लुधियाना में दर्दनाक हादसा, झुग्गी में लगी आग से बिहार के एक ही परिवार के 7 लोग जिंदा जले
लुधियानाः लुधियाना में मंगलवार देर रात हुए दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ताजपुर रोड़ स्थित कूड़े के डंप के निकट बनी झुग्गी में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे के समय झुग्गी के अंदर एक ही परिवार के सात सदस्य सो रहे थे। आग इतनी भयानक थी कि उसने एक दम झुग्गी को अपनी चपेट में ले लिया और परिवार के सदस्यों को अपनी जान बचाने तक का मौका नहीं मिला।
जानकारी अनुसार, यह परिवार बिहार के समस्तीपुर जिले का रहने वाला था। मृतकों में पति-पत्नी समेत उनके 5 बच्चे शामिल हैं। मृतकों की पहचान सुरेश साहनी (55) उसकी पत्नी अरुणा देवी (52), बेटी राखी (15), मनीषा (10), गीता (8), चंदा (5) व बेटे 2 वर्षीय सन्नी के रूप में हुई है। परिवार का बड़ा बेटा राजेश बच गया, जो अपने दोस्त के घर सोने के लिए गया हुआ था।
आग लगने की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड और थाना टिब्बा की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया। वहीं, पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में भिजवा दिया है। पुलिस के अनुसार, आग लगने का कारण या तो शॉर्ट सर्किट हो सकता है या झुग्गी के पास खाना बनाने के लिए बनाया गया चूल्हा। पुलिस के एक अधिकारी ने अपना नाम न छापने की शर्त पर बताया कि झुग्गियों में लाइट की व्यवस्था न होने के कारण कई बार यह लोग बिजली की तारों से सीधी कुंडियां भी लगा लेते हैं, जिस कारण शॉर्ट सर्किट होने के अधिक चांस है। बाकी मामले की जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि आग कैसे लगी।








Leave a Reply