सिक्किम मे दर्दनाक सड़क हादसा, गहरी खाई में गिरा सेना का ट्रक, 3 जेसीओ समेत 16 जवान शहीद
सिक्किम: सिक्किम में शुक्रवार को उस वक्त बड़ा हादसा हो गया, जब सेना का ट्रक एक गहरी खाई में गिर गया। इस दर्दनाक हादसे में सेना के 3 जेसीओ समेत 16 जवान शहीद हो गए जबकि 4 गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना उत्तरी सिक्किम के जेमा में हुई। दुर्घटनाग्रस्त वाहन तीन वाहनों के काफिले में शामिल था। तीनों वाहन सुबह चटन से थंगू के लिए निकले थे। सेना की रेस्क्यू टीम हेलिकॉप्टर के जरिए शवों और घायल जवानों को बाहर निकाल रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर दुख जताया है और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की है। उन्होंने जान गंवाने वाले जवानों के परिवार को प्रधानमंत्री राहत कोष से 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए देने की घोषणा की। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि वह सैनिकों की मृत्यु से बहुत दुखी हैं। उन्होंने कहा, ‘‘राष्ट्र उनकी सेवा और प्रतिबद्धता के लिए अत्यंत कृतज्ञ है। शोक-संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। घायल जवानों के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, घायलों को उत्तरी बंगाल के एक सैन्य अस्पताल में हवाई मार्ग से ले जाया गया है। दुर्घटना राज्य की राजधानी गंगटोक से लगभग 130 किमी की दूरी पर स्थित लाचेन से लगभग 15 किमी दूर ज़ेमा में सुबह लगभग 8 बजे हुई। चुंगथांग उप-विभागीय पुलिस अधिकारी अरुण थाटल ने बताया कि सेना की गाड़ी 20 जवानों के साथ सीमा पर मौजूद चौकियों की ओर जा रही थी। जेमा पहुंचते ही गाड़ी एक मोड़ पर सड़क से उतर गई और सैकड़ों फीट नीचे गिर खाई में गिर गई।








Leave a Reply