धीरेंद्र शास्त्री को मिली जान से मारने की धमकी, गृहमंत्री ने दिए जांच के आदेश

 धीरेंद्र शास्त्री को मिली जान से मारने की धमकी, गृहमंत्री ने दिए जांच के आदेश

 

 

छतरपुर : देश में इन दिनों सबसे ज्यादा चर्चाओं में कोई है तो वह है मध्यप्रदेश के गढ़ा के बागेश्वर धाम के शास्त्री धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री। इन्हें जान से मारने की धमकी दी गई है और यह धमकी भरा फोन इनके भाई लोकेश गर्ग के मोबाइल फोन पर दी गई है।

धीरेंद्र शास्त्री के भाई लोकेश गर्ग द्वारा बमीठा थाने में दर्ज कराई गई एक शिकायत में कहा गया है कि उनके पास एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया, जिसमें दूसरी तरफ से कहा गया कि बागेश्वर वाले धीरेंद्र शास्त्री से बात कराओ, जब इसका जवाब मैंने दिया कि धीरेंद्र शास्त्री से बात कराना संभव नहीं है तो दूसरी तरफ से व्यक्ति बोला कि उनकी तेरहवीं की तैयारी कर लेना, मैंने बोला क्यों और आप कौन बोल रहे हैं, मैं आपको नहीं जानता तो वह बोला मैं अमर सिंह बोल रहा हूं। धीरेंद्र कि तेरहवीं की तैयारी कर लेना और फोन काट दिया।

बताया गया है कि लोकेश बागेश्वर धाम के शास्त्री धीरेंद्र के चचेरे भाई हैं। लोकेश की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। वहीं, इस मामले पर प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। साइबर सेल को भी जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शिकायत पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

ज्ञात हो कि इन दिनों धीरेंद्र शास्त्री चर्चाओं में है और जगह-जगह उनकी राम कथाएं हो रही हैं, जिनमें वे लोगों के जीवन से जुड़ी बातों का खुलासा भी कर रहे हैं। इसके चलते उनके आयोजनों में बड़ी तादाद में लोग पहुंच रहे हैं।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *