लुधियानाः कपड़े के शोरूम में लगी भीषण आग, लाखों रूपए का सामान जलकर हुआ राख
लुधियानाः लुधियाना के अधीन आते बाबा थान सिंह चौक के पास नवां मोहल्ला में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब यहां स्थित कपड़े के शोरूम में भीषण आग लग गई। आग शोरुम की दूसरी मंजिल पर लगी थी। आग इतनी भयंकर थी कि इसकी लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थी। आग लगने की सूचना स्टोर के कर्मचारियों ने तुरंत दमकल विभाग और शोरूम के मालिक को दी। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की 3 गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। हालांकि शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
घटना संबंधी जानकारी देते शोरूम के मालिक ने पुलिस को बताया कि आग लगने से उनके शोरूम में पड़ा लाखों रूपए का सामान जलकर राख हो गया है। उन्होंने बताया कि बाबा थान सिंह चौक के पास उनका ऑक्टेव कंपनी का रेडीमेड गारमेंट शोरूम है। वीरवार रात को वह शोरूम को बंद करके घर चले गए थे कि देर रात अचानक शोरूम में आग लग गई। आसपास के लोगों ने शोरूम के अंदर से धुआं निकलता देख शोर मचाया और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी। वहीं आग लगने की सूचना दमकल विभाग को दी मौके पर पहुंचे दमकल विभाग केो कर्मचारियों ने आसपास की छतों पर जाकर आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि आग लगने से कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है।
घटनास्थल पर संबंधित थाना पुलिस के कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मौके पर पहुंच लोगों की भीड़ को खदेड़ा। पुलिस ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आग शॉर्ट सर्किट होने के कारण लगी है।








Leave a Reply