दिल्ली के चांदनी चौक के थोक बाजार में लगी भीषण आग, 50 से ज्यादा दुकानें जलकर हुई खाक
नई दिल्लीः राजधानी दिल्ली के चांदनी चौक में थोक बाजार भागीरथ पैलेस इलाके में भीषण आग लगने से 50 से अधिक दुकानें जलकर खाक हो गईं। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि वीरवार देर शाम लगी इस आग पर कड़ी मशक्कत के बाद काबू पा लिया गया है। उन्होंने बताया कि घटना में अभी तक किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। दमकल विभाग ने बताया कि आग लगने की सूचना उन्हें रात 9 बजकर 19 मिनट पर मिली थी। जिसके बाद दमकल विभाग की 40 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। फिलहाल, दमकल विभाग की 20 गाड़ियां अभी भी कूलिंग ऑपरेशन के लिए काम कर रही हैं।
अधिकारियों ने बताया कि बाजार में एक दुकान में आग लग गई थी, जो तुरंत ही बाकी दुकानों में फैल गई। सभी दुकानें बिजली के उपकरणों की है। हालांकि आग लगने की वजह अभी तक पता नहीं चल पाई है। आग लगने से वहां करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है।
जिस बाजार में आग लगी है, उसे एशिया का सबसे सस्ता बाजार भी कहा जाता है। यहां थोक के भाव में इलेक्ट्रॉनिक सामान और दवाएं मिलती हैं। भागीरथ पैलेस मार्केट में दिवाली की लाइट्स बेहद सस्ते दामों में मिलती हैं। इसे एशिया के सबसे बड़े मार्केट में शुमार किया गया है। यहां सजावट के लिए इस्तेमाल होने वाली लाइट्स काफी कम दाम में मिल जाती हैं। बाजार में चीनी और जापानी लाइट्स की काफी खरीदारी होती है। इसके साथ ही भागीरथ पैलेस मार्केट दवा का भी थोक बाजार है। इसे दवाओं के लिए दिल्ली का सबसे बड़ा थोक बाजार भी कहा जाता है। भागीरथ पैलेस मार्केट संकरी गलियों में है यहां करीब 2000 दुकानें हैं।








Leave a Reply