क्या-क्या किया जाता है? ये सारी बातें बहुत जल्द सामने आएगी, जब स्वाति मालीवाल लिखित में अपनी शिकायत देंगी। पर एक बात स्पष्ट है कि अरविंद केजरीवाल भ्रष्ट भी हैं और औरतों को पिटवाते भी हैं। जैसे चीफ सेक्रेटरी को अपने घर बुलाकर पिटवाया था, जैसे अपने एमएलए को पिटवाया था, वैसे ही स्वाति मालीवाल को पिटवाया। एक महिला जो दिल्ली महिला आयोग की चेयरपर्सन रही हो, जो महिलाओं के अधिकारों की वकालत करती रही हो, वह आज अपनी जान और इज्जत बचाने के लिए पुलिस को फोन कर रही है, आज यह हालात बन गए हैं। अरविंद केजरीवाल औरतों के साथ इस तरह का दुर्व्यवहार कर रहे हैं।”

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *