संगरूर में बड़ा हादसाः पीआरटीसी की बस ने सड़क किनारे खड़े स्कूली बच्चों को कुचला, 1 की मौत व तीन गंभीर रूप से घायल
संगरूरः संगरूर में उस समय बड़ा हादसा हो गया जब दिल्ली- लुधियाना मेन रोड पर डिवाइडर पार कर रही छात्राओं को पीआरटीसी की बस ने अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक सड़क हादसे में 1 छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य 3 गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल बच्चों को सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है, जबकि बस का ड्राइवर घटना के बाद से फरार हो गया।
जानकारी अनुसार, घटना आज दोपहर संगरूर के मैहलां चौक के पास हुई है। बताया जा रहा है कि स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौटते समय बच्चे डिवाइडर के पास खड़े रास्ता क्रास करने के इंतजार में थे। लेकिन कैथल से संगरूर लौटी पीआरटीसी की बस ने अपना संतुलन खोया और बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में सातवीं कक्षा की 13 वर्षीय छात्रा अमनदीप कौर पुत्री जगजीवन सिंह की मौके पर मौत हो गई। जबकि 11 वर्षीय बलजिंदर कौर पुत्री हरभजन सिंह, दमनप्रीत कौर पुत्री जगतार सिंह व 8 वर्षीय गुरवीर कौर पुत्री हरभजन सिंह निवासी मैहला चौक गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें राहगीर निर्भय सिंह निवासी खेतला ने अपनी कार के जरिए सरकारी अस्पताल पहुंचाया। इनमें से दमनप्रीत कौर की हालत नाजुक होने के चलते उसे पटियाला अस्पताल रैफर कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने मौके पर पहुंच बस को कब्जे में ले लिया है और ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।








Leave a Reply