मान सरकार का एक और बड़ा फैसला, पूर्व मंत्री और विधायकों को दी गई सरकारी सुरक्षा वापस लेने के दिए आदेश
चंडीगढ़ः पंजाब में एतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद मान सरकार एक के बाद एक कड़े फैसले लेकर लोगों के दिलों पर राज करती नजर आ रही है। मान सरकार ने राज्य की 184 शख्सियतों की सुरक्षा पर कट लगाया है इसमें अकाली दल, कांग्रेस और भाजपा विधायकों के नाम भी शामिल हैं। बता दें कि इस बार जिन लोगों की सुरक्षा वापस ली गई है उनमें दर्जनभर से ज्यादा पूर्व मंत्री व पूर्व संसद सदस्य शामिल हैं।
जानकारी अनुसार, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के परिवार की सुरक्षा में तैनात कर्मचारियों और पूर्व आइपीएस अधिकारियों की सुरक्षा में तैनात कर्मचारियों को भी वापस बुला लिया गया है। वही पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा, पूर्व कैबिनेट मंत्री सुच्चा सिंह छोटेपुर और पूर्व कैबिनेट मंत्री बीबी जागीर कौर की सिक्योरिटी भी वापस ले ली है। पंजाब सरकार का मानना है कि इन लोगों की सुरक्षा पर करोड़ों रूपए का खर्च आता है, जिस पर सख्त एक्शन लेते हुए पंजाब सरकार ने यह फैसला किया है।
गौरतलब है कि बीते मार्च माह में भी 400 से ज्यादा अलग-अलग बटालियनों व कमांडो फोर्सेस के कर्मचारी जो वीआइपीज की सुरक्षा में लगे थे उन्हें वापस लिया गया था। सबसे ज्यादा सिक्योरिटी पंजाब की पूर्व सरकार में मंत्री रहे अमरिंदर सिंह राजा वाडिंग और वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल से वापस ली गई थी। एडीजीपी सुरक्षा की ओर से इस संबंधी आदेशों की प्रतियां स्पेशल डीजीपी स्टेट आर्म्ड पुलिस, कमांडेट जनरल पंजाब होम गार्ड एडं डायरेक्ट सिविल डिफेंस पंजाब, एडीजीपी एसपीयू, एसओजी, सीडीओ, सभी रेंजों के आइजीपी को भेजी गई हैं। और इन आदेशों पर तत्काल प्रभाव से काम करने को कहा गया है।








Leave a Reply