यमुना एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक सड़क हादसा, एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत, पीएम मोदी ने जताया शोक
उत्तर प्रदेशः मथुरा के थाना नौहझील इलाके में यमुना एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादासा हो गया। इस दर्दनाक सड़क हादसे में 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि हादसा थाना नौहझील इलाके के माइल स्टोन 68 पर आगरा से नोएडा की तरफ जा रही कार आगे चल रहे अज्ञात वाहन से टकरा गई। टक्कर इतना भयंकर थी कि कार सवार 3 महिलाओं सहित सात की मौत हो गई मृतकों में एक बच्चा भी शामिल है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तुरंत उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी अनुसार, कार में एक ही परिवार के 9 लोग सवार थे। ये सभी मूलरूप से हरदोई के संडीला क्षेत्र के गांव बहादुरपुर के रहने वाले थे। और शादी में शामिल होने के लिए हरदोई आए थे,कि हादसे का शिकार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेज रफ्तार से चल रही कार आगे चल रहे वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि हादसे में कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को एक्सप्रेस-वे से हटवाया।
इस घटना पर पीएम मोदी ने भी गहरा दुख जताया है। उन्होंने अपने ट्वीट संदेश में कहा कि उत्तर प्रदेश के मथुरा में हुई सड़क दुर्घटना हृदयविदारक है। इस हादसे में जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। इसके साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। मथुरा के इस दर्दनाक हादसे में सीएम योगी ने भी दुख जताया है। उन्होंने घायलों को बेहतर इलाज के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।








Leave a Reply