लुधियाना में चाइनीज डोर ने ली एक ओर जान, पिता के साथ एक्टिवा पर जा रहे बच्चे का कटा गला, मौत
लुधियानाः महानगर के अधीन आते गांव गिल स्थित ईशर नगर में उस वक्त दिल-दहला देने वाली घटना सामने आई जब माता-पिता के साथ स्कूटर पर दुगरी जा रहे 6 वर्षीय बच्चे की गर्दन चाइना डोर से कट गई। हादसा गिल कैनाल ब्रिज के पास हुआ। बच्चा स्कूटर पर आगे खड़ा था। बच्चे को निजी अस्पताल ले जाया गया, मगर डाक्टरों की लाख कोशिशों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। हादसे में डोर की चपेट में आने से बच्चे के पिता की बाजू और छाती भी कट गई। मृतक बच्चे की पहचान दक्ष गिरी निवासी ईशर नगर के रूप में हुई है। वहीं, थाना सदर की पुलिस ने बच्चे के माता-पिता की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों को खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में मरने वाले बच्चे दक्ष के पिता ध्रुव गिरी ने बताया कि 15 अगस्त को वह अपने परिवार के साथ स्कूटर पर दुगरी जा रहे थे। दक्ष आगे खड़ा था और पत्नी छोटे बेटे के साथ पीछे की सीट पर बैठी थी। जब वे गिल कैनाल ब्रिज पर पहुंचे तो एक प्लास्टिक की पतंग की डोर दक्ष के गले में फंस गई जिससे उसकी गर्दन पर गहरा घाव हो गया। दक्ष के चीखने की आवाज सुनते ही उसने स्कूटर रोक दिया। ढलान होने के कारण स्कूटर के रुकने में भी समय लगा।
थाना सदर के एसएचओ इंस्पेक्टर गुरप्रीत सिंह ने बताया कि दक्ष के पिता ध्रुव गिरी कार मैकेनिक हैं। स्वतंत्रता दिवस पर छुट्टी होने के कारण दोनों दुगरी इलाके में सामान खरीदने के लिए एक्टिवा पर गए थे। दक्ष स्कूटी के आगे खड़ा हुआ था। इस दौरान रास्ते में जीएनई कॉलेज के पास एक दम से प्लास्टिक डोर आगे आ गई और दक्ष की गर्दन कट गई। जब तक उसे अस्पताल पहुंचाया तब तक काफी खून बह चुका था।








Leave a Reply