पूर्व कांग्रेसी मंत्री आशु से जुड़े टैंडर घोटाले की दो अहम फाइल गायब, विजिलेंस के मांगने के बाद हुआ खुलासा
चंडीगढ़ः पंजाब के पूर्व कांग्रेसी मंत्री भारत भूषण आशु के टेंडर घोटाले मामले में जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है। दरअसल, टेंडर घोटाले से जुड़ी अब 2 अहम फाइलें गायब हो गई हैं। इनमें से एक फाइल वो है जिसमें राकेश सिंगला को सेंट्रल विजिलेंस कमेटी का चेयरमैन बनाया गया है और दूसरी उसे टेंडर अलॉटमेंट कमेटी का चेयरमैन बनाने की है।
जानकारी अनुसार, उक्त दोनों फाइलें फूड एवं सिविल सप्लाई विभाग से गायब हो चुकी हैं। इस बात का खुलासा तब हुआ जब विजिलेंस ने विभाग से इन दोनों फाइलों की मांग की। करीब एक हफ्ता हो गया लेकिन फाइलों का अता पता नहीं है। अब विभाग के सभी कर्मचारियों से इस बात के सर्टिफिकेट लिए जा रहे हैं कि फाइलें नहीं मिल सकतीं। इसके बाद पुलिस द्वारा केस दर्ज किया जाएगा।
गौरतलब है कि राकेश सिंगला भी करोड़ों के टेंडर घोटाले का आरोपी है। हालांकि वह घोटाले की जांच का पता चलते ही विदेश भाग गया। आम आदमी पार्टी सरकार ने कुछ दिन पहले ही सिंगला को डिप्टी डायरेक्टर के पद से बर्खास्त कर दिया। सिंगला ने सेवा में रहते कनाडा की नागरिकता ले ली थी।वहीं अगर आशु की बात की जाए तो ईडी उन पर मनी लांड्रिंग का भी केस दर्ज कर सकती है। ई.डी. ने विजिलेंस से भी उनके केस की सारी फाइलें मांगी हैं। इतना ही नहीं उनके ट्रांसपोर्टेशन घोटाले की भी सारी डिटेल मांगी है।








Leave a Reply