पंजाब पुलिस के हाथ लगी बड़ी कामयाबी, मध्य प्रदेश से लाई गई 5 किलो अफीम समेत 3 नशा तस्कर गिरफ्तार
पठानकोटः पंजाब में नशे के खिलाफ चलाई गई मुहिम के तहत पठानकोट पुलिस को उस वक्त बड़ी सफलता हाथ लगी, जब पुलिस ने 3 अंतर्राज्यीय अफीम तस्करों को 5 किलो अफीम के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गुरदत्त सिंह उर्फ गीतू, नरवेल सिंह और कश्मीर सिंह तीनों निवासी कपूरथला के रूप में हुई है। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस संबंधी जानकारी देते एसएसपी हरकमलप्रीत सिंह खख ने बताया कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और डीजीपी पंजाब गौरव यादव के निर्देश पर पठानकोट पुलिस क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस को सूचना मिली थी कि 3 तस्कर मध्य प्रदेश से अफीम को पठानकोट ले जाने की कोशिश कर रहे हैं और पठानकोट के सुंदरचक मोड़ के पास अपने ग्राहकों को बेचने जा रहे हैं। सीआईए पठानकोट के प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुरिंदर सिंह के नेतृत्व में एक पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस उपाधीक्षक रविंदर कुमार रूबी की देखरेख में सघन तलाशी ली और तस्करों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से 5 किलो अफीम बरामद की गई है।
उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गुरदत्त सिंह उर्फ गीतू मध्य प्रदेश से अफ़ीम और चूरा पोस्त की तस्करी करता था। उसके खिलाफ पंजाब के विभिन्न थानों में कई मामले पहले से ही दर्ज हैं। पहले वह चूरा पोस्त बेचने के अवैध धंधे में भी शामिल था, जिसे वह जम्मू-कश्मीर और मध्य प्रदेश से मंगवाता था। खख ने कहा कि पकड़े गए आरोपियों को मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर रिमांड की मांग की जाएगी ताकि आरोपियों के इस पूरे नेटवर्क को तोड़ा जा सके।








Leave a Reply